कोरोना की संभावित तीसरी लहर के दृष्टिगत पीएम केयर्स फंड से प्रत्येक जिले में स्थापित आक्सीजन उत्पादन संयंत्रों का शुक्रवार को लोकार्पण हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली से वर्चअली बटन दबाकर लोकार्पण किया। दीनदयाल अस्पताल एवं मलखान सिंह जिला अस्पताल में मौजूद सांसद सतीश गौतम, विधायक संजीव राजा एवं विधायक अनिल पाराशर ने दोनों अस्पतालों में मौजूद पीएसी तकनीकी पर आधारित संयंत्र की शिला पट्टिकाओं का लोकार्पण कर दिया।
सांसद सतीश गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा एवं पीएम केयर फंड से चिकित्सालयों में मेडिकल आक्सीजन की उपलब्धता बढ़ाने का कार्य किया गया है। कोल विधायक अनिल पाराशर ने कहा कि कोरोना महामारी के दौर में केंद्र सरकार द्वारा गरीबों और जरूरतमंदों की हरसंभव मदद की गई। शहर विधायक संजीव राजा ने कहा कि कोविड संक्रमण काल में दवा, उपकरण, आक्सीजन संयंत्रों समेत मेडिकल एवं पैरा मेडिकल स्टाफ की भर्ती करते हुए जीवन और जीविका को सुरक्षित किया गया। जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे ने बताया कि पीएसी तकनीक पर आधारित आक्सीजन उत्पादन संयंत्रों की स्थापना पंडित दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय एवं जिला मलखान सिंह चिकित्सालय में की गई है। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ आनंद कुमार उपाध्याय, सीएमएस डॉ पी कुमार, डॉ रामकिशन, जिला मलेरिया अधिकारी डॉ राहुल कुलश्रेष्ठ, अनुपम भास्कर समेत अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।