फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Aligarh News ›   Poisonous Liquor News

जहरीली शराब ने मचाया मौत का तांडव...खैर से जवां तक हाहाकार

Fri, 28 May 2021 11:58 PM IST
Aligarh Bureau अलीगढ़ ब्यूरो
Updated Fri, 28 May 2021 11:58 PM IST
विज्ञापन
Poisonous Liquor News
28 मई 2021 को शुक्रवार का दिन जिले के लिए बेहद भयावह दिन लेकर आया। जहरीली शराब ने मौत का ऐसा तांडव मचाया है कि खैर से लेकर जवां तक हाहाकार मचा हुआ है और सूबे की राजधानी तक हिल गई है। आलम यह था कि आधा दर्जन से ज्यादा गांवों से मौत पर चित्कार ही सुनाई दे रही थीं। ग्रामीणों के दावे के अनुसार और पुष्ट व अपुष्ट मौतों का आंकड़ा देर रात तक 30 के पार पहुंचता दिख रहा था। इधर, इस शराब ने लोगों की जान ही नहीं ली, बल्कि उनके परिवारों को भी जिंदगीभर का गम दे दिया है। किसी के सिर से बाप का साया उठ गया तो किसी का जवान बेटा छिन गया। कई दर्जन बच्चे अनाथ हो गए। एक मां ने अपने बुढ़ापे का आखिरी सहारा खो दिया। आईओसी बॉटलिंग प्लांट के सामने चाय की दुकान चलाने वाले पिता-पुत्र की मौत हो गई। इस घटना के बाद सभी गांवों में सुबह से देर रात तक चूल्हे नहीं जले। गांवों में महिलाओं और जिला मुख्यालय पर अस्पतालों से लेकर पोस्टमार्टम तक पुरुषों का हाल बेहाल था। लाशों को देखकर लोग संभाले नहीं संभल रहे थे। हर कोई एक ही आवाज उठा रहा था कि मौत रूपी शराब बेचने वालों को ऐसा सबक मिले कि लोग याद रखें।
विज्ञापन

अंडला में बुजुर्ग की मौत से शुरू हुआ सिलसिला
करसुआ और अंडला में शुक्रवार सुबह मौतों के बाद बेशक खबर पुलिस प्रशासन को खबर दी गई। मगर इन मौतों का सिलसिला बृहस्पतिवार को अंडला के एक बुजुर्ग की मौत से शुरू हुआ। घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि अंडला के एक बुजुर्ग बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12 बजे करसुआ बाटलिंग प्लांट के सामने अपने खेतों पर आए। बगल से ठेके पर उन्होंने एक पऊआ खरीदा और खेतों पर ही पीकर घर पहुंच गए। उन्हें कुछ देर बाद उल्टियां शुरू हुईं और तीन बजे उनकी मौत हो गई। परिवार व ग्रामीणों ने इसे सामान्य बीमारी से मौत मानकर अंतिम संस्कार कर दिया। इसी तरह खैर कस्बे का 40 वर्षीय धीरज अंडला में टेलरिंग का काम करता था। वह शाम को अंडला से जाते समय शराब पीकर गया। घर पहुंचकर उसकी तबियत बिगड़ी और मौत हो गई। उसका भी अंतिम संस्कार परिवार ने कर दिया।
विज्ञापन

सुबह शोर मचा तो समझा मौत का कारण शराब
इसके बाद बृहस्पतिवार रात करीब 11 बजे गांव करसुआ में सुनील की तबियत बिगड़ी और कुछ घंटों में उसकी मौत हो गई। फिर तीन बजे जयपाल की तबियत बिगड़ी तब सुबह जाकर लोगों को अहसास हुआ कि यह सब शराब पीने से हो रहा है। इसी बीच अंडला, हैवतपुर, नंदपुर पला, राइट गांवों से ऐसी खबरें आईं तो माजरा समझते देर न लगी और तत्काल पुलिस को खबर देकर शराब से मौतों की बात बताई गई। इसके बाद पुलिस प्रशासनिक अमला हरकत में आया।
विज्ञापन
विज्ञापन

इस तरह बिखर गए परिवार
बात अगर गांव करसुआ की करें तो संतोष और राकेश गांव के बाहर बाटलिंग प्लांट के सहारे चाय की दुकान चलाते हैं। दोनों बाप बेटों ने रात ठेके से शराब पी और सुबह मौत हो गई। अब उनके परिवार को संभालने वाला कोई नहीं है। इसी तरह गांव अंडला के नीरज की पत्नी रजनी के अलावा परिवार में दो लड़की एक लड़का था। तीनों बच्चे छोटे हैं। नीरज उनका पालनहार था। हलवाई का काम करके घर चलाता था। मगर, अब परिवार का मुखिया चला गया। इसी प्रकार मृतक सुनील के पिता व एक भाई की पहले ही मौत हो चुकी थी। परिवार में सिर्फ बूढ़ी मां सीमा देवी था। बेटा कमाता था तो सीमा देवी के घर में चूल्हा जलता था। अब सीमा इस बुढ़ापे में दाने-पानी के लिए किसका दरवाजा खटखटाएगी। इस्लामुद्दीन पेशे से ट्रक चालक थे। उनके चार बेटे व एक बेटी है। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक न होने के चलते वह इस बुढ़ापे में भी ट्रक चलाकर परिवार चला रहे थे।
मृतक धर्मपाल सिंह गार्ड की नौकरी करते थे। तीन बच्चों में सिर्फ एक बेटी की शादी की है, दो बेटे कुंवारे हैं। परिवार भी आर्थिक मजबूत नहीं है। दोनों बेटे व उनकी पत्नी मुन्नी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक मनोज चौहान के तीन बेटे व एक बेटी है। सिर्फ एक बेटे अन्नू की शादी हुई है। अन्य तीनों बच्चे अभी नाबालिग हैं। इन बच्चों के सिर से उनकी मां बीना देवी का पहले ही हाथ उठ चुका है। चार बच्चे इस घटना से अनाथ हो गए। मृतक ओमवीर सिंह ट्रक ड्राइवर थे, उनके दो बेटे व एक बेटी है। तीनों बच्चे छोटे हैं। पत्नी माधवी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक जितेंद्र सिंह किसान थे। उनकी शादी नहीं हुई थी। वह चार भाइयों में दूसरे नंबर के थे। मृतक गुलवीर सिंह भी एक बेटी व एक बेटे के पिता थे। खेती कर परिवार को पाल रहे थे। घटना ने उनको परिवार से दूर कर दिया। दोनों बच्चों के लालन-पालन का जिम्मा मां मिथलेश के कंधों पर आ गया है। धर्मपाल तीन लड़की व एक लड़के के पिता थे। पत्नी वीरवती का रो-रोकर बुरा हाल है। महेशचंद्र के पास तीन लड़की व एक लड़का है। चारों बच्चे अभी छोटे हैं। पत्नी धर्मवती के कंधों पर उनको पालने की जिम्मेदारी है। अवनीश गुजरात से कैंटर लेकर तीन दिन पहले गैस प्लांट पर आए थे। उनका परिवार प्रतापगढ़ में रहता है। लल्लन प्रसाद गैस प्लांट पर ट्रक चलाते थे। मृतक महेश के पास पांच बच्चों का जिम्मा था। मजदूरी कर परिवार को पालते थे। मगर, अब सभी जिम्मेदारी पत्नी सावित्री पर आ गई। मृतक संतोष व जयपाल के परिवारों में भी घटना से कोहराम मचा हुआ है।

दौड़ा प्रशासनिक अमला, अफवाहों ने भी खूब दिमाग चकराया
जहरीली शराब के सेवन से मौतों की सूचना पर प्रशासन और पुलिस अमले ने करसुआ, लोधा के लिए दौड़ लगा दी। एक के बाद एक मौत की सूचना के बीच अधिकारियों का दिमाग अफवाहों की वजह से भी खूब चकराया। जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह व एसएसपी कलानिधि नैथानी सुबह 10 बजे करसुआ पहुंच गए। यहां उनके साथ प्रशासनिक अमला भी पहुंचा। यहां मौतों की पुष्टि करने के बाद उन्होंने शवों को पोस्टमार्टम हाउस व बीमारों को जिला अस्पताल भेजा। जिला अस्पताल पर एडीएम सिटी राकेश कुमार मालपाणी ने स्वास्थ्य विभाग के साथ व्यवस्थाएं संभाली। जैसे ही बीमारों को लेकर एंबुलेंस यहां पहुंची। तत्काल उपचार शुरू किया गया। पांच लोगों को जिला अस्पताल से गंभीर हालत के चलते जेएन मेडिकल कालेज रेफर किया गया। दोपहर तक अधिकारियों ने बीमारों को अस्पताल व मृतकों को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचाया।
प्रशासनिक दावे के अनुसार ये 18 मौत
1-नीरज कुमार (28) पुत्र सरदार सिंह निवासी अंडला, खैर
2-धर्मपाल (45) पुत्र रूपचंद निवासी अंडला, खैर
3-राकेश (50) पुत्र डोरी लाल निवासी अंडला खैर
4-मनोज चौहान (50) पुत्र सुखवीर चौहान निवासी छेरत, जवां
5-ओमवीर सिंह (40) पुत्र शिशुपाल सिंह निवासी छेरत, जवां
6-जितेंद्र सिंह (55) पुत्र बर्फ सिंह निवासी छेरत, जवां
7- सुनील (28) पुत्र धर्मपाल सिंह निवासी करसुआ, लोधा,
8-महेश (40) पुत्र रमेश सिंह निवासी करसुआ, लोधा
9-राजेश (35) पुत्र खूबीराम सिंह निवासी करसुआ, लोधा
10-संतोष (45) पुत्र साहब सिंह निवासी करसुआ, लोधा
11-जयपाल (65) पुत्र मलखान निवासी करसुआ, लोधा
12-इस्लामुद्दीन (65) पुत्र मास्टर बशीर निवासी दादरी, नोएडा
13-धर्मपाल सिंह (62) पुत्र रोशन सिंह निवासी सांगौर, गभाना
14-राजकुमार (45)पुत्र सत्यपाल सिंह निवासी सांगौर गभाना
15-गुलवीर सिंह (38) पुत्र गजेंद्रपाल सिंह निवासी ननदपुर पला, लोधा
16- महेशचंद्र (38) पुत्र रघुवीर सिंह निवासी रामनगला, नौहझील, मथुरा
17- अवनीश (34) पुत्र अशोक निवासी कुटिया, प्रतापगढ़
18-लल्लन प्रसाद (50) पुत्र कामेश्वर प्रसाद निवासी दामौन, समस्तीपुर, बिहार
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed