फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Aligarh News ›   Property dealer dies after being crushed under a lift

Aligarh: लिफ्ट के नीचे दबकर प्रॉपर्टी डीलर की मौत, प्रशासन ने लिया संज्ञान, अपार्टमेंट की जांच करेगी समिति

Sun, 31 May 2026 10:46 AM IST
Chaman Kumar Sharma अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़
अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़ Published by: Chaman Kumar Sharma Updated Sun, 31 May 2026 10:46 AM IST
सार

करीब डेढ़ माह पहले एक डिलीवरी मैन भी लिफ्ट की डक्ट (गड्ढे) में सीधे नीचे गिरने वाला था, उस वक्त वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों और अन्य स्टाफ की सजगता के कारण उसकी जान बच गई थी। खतरे की इस बड़ी चेतावनी के बावजूद बिल्डर ने लिफ्ट ठीक कराना जरूरी नहीं समझा।

विज्ञापन
Property dealer dies after being crushed under a lift
जानलेवा लिफ्ट ने ली प्रॉपर्टी डीलर हरिओम वर्मा की जान - फोटो : फाइल फोटो

विस्तार

अलीगढ़ के गंगा जवाहर कॉलोनी के रसिक अपार्टमेंट में लिफ्ट हादसे में प्रॉपर्टी डीलर हरिओम वर्मा की मौत के मामले को अलीगढ़ विकास प्राधिकरण (एडीए) ने गंभीरता से लिया है। प्राधिकरण ने स्वत: संज्ञान लेते हुए उच्च स्तरीय जांच समिति गठित कर दी है। यह समिति लिफ्ट की तकनीकी खामियों की जांच के साथ ही रसिक अपार्टमेंट के पूरे वजूद को नियम और कानून के तराजू पर तौलेगी।

विज्ञापन

यह भी पढ़ें... UP: अलीगढ़ में अपार्टमेंट की लिफ्ट के नीचे दबकर प्रॉपर्टी डीलर की मौत, मिलने गए थे महिला से, जांच शुरू
विज्ञापन

जांच समिति पता लगाएगी कि इमारत का निर्माण प्राधिकरण से पास कराए गए मूल नक्शा के अनुसार हुआ है अथवा कोई अवैध फेरबदल किया गया है। तीन मंजिला इमारत बनाने में सुरक्षा मानक और सामग्री की गुणवत्ता का कितना ध्यान रखा गया? लिफ्ट के संचालन से लेकर पूरी इमारत में आपातकालीन सुरक्षा के क्या इंतजाम हैं?
विज्ञापन
विज्ञापन


छह माह पहले दी थी चेतावनी, डेढ़ माह पहले टला था हादसा
प्रॉपर्टी डीलर हरिओम वर्मा की मौत के बाद अपार्टमेंट के निवासियों का गुस्सा सातवें आसमान पर है। यहां के निवासियों का कहना है कि यह हादसा बिल्डर की घोर लापरवाही का नतीजा है। छह माह पहले ही लिफ्ट के खराब संचालन और उसमें आने वाली तकनीकी दिक्कतों की बिल्डर से शिकायत की थी। करीब डेढ़ माह पहले एक डिलीवरी मैन भी लिफ्ट की डक्ट (गड्ढे) में सीधे नीचे गिरने वाला था, उस वक्त वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों और अन्य स्टाफ की सजगता के कारण उसकी जान बच गई थी। खतरे की इस बड़ी चेतावनी के बावजूद बिल्डर ने लिफ्ट ठीक कराना जरूरी नहीं समझा।

Property dealer dies after being crushed under a lift
हादसे के बाद पूछताछ करते एसीएम दिग्विजय सिंह - फोटो : संवाद

600 गज में अपार्टमेंट, पार्किंग मे फ्लैट
स्थानीय लोगों के अनुसार पूरी इमारत महज 600 गज के भूखंड पर बनी है। इसमें तीन मंजिल में हैं और प्रत्येक मंजिल पर चार फ्लैट बनाए गए हैं। इस तरह कुल 12 फ्लैट हैं। नियम को ताक पर रखकर एक अतिरिक्त फ्लैट पार्किंग एरिया में भी बनाया गया है, जो सीधे तौर पर सुरक्षा मानकों का उल्लंघन है।

आरडब्ल्यूए है नहीं, फिर भी मेंटेनेंस 2000 रुपये प्रति माह
अपार्टमेंट के पड़ोस में रहने वाले नीरज वर्मा बताते हैं कि रसिक अपार्टमेंट में कोई भी रेजिडेंशियल वेलफेयर सोसाइटी नहीं है। बिल्डर स्वयं ही प्रत्येक परिवार से 2000 रुपये मासिक शुल्क रखरखाव के नाम पर ले रहे हैं, इसके बावजूद लिफ्ट का कोई रखरखाव नहीं किया गया। यह अपार्टमेंट वर्ष 2010-11 में बनकर तैयार हुआ था, जिसमें लगी लिफ्ट करीब 15 साल पुरानी है। इसे बिना मरम्मत के चलाया जा रहा था। शनिवार को हुए हादसे के बाद से पूरे अपार्टमेंट में डर का माहौल है। नीरज वर्मा ने बताया कि रसिक अपार्टमेंट में उनकी बेटी भी रहती है। लिफ्ट की खस्ताहाल स्थिति और हादसे के बाद उन्होंने अपनी बेटी को सख्त हिदायत दी है कि वह भूलकर भी लिफ्ट का बटन न दबाए और सीढ़ियों का ही उपयोग करे।

लिफ्ट पूरी तरह सही है : बिल्डर
अपार्टमेंट की लिफ्ट पूरी तरह सही है। प्रॉपर्टी डीलर ने लिफ्ट के नीचे आने से पहले ही उसका चैनल खोल दिया था, जिसके चलते हादसा हुआ। अपार्टमेंट का नक्शा उस समय के नियमों के मुताबिक है। पार्किंग एरिया में फ्लैट स्वीकृत है। जहां तक 600 गज के भूखंड की बात है तो उस समय इसी तरह नक्शा पास होता था। जो 2000 रुपये लिए जाते हैं वह केवल लिफ्ट के लिए नहीं बल्कि पूरे अपार्टमेंट के रखरखाव के लिए हैं। मैंने कई बार लोगों से सोसायटी बना कर जिम्मेदारी लेने के लिए कहा है। कोई आगे ही नहीं आ रहा है। - बांके बिहारी बंसल, बिल्डर, रसिक अपार्टमेंट

अपार्टमेंट की होगी जांच-एडीए
यह अपार्टमेंट वर्ष 2010-11 में बना है। उस समय के नियम के मुताबिक इसके नक्शा और अन्य पहलुओं की जांच होगी। हमने स्वत: संज्ञान लिया है। एक जांच कमेटी पूरे मामले की जांच करेगी। जांच में जो भी तथ्य दोषपूर्ण पाए जाएंगे उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। - राहुल विश्वकर्मा, सचिव, अलीगढ़ विकास प्राधिकरण

एडीए सचिव, सहायक निदेशक विद्युत सुरक्षा करेंगे जांच
रसिक अपार्टमेंट रामघाट रोड में लिफ्ट में तकनीकी खराबी के कारण हुए हादसे की जांच के लिए जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने समिति गठित की है। इसमें सचिव, विकास अलीगढ़ विकास प्राधिकरण और सहायक निदेशक विद्युत सुरक्षा को शामिल किया गया है। समिति अपनी रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपेगी। इस रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। परिवार वाले अगर लिखित तहरीर देते हैं तो अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। - किंशुक श्रीवास्तव, एडीएम सिटी

Property dealer dies after being crushed under a lift
जानलेवा लिफ्ट, दीनदयाल अस्पताल में मृतक के परिजन - फोटो : संवाद

तुम दोपहर में जल्दी जाने वाले थे, क्यों नहीं आए...
गर्मी बहुत ज्यादा है, आज दोपहर में जल्दी घर आ जाऊंगा... शनिवार की सुबह करीब साढ़े दस बजे पत्नी ललिता वर्मा से यही शब्द कहकर हरिओम वर्मा अपने घर से निकले थे। तब चेहरे पर चिर-परिचित मुस्कान थी। पत्नी ललिता वर्मा रोते हुए बार-बार बदहवास होकर एक ही बात दोहरा रही थीं- तुम तो दोपहर में जल्दी आने वाले थे ना, फिर क्यों नहीं आए?
थाना क्वार्सी क्षेत्र के रामघाट रोड स्थित गंगा जवाहर कॉलोनी के रसिक अपार्टमेंट में शनिवार को हुए एक खौफनाक लिफ्ट हादसे ने सिर्फ एक प्रॉपर्टी डीलर की जान नहीं ली, बल्कि एक पूरे परिवार के सपनों और उम्मीदों को उजाड़ दिया।

स्थानीय निवासियों के मुताबिक प्रापर्टी डीलर हरिओम वर्मा अक्सर लोगों को प्लॉट और फ्लैट दिखाने के लिए घर से निकलते थे। नियम से दोपहर का भोजन वह परिवार के साथ ही करते थे। काम के बीच से समय निकालकर दोपहर में घर जरूर लौटते थे। इसके बाद कोई फोन आता, तो फिर चले जाते। इस तरह पूरे दिन उनका घर आना-जाना लगा रहता था। परिजन भी जानते थे कि वह प्रत्येकक कुछ घंटे बाद दरवाजे पर खड़े मुस्कुराते मिलेंगे, लेकिन शनिवार की दोपहर घर का वह दरवाजा हरिओम वर्मा की दस्तक का इंतजार करता रह गया। शाम के समय उनका शव हरिओम नगर स्थित आवास पर पहुंचा तो परिजन की चीख-पुकार गूंज रही थी।

जी तोड़ मेहनत से पटरी पर लाए थे परिवार की गाड़ी
एक दौर था जब परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद मजबूत थी, लेकिन वक्त का पहिया घूमा और परिस्थितियां बदल गईं। परिवार गहरे आर्थिक संकट और संघर्ष के दौर से गुजरने लगा, लेकिन हरिओम वर्मा ने कभी हार नहीं मानी। उन्होंने एक बड़े भाई और मुखिया की जिम्मेदारी बखूबी निभाई। टूटते परिवार को संभाला, हौसला दिया। सभी भाई और परिवार के सदस्य एक-एक तिनका जोड़कर, जी-तोड़ मेहनत करके धीरे-धीरे परिवार की खोई हुई खुशहाली को वापस ला रहे थे। गाड़ी पटरी पर लौट ही रही थी कि शनिवार को रसिक अपार्टमेंट की उस काल बनी लिफ्ट ने सब कुछ तबाह कर दिया। उनके भाई कहते हैं कि हम तो बस संभल ही रहे थे... भाई साहब ने हमें गिरकर उठना सिखाया था। आज जब हमारी स्थिति ठीक हो रही थी, तो भगवान ने हमारे परिवार की रीढ़ ही तोड़ दी।

पहले भी हुए हादसे, सुरक्षा ऑडिट कराने पर विचार कर रहा एडीए
गंगा जवाहर कॉलोनी के रसिक अपार्टमेंट में प्रॉपर्टी डीलर हरिओम वर्मा की लिफ्ट हादसे में मौत के बाद कहा जा रहा है कि जैसे-जैसे बहुमंजिला इमारतों और व्यावसायिक परिसरों का चलन बढ़ा है, वैसे-वैसे लिफ्ट से जुड़े हादसों का ग्राफ डराने लगा है। अलीगढ़ में लिफ्ट की खराबी और बिल्डरों की अनदेखी ने पहले भी कई रसूखदार और बेकसूर परिवारों के चिराग बुझाए हैं। अब एडीए शहर की सभी पुरानी और नई बहुमंजिला इमारतों में लिफ्ट का अनिवार्य सुरक्षा ऑडिट कराने पर विचार कर रहा है।

दिसंबर 2022 : हरदुआगंज के रसिक टावर में हादसा
हरदुआगंज के रसिक टावर में दिसंबर 2022 में भी एक खौफनाक हादसा हो चुका है। एक निर्माणाधीन अपार्टमेंट में काम के दौरान मजदूरों को लेकर ऊपर जा रही लिफ्ट का केबल अचानक टूट गया और लिफ्ट धड़ाम से जमीन पर आ गिरी। इस हादसे में लिफ्ट में मौजूद एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि चार अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उस समय भी निर्माण और सुरक्षा मानकों पर काफी हो-हल्ला हुआ था।

पॉश सोसायटी में दहशत का साया
रामघाट रोड, क्वार्सी और एटा चुंगी की तरफ विकसित हो रही पॉश सोसायटी में लिफ्ट फंसने की घटनाएं आम हो चुकी हैं। अक्सर बिजली गुल होने पर ऑटोमैटिक रेस्क्यू डिवाइस के काम न करने के कारण बुजुर्ग और मासूम बच्चे घंटों लिफ्ट में फंस चुके हैं। कहा जा रहा है कि इससे वह मानसिक आघात का शिकार हो रहे हैं।

हादसों के पीछे मुख्य कारण
(अलीगढ़ विकास प्राधिकरण और तकनीकी जानकारों के अनुसार, इस तरह के हादसों के पीछे तीन बड़े कारण सामने आते हैं)

  1. उत्तर प्रदेश लिफ्ट एक्ट की कमी : दिल्ली-एनसीआर (नोएडा, गाजियाबाद) की तरह प्रदेश के बाकी शहरों में लिफ्ट के सख्त मेंटिनेंस और अनिवार्य पंजीकरण पर कानून का कड़ाई से पालन न होना।
  2. मेंटिनेंस शुल्क का दुरुपयोग- बिल्डर्स अथवा मैनेजमेंट हर महीने मेंटिनेंस शुल्क तो वसूलते हैं, लेकिन लिफ्ट की समय पर थर्ड पार्टी टेक्निकल सर्विसिंग नहीं कराते।
  3. आउटडेटेड अथवा खटारा लिफ्ट- 10-15 साल पुरानी लिफ्ट के वाॅयर, ब्रेक और डक्ट को बदले बिना लगातार चलाया जा रहा है। इससे बड़ा तकनीकी फेलियर हो जाता है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed