प्रॉपर्टी डीलर की जहर देकर हत्या, पैसे वापस करने के बहाने बुलाया था घर पर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देहली गेट इलाके के एक प्रॉपटी डीलर ने 15 लाख रुपये के लालच में सासनी गेट के एक प्रॉपटी डीलर की विषाक्त पदार्थ खिलाकर हत्या कर दी। आरोपी ने प्रॉपटी डीलर से गाजियाबाद में जमीन दिलाने के बहाने 15 लाख रुपये लिए थे। न तो जमीन दिलाई और न रकम वापस की थी। इसी बात को लेकर दोनों में विवाद होने लगा था। आरोप है कि बुधवार को पैसे वापस करने के बहाने प्रॉपटी डीलर को घर पर बुलाया और वहां खाने में विषाक्त पदार्थ मिलाकर दे दिया। परिजनों की तहरीर पर देहली गेट पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा मुकदमा दर्ज कर लिया है। गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द किया।
प्रेमपाल (55) पुत्र नौरंग सिंह निवासी पंच नगरी, सासनी गेट प्रॉपटी डीलिंग का काम करता था। परिजनों के अनुसार बुधवार को प्रेमपाल मलिक चौक देहली गेट निवासी मनीष चौहान से उसके घर पर 15 लाख रुपये लेने गए थे। जब वहां से काफी देर तक नहीं लौटे और फोन करने पर उनका फोन नहीं उठा तो चिंता होने लगी। इसी बीच प्रेमपाल ने अपने समधी सुनील चौहान का फोन उठा लिया। इस दौरान प्रेमपाल ने अपने समधी को बताया कि मनीष चौहान ने उसे खाने में विषाक्त पदार्थ मिलाकर दे दिया है।
यह सुन उनके होश उड़ गए। तत्काल परिजनों को सूचित कर सभी लोग आरोपी मनीष चौहान के घर पहुंचे। यहां प्रेमपाल के परिजनों को देख मनीष घर से भाग गया। इधर, परिजन अचेत हालत में प्रेमपाल को सारसौल चौराहा स्थित एक अस्पताल में लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने प्रेमपाल की हालत देख उन्हें दिल्ली रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया।
परिजनों ने तहरीर देहली गेट पुलिस को दी। इंस्पेक्टर देहली गेट के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट में प्रथम दृष्टय विषाक्त पदार्थ शरीर में पहुंचने से मौत की बात सामने आई है। विसरा संरक्षित कर एफएसएल को भेज दिया है। इधर, परिजनों की तहरीर पर मनीष चौहान पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए तलाश जारी है।
प्रेमपाल के समधी सुनील चौहान के अनुसार कुछ माह पहले से मनीष भी प्रॉपटी डीलिंग करता है। उसने प्रेमपाल को गाजियाबाद में जमीन दिलाने की बात कहकर 15 लाख रुपये बतौर एडवांस ले लिए थे। मनीष ने बुधवार को प्रेमपाल को पैसे वापस देने के बहाने घर बुलाया था। और खाने में विषाक्त पदार्थ मिलाकर दे दिया।