फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Aligarh News ›   Rahul Gandhi Priyanka Gandhi Bharat Jodo Nyaya Yatra in Aligarh

Bharat Jodo Nyay Yatra: राहुल-प्रियंका गांधी का अलीगढ़ में हुआ जबरदस्त स्वागत, उमड़ी भीड़

Mon, 26 Feb 2024 03:15 AM IST
चमन शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़
अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़ Published by: चमन शर्मा Updated Mon, 26 Feb 2024 03:15 AM IST
सार

बेशक राहुल प्रियंका अपनी बात कह गए। उनके स्वागत के लिए ठीकठाक भीड़ जुट गई। इसे देखकर कांग्रेस व इंडिया घटक में एक जोश व उत्साह का संचार देखने को मिला। मगर खेमों में बंटी कांग्रेस में खींचतान मौके पर भी दिखी। ऐसे में सवाल यही खड़ा हो रहा है कि वर्ष 2002 में आखिरी बार विधानसभा चुनाव और 2004 में लोकसभा जीती कांग्रेस 20 वर्ष बाद अपनी खोई हुई जमीन कैसे बचा पाएगी। 

विज्ञापन
Rahul Gandhi Priyanka Gandhi Bharat Jodo Nyaya Yatra in Aligarh
राहुल गांधी अलीगढ़ में संबोधित करते हुए - फोटो : संवाद

विस्तार

भारत जोड़ो न्याय यात्रा लेकर 25 फरवरी को शहर में पहुंचे कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सांसद राहुल गांधी ने कहा भाजपा देश में नफरत फैलाने का काम कर रही है। हम उसी नफरत के सामने न्याय यात्रा के सहारे देश को जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश में वर्तमान में नरेंद्र मोदी, अमित शाह और अदाणी सरकार चला रहे हैं। तीनों देश की 90 प्रतिशत आबादी की जेब काटने और देश को बांटने का कार्य कर रहे हैं।

विज्ञापन


भारत जोड़ो यात्रा में रोड शो के दौरान शमशाद मार्केट चौराहे पर कार की छत से ही जनसमूह को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने सबसे पहले यात्रा के स्वागत पर धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि पिछली यात्रा में एक युवक पुलिसकर्मियों से तीन बार जद्दोजहद कर मेरे पास पहुंचा। उसने कहा कि मैं जानता हूं, आप क्या कर रहे हैं। आप नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोल रहे हो। उसके बाद यह नारा यात्रा में जोड़ा गया। इस नारे से अब जनता समझ चुकी है। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान लोगों से पूछा कि देश में नफरत, हिंसा क्यों फैल रही है। तो किसान मजदूरों सहित लोगों ने बताया कि हिंसा और नफरत का मुख्य कारण अन्याय है। देश में गरीबों, छोटे दुकानदारों, किसानों, मजदूरों, युवाओं के साथ 24 घंटे अन्याय होने के साथ नफरत और हिंसा फैलाई जा रही है। इसीलिए दूसरी यात्रा को भारत जोड़ो न्याय यात्रा कर दिया है। 
विज्ञापन


200 कारोबारों की सूची में 90 फीसदी आबादी में से एक भी मालिक नहीं 
पिछड़े, अनुसूचित व अल्पसंख्यकों की 88 से 90 प्रतिशत आबादी को साधते हुए राहुल गांधी ने कहा कि देश में सबसे बड़े 200 कारोबारों की सूची में 90 प्रतिशत आबादी में से एक भी मालिक नहीं है। नर्सिंग होम, डॉक्टरों, आईएएस सर्विस में 90 प्रतिशत आबादी की कोई उचित भागीदारी नहीं है। इस आबादी की भागीदारी मनरेगा, मजदूर, सफाई कर्मचारी जैसी निम्न श्रेणी में देखने को मिलती है। देश की जेलों में मिलती है। बड़े लोग जेल भी नहीं जाते हैं। देश के प्रधानमंत्री ने चंद कारोबारियों का 16 लाख करोड़ रुपये का कर्ज माफ कर दिया है। वहीं पिछड़े, गरीब, किसान सहित अन्य वर्ग में कर्ज माफी के नाम पर मजाक किया गया है। 
विज्ञापन
विज्ञापन

यात्रा
सीबीआई, ईडी जैसी एजेंसी अमित शाह का डंडा 
राहुल ने कहा कि देश में एक तरफ नरेंद्र मोदी बैठे हैं। दूसरी तरफ अदाणी, तीसरी तरफ अमित शाह हैं। अगर किसी की जेब काटना चाहते हैं तो उस आदमी को इधर-उधर दिखाते हैंं और उसकी जेब काटते हैं। जो देश की जेब काट रहा है उसका नाम अदाणी है। राहुल ने कहा कि डंडा लेकर अमित शाह खड़ा हुआ है। सीबीआई, ईडी जैसी एजेंसी अमित शाह का डंडा है। अगर किसी ने भी सरकार का विरोध करने की कोशिश की, तो अमित शाह उसको अपना डंडा मारेगा।

यूपी की परीक्षाएं धंधा : राहुल 
राहुल गांधी ने यूपी की परीक्षाओं को धंधा करार देते हुए कहा कि आज का युवा पढ़ाई करके कंपटीशन की तैयारी कर रहा है और परीक्षा देने के लिए जाता है। तो उसे परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने की जानकारी मिलती है। मेहनत करने वाले युवा को रोजगार नहीं मिल पा रहा है। परीक्षाओं के प्रश्नपत्र सरकार ही लीक करा रही है। उन्होंने कहा कि देश का युवा सेना में जाने के लिए तैयारी करता है। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सेना भर्ती में भी एक नई योजना अग्निपथ ले आए हैं। जिसमें शहादत के दो मानक बना दिए हैं। जब सेना में तैनात जवान शहीद होता था। तो उसे शहीद का दर्जा दिया जाता है। लेकिन अग्निपथ के तहत जवान तैनाती के दौरान शहीद होगा, तो उसे शहीद का दर्जा नहीं मिलेगा। कहा कि पूर्व में जो लोग सेना में रहकर देश सेवा करते थे। उन्हें सम्मान मिलने के साथ पेंशन व कैंटीन की सुविधा उपलब्ध कराई जाती थी। लेकिन भाजपा की केंद्र सरकार ने यह सभी सुविधाएं छीन ली हैं। एक समय सीमा के बाद जो भी अग्निवीर निकाले जाएंगे वह सारे गरीब होंगे।

अगली बार आऊं तो अलीगढ़ के युवा बताएं हम मोबाइल बना रहे हैं  

युवाओं को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा कि वर्तमान केंद्र सरकार ने नोटबंदी कर और जीएसटी लगाकर छोटे व्यापार और हैंडीक्राफ्ट, ब्रास के कारोबार को ठप कर दिया है। आज जो हिंदुस्तान के बाजार में मोबाइल फोन की बिक्री हो रही है। उससे या तो चीन के युवाओं को फायदा है या हिंदुस्तान के अंदर अदाणी को फायदा है। मैं चाहता हूं कि आगामी समय में पिछड़े, आदिवासी, अल्पसंख्यकों की 90 प्रतिशत आबादी इस फोन को हिंदुस्तान में ही बनाए। उन्होंने कहा कि अलीगढ़ के युवाओं से आह्वान है, कि मैं आने वाले चार या पांच साल में अलीगढ़ आऊं तो युवा बताएं कि हम मोबाइल बना रहे हैं और मोबाइल के पीछे मेड इन अलीगढ़ लिखा है। तो मुझे काफी गर्व की अभिभूति होगी। इस मौके पर प्रियंका गांधी, दीपेंद्र हुड्डा, अराधना मिश्रा मोना भी उनके साथ गाड़ी पर मौजूद रहीं।
सपाई
भारत जोड़ो यात्रा में नहीं दिखी एकजुटता, मौके पर हुई खींचतान
बेशक राहुल प्रियंका अपनी बात कह गए। उनके स्वागत के लिए ठीकठाक भीड़ जुट गई। इसे देखकर कांग्रेस व इंडिया घटक में एक जोश व उत्साह का संचार देखने को मिला। मगर खेमों में बंटी कांग्रेस में खींचतान मौके पर भी दिखी। ऐसे में सवाल यही खड़ा हो रहा है कि वर्ष 2002 में आखिरी बार विधानसभा चुनाव और 2004 में लोकसभा जीती कांग्रेस 20 वर्ष बाद अपनी खोई हुई जमीन कैसे बचा पाएगी। 

कांग्रेस के दोनों खेमों ने अपने अपने तरीके से भीड़ जुटाने का पूरा प्रयास किया। मौके पर भी देखने को मिला। रोड शो के शुरुआती केंद्र पर एक मंच संगठन ने बनाया, जिस पर सभी पहुंचे। वहीं राहुल प्रियंका को यात्रा शुरू करनी थी। उसके ठीक सामने एक अन्य कैंप दूसरे खेमे ने बनाया। दोनों आमने सामने से नारेबाजी करते रहे। यात्रा के आने पर भी करीब जाने को लेकर दोनों खेमों में खींचतान देखने को मिली। जब किसी स्थानीय को राहुल प्रियंका के साथ गाड़ी पर सवार होने का मौका नहीं मिला तो सभी साथ चलने को मजबूर हुए। जब यात्रा शमशाद चौराहे पर पहुंची तो वहां भी दो मंच आमने सामने दिखे। एक महिला कांग्रेस ने तैयार कर रखा था। दूसरा उसके ठीक सामने दूसरे खेमे की ओर से बनवाया गया। ऐसे में सवाल यही खड़ा हो रहा है कि 2004 में आखिरी बार लोकसभा और 2007 में आखिरी बार विधान सभा जीतने के बाद आज तक जीत का स्वाद न चख सकी पार्टी आखिर कैसे अपनी खोई हुई जमीन वापस ले पाएगी। 
यात्रा
पश्चिमी यूपी भर के मुस्लिम-किसान नेता दिखे साथ

इस यात्रा के दौरान पश्चिमी यूपी में अपना अपना प्रभाव रखने वाले किसान व मुस्लिम नेता साथ दिखे। इस दौरान सहारनपुर से इमरान मसूद, योगेंद्र यादव, लोकदल के सुनील सिंह, सपा के जमीरउल्लाह, बिजेंद्र सिंह सहित तमाम नेताओं ने राहुल प्रियंका का यहां स्वागत किया।

योगेंद्र यादव ने खेरेश्वर पर की मुलाकात
किसान नेता योगेंद्र यादव सुबह पहले अटलपुर पर चल रहे किसानों के धरना स्थल पर पहुंचे। वहां से वे खेरेश्वर पर आ गए, जहां उन्होंने अलीगढ़ से हाथरस जाते समय राहुल गांधी से मुलाकात की। राहुल गांधी ने कुछ देर रुककर योगेंद्र यादव से बातचीत की और फिर आगे रवाना हो गए।

रोड शो के बाद खुद गाड़ी चलाकर ले गए राहुल

रोड शो में आने से पहले राहुल गाड़ी में बैठे थे, जबकि ड्राइविंग सीट पर कोई और सवार था। मगर जब रोड शो समाप्त हुआ तो वे अंदर जाते समय खुद ड्राइविंग सीट पर आ गए और खुद ही गाड़ी चला कर ले गए।

अर्से बाद कांग्रेस के होर्डिंग-बैनरों से पटा इलाका
इस यात्रा को लेकर कई दिन से तैयारी चल रही थी। यात्रा अनूपशहर रोड से जवां के रास्ते शहर में आई। सबसे पहले छेरत पर स्वागत हुआ। इसके बाद एफ एम टावर पर सेवादल ने मोर्चा संभाला और यात्रा जमालपुर पहुंची। जहां से रोड शो शुरू हुआ। शमशाद तक रोड शो चला। यहां से काफिला तस्वीर महल, नुमाइश रोड, जीटी रोड, सारसौल, नादा व खेरेश्वर होकर बाईपास से हाथरस रवाना हो गया। पूरा इलाका होर्डिंग बैनरों से पटा दिखाई दिया। कलेक्ट्रेट के सामने कटआउट लगे थे। यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवासन ने एक दिन पहले इसकी तैयारी की थी।
यात्रा
समय की पाबंदी भी हावी दिखी राहुल-प्रियंका के ऊपर
लंबे समय से जिले में जमीन तलाश रही कांग्रेस और उससे जुड़े गठबंधन के घटक दलों ने भारत जोड़ो न्याय यात्रा के स्वागत में एड़ी चोटी का जोर लगाया। मगर सुबह का समय होने के कारण अल्पसंख्यक इलाके में उम्मीद के अनुसार भीड़ का जमावाड़ा नहीं हो सका। दूसरा राहुल-प्रियंका की आगरा में पहुंचने की जल्दी ने कार्यक्रम में वो उत्साह नहीं होने दिया, जिसकी उम्मीद थी। बता दें कि जमालपुर से शमशाद तक का अल्पसंख्यक बाहुल्य इलाका है, जो दिन में गुलजार रहता है। इस इलाके में सुबह के समय भीड़ घरों से नहीं निकल पाई। इसलिए भी भीड़ कम रही। एएमयू के आसपास जरूर भीड़ देखने को मिली। इस दौरान एक खेमे से विवेक बंसल की अगुवाई में स्वागत के इंतजाम थे। दूसरी ओर से जिला संगठन, महिला कांग्रेस, प्रांतीय नेता योगेश दीक्षित की अगुवाई में स्वागत के इंतजाम थे।

स्वागत में ये नेता रहे मौजूद
राहुल-प्रियंका के स्वागत में कांग्रेस दिग्गजों ने अपने अपने अनुसार ताकत झोंकी। इस दौरान पूर्व विधायक विवेक बंसल की अगुवाई में जमालपुर पर काफिला रुकते ही जबरदस्त स्वागत हुआ। इनके साथ ही प्रांतीय नेता योगेश दीक्षित, जिलाध्यक्ष संतोष सिंह की अगुवाई में स्वागत हुआ। इस मौके पर अविनाश पांडे, तोकीर आलम, महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महामंत्री प्रतिमा सिंह, अल्का लांबा, सुप्रिय श्रीनेत, पनूम पांडेय, ऋचा शर्मा, रेखा शर्मा, महानगर अध्यक्ष अनवर अकील, अजय शर्मा, युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष संजय यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष रूपेश पाठक, सेवादल जिला संगठन आलोक गौड़, सलमान इम्तियाज, अमित उपाध्याय रिंकू, सीपी गौतम, अनुज उपाध्याय, उपेंद्र शर्मा, गौरांग देव चौहान, शिवम शर्मा, शुभम सिंह, मो.रेयान, तल्हा अबरार, वसीम अहमद, श्यौराज जीवन, राजेश राज जीवन, गिरवर शर्मा, परवेज अहमद, जियाउर्रहमान आदि कांग्रेसी मौजूद रहे। सेवादल ने व्यवस्थाओं को संभाला। 

ये घटक दलों के नेता रहे मौजूद
सपा से पूर्व सांसद चौ.बिजेंद्र सिंह, जिलाध्यक्ष लक्ष्मी धनगर, पूर्व विधायक जमीरउल्लाह, सुमंत किशोर सिंह, मनोज यादव, महानगर अध्यक्ष अब्दुल हमीद घोषी, काशिफ आब्दी, बाबा फरीद आजाद, आमिर आबिद, आप से इमरान, विनोद पांडेय आदि मौजूद रहे। लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील सिंह अपनी पूरी टीम के साथ मौजूद रहे। पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष, गिरवर शर्मा, कांग्रेस नेता आगा यूनुस, अकराबाद से ठा.धीरेंद्र सिंह, सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष गिरीश यादव, अहमद सईद सिद्दीकी, एआईसीसी परवेज अहमद, हेमंत शर्मा टोटो आदि भी रहे।

युवा प्रदेशाध्यक्ष ने किया स्वागत

पश्चिमी उत्तर प्रदेश  युवा कांग्रेस नव नियुक्त  प्रदेश अध्यक्ष पारस शुक्ला ने ने अलीगढ़ में यात्रा का स्वागत किया। इस दौरान वे राहुल गांधी से मिले। इस दौरान पारस शुक्ला ने कहा कि युवाओं की शक्ति के आगे सरकार को झुकना पड़ेगा। यात्रा से युवाओं को काफी जोश है और इसका फायदा लोकसभा चुनाव में मिलेगा। पारस शुक्ला के साथ बरेली ,मुरादाबाद, अलीगढ़ में युवक कांग्रेस के साथियों ने हिस्सा लिया ।

पुलिस से होती रही झड़प, लगा जाम
यात्रा के दौरान पुलिसकर्मी कांग्रेसियों को रोकते टोकते रहे। जिसे लेकर कई बार झड़प, खींचतान, धक्का-मुक्की तक हुई और कई बार झड़प के हालात बने। इसी बीच अव्यवस्थाओं के चलते यात्रा से पहले व बाद में में जमालपुर में घंटों जाम के हालात रहे।
यात्रा
मणिपुर तक से यात्रा के साथ चल रहा परिवार
इस दौरान एक परिवार ऐसा भी आया जो मणिपुर से यात्रा के साथ चल रहा है। मणिपुर निवासी कारोबारी राकेश पांडेय, अपनी योगा शिक्षक बेटी तृप्ती पांडेय व पत्नी सीमा पांडेय के साथ यात्रा में तेरह फरवरी से शामिल हुए हैं। वे अब कश्मीर तक साथ जाएंगे। उन्होंने बताया कि जो देश में हालात हैं, उसके खिलाफ वे यात्रा के साथ हैं। पिछली यात्रा में भी वे साथ रहे थे।

एएमयू छात्रों के सवालों के नहीं मिले जवाब
शमशाद मार्केट पर एएमयू छात्रों की ओर से कुछ बैनर दिखाए गए, जिन पर वी हेव ए क्वेश्चन लिखा हुआ था। मगर पूरे संबोधन में राहुल ने उस ओर न तो कोई इशारा किया और न जवाब दिया। इस मौके पर वकास, मो.सलमान, आरिफ, राहुल, सलमान, सौरभ, अजीम, पारस, वारिस, नदीम, गुलाम आदि थे। हाईकोर्ट बैंच संबंधी पोस्टर भी लहराए :इस दौरान रास्ते में अधिवक्ता शाहिद व उनके साथी नागेंद्र की ओर से पश्चिमी यूपी में हाईकोर्ट बैंच स्थापना को लेकर भी पोस्टर लहराए गए।

प्रियंका गांधी ने कहा, युवाओं को रोजगार से सम्मान मिलेगा, तभी देश का सम्मान बढ़ेगा
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने देश के सम्मान और बेरोजगारी पर सवाल उठाते हुए कहा कि देश के हालात आपको समझने होंगे। अपने सम्मान का ध्यान आपको रखना होगा। उन्होंने सवाल उछालते हुए कहा जब तक युवाओं को रोजगार नहीं मिलेगा, तब तक उन्हें सम्मान नहीं मिलेगा। इसलिए आपको अबकी बार अपने सम्मान के लिए वोट करना होगा। 

शमशाद चौराहे पर ही उन्होंने अपने संबोधन में कहा मैं सीधी बात करती हूं। आपकी आज की परिस्थिति क्या है। क्या आप देश की राजनीति को गहराई से समझ पा रहे हैं। या नहीं समझ पा रहे हैं। देश में करीब दस वर्ष से भाजपा सरकार है। सरकार क्या कर रही है, मीडिया भी दिखा रहा है। देश में बड़े बड़े आयोजन हो रहे हैं। हाल ही में जी-20 हुआ और भी आयोजन हो रहे हैं। कहा जाता है कि देश का मान सम्मान बढ़ रहा है। हम भी देश वासी हैं, हम भी यह देख व सुनकर खुश होते हैं। मगर मैं पूछना चाहती हूं कि क्या देश का मान सम्मान देश के नौजवाबन, पुलिसकर्मी या छात्रों से नहीं जुड़ा है। उनकी महत्वाकांक्षाओं, उम्मीदों से नहीं जुड़ा है। रोजगार नहीं मिलना चाहिए। जब आपका मान बढ़ेगा, तभी देश का बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है। पीएसयू तक बेचे जा चुके हैं। सब अदाणी को दे चुके हैं। गरीब तबके व आम जनता को क्या फायदा हो रहा है। इन्हीं बातों को समझो, सवाल पूछो। किसान सड़क पर बैठा है। गन्ना खरीद का दाम आठ वर्ष में 55 रुपये बढ़ा है। उन्होंने कहा कि जब आप दुकान जाते हो, सब्जी, फल खरीदने कुछ बनाने के लिए तो आपको क्या मिलता है। दाम कितने महंगे हो गए हैं। तेल, गैस, सब्जी आदि कुछ भी हो, सभी महंगा हो गया है।  मैं सिर्फ इतना चाहती हूं। आप लोग अपनी भलाई देखो, अनुभव से समझो, गहराई से समझो और आज राजनीति गुमराह कर रही है। सोच समझ कर आगे चलेंगे, अपने भविष्य के लिए वोट देंगे। अंत में अपनी बात को विराम देते हुए उन्होंने भाई को बोलने का मौका दिया।
 

जब राहुल ने आंकड़ों और गाड़ी पर तीन युवकों को खड़ा कर समझाए लोग 

कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने देश के जातीय आंकड़ों के जरिये और अपनी गाड़ी के बोनट पर तीन युवकों को खड़ा कर लोगों को अपनी बात समझाई। कहा कि किस तरह 90 फीसदी आबादी को देश में भागीदारी से दूर रखा जा रहा है। राहुल गांधी ने बताया कि देश में 50 फीसदी पिछड़े, 15 फीसदी अनुसूचित जाति, 15 फीसदी अल्पसंख्यक व आठ फीसदी आदिवासी रहते हैं। इस तरह 88 से 90 फीसदी यह वर्ग है। कुछ गरीब सामान्य श्रेणी के लोग हैं। लेकिन ये 90 फीसदी लोग किस भागीदारी या भूमिका में हैं, ये आप खुद देख लें।
यात्रा
 उन्होंने कहा कि देश के टॉप 200 औद्योगिक मालिकों, उनके प्रबंध तक में यह वर्ग नहीं है। इस 90 फीसदी वर्ग के लिए जो लोग बजट बनाते हैं, उनमें मात्र 3 ओबीसी, 3 अनुसूचित जाति से व एक अल्पसंख्यक है। अब समझ सकते हैं कैसे बजट कंट्रोल होता होगा। यूपी की बात करें तो 62 अफसर बजट बनाते हैं, जिसमें 4 फीसदी ओबीसी, 6 फीसदी अनुसूचित जाति से हैं। बाकी किसी की कहीं कोई भागीदारी नहीं है। आप सिर्फ जेलों में रहने के लिए, मनरेगा व ठेका श्रमिकों की सूची में रहने के लिए हैं। यही सच बताने आपके बीच आया हूं। उन्होंने अपनी गाड़ी के बोनट पर भीड़ में से तीन युवकों को खड़ा किया। एक को आम आदमी, दूसरे को अदाणी व तीसरे को शाह-मोदी के रूप में प्रदर्शित किया। बताया कि किस तरह आम आदमी अपने लिए कुछ मांगता है तो उसे चारों ओर इशारा कर दिखाया जाता है। फिर अदाणी कैसे उसकी जेब काटता है और कोई विरोध करे तो मोदी-शाह कैसे ईडी, सीबीआई का डंडा चलाते हैं।

देश भक्त का काम नफरत के खिलाफ देश को बचाना है : राहुल 
राहुल गांधी ने कहा कि अब समय देश बचाने, हिंसा रोकने, नफरत मिटाने, अन्याय के खिलाफ न्याय को जनता के सामने लाने का आ गया है। इसीलिए वह भारत जोड़ो न्याय यात्रा निकालकर लोगों के बीच जाकर नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलने का कार्य कर रहे हैं।

फिर कहा कि एक वर्ष पहले यह यात्रा हमने इसलिए शुरू की कि देश में भाजपा के लोग एक धर्म को दूसरे धर्म से लड़ाने, लोगों को धमकाने, डराने का काम कर रहे हैं। आपस में नफरत फैलाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उछालते हुए कहा कि परिवार में अगर लड़़ाई होती है तो परिवार मजबूत होता है या कमजोर होता है। धर्म के नाम पर उन्माद, हिंसा से देश कमजोर पड़ता है। जब ऐसा काम होता है, तो देशभक्त का काम देश को बचाने का होता है। हम यात्रा के माध्यम से लोगों के बीच जाकर हिंसा, नफरत मिटाने का पैगाम देने के साथ नफरत के बाजार में मोहब्बत का पैगाम देने का काम कर रहे हैं। मगर मीडिया ने उनकी पहली यात्रा को ब्लैक आउट कर दिया था। जैसे कि अब दूसरी यात्रा को ब्लैक आउट कर दिया है। मगर आज जनता के डीएनए के अंदर यात्रा का संदेश गया है। अब युवाओं, किसान, गरीब, मजदूर सहित समाज के हर वर्ग में यात्रा का संदेश पहुंच रहा है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed