अलीगढ़ के परिषदीय विद्यालय: चार साल में 58000 ने छोड़ा स्कूल..अब 25000 बच्चों का विद्यालय गांव से दूर
अलीगढ़ के परिषदीय विद्यालयों में बच्चे कम हो रहे हैं। अब स्कूलों को विलय किया जा रहा है, जिसके बाद कई स्कूल बच्चों के लिए और दूर हो जाएंगे। अब यह बच्चे घर से दूर के स्कूल में जाएंगे भी या नहीं इसे लेकर भी सवाल खड़े होने लगे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अगर पिछले चार साल (वर्ष 2022-23) की बात करें तो अलीगढ़ के परिषदीय विद्यालयों में 58 हजार बच्चे कम हो गए हैं। वहीं बेसिक शिक्षा विभाग ने 490 विद्यालयों को पास के दूसरे स्कूलों में विलय करने की तैयारी शुरू कर दी है। 25 जून को पहले चरण में 160 स्कूल पास के स्कूल में समायोजित कर भी दिए गए। क्योंकि धीरे धीरे बाकी स्कूलों का भी विलय होना है तो इस हिसाब से इनमें पढ़ने वाले 25000 बच्चों का स्कूल इनके गांव से करीब एक किलोमीटर दूर हो जाएगा। अब यह बच्चे घर से दूर के स्कूल में जाएंगे भी या नहीं इसे लेकर भी सवाल खड़े होने लगे हैं।
आंकड़े वाकई चौंकाने वाले हैं। परिषदीय विद्यालयों में वर्ष 2022-23 में 2.51 लाख बच्चे पंजीकृत थे, जबकि वर्तमान समय 1.93 लाख बच्चे ही पंजीकृत हैं। इन स्कूलों में लगातार घटने वाली बच्चों की संख्या की प्रमुख वजह प्राइवेट स्कूलों की तरफ बढ़ता रुझान भी है। अभिभावक भी मानने लगे हैं कि इन स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण पढ़ाई नहीं होती है। इसकी वड़ी वजह शिक्षकों की कमी भी है। जिले में 9633 शिक्षकों के पद हैं जिनमें से 2947 पद खाली पड़े हैं। इन सभी बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए स्कूलों को पास के स्कूलों में समायोजित किया जा रहा है।
25 जून को बेसिक शिक्षा विभाग ने टप्पल, चंडौस, जवां, खैर, लोधा, धनीपुर, अकराबाद, इगलास, गोंडा, अतरौली, बिजौली, गंगीरी में 12-12 और अलीगढ़ शहर में 16 विद्यालयों का विलय कर दिया है। जबकि जिले में कुल 650 स्कूलों का विलय किया जाना है। कुल मिलाकर इन स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों का स्कूल अब करीब एक किलोमीटर दूर हो गया है।
जिले में 160 विद्यालयों का एक किमी के अंदर विद्यालयों में विलय कर दिया गया है। इन विद्यालयों में बच्चे और शिक्षक शिफ्ट होंगे। - डॉ. राकेश कुमार सिंह, बीएसए, अलीगढ़
साल-दर-साल बच्चों की संख्या
वर्ष संख्या
2022-23 2.51 लाख
2023-24 2.47 लाख
24-25 2.20 लाख
25-26 (जून) 1.94 लाख (मौजूदा शैक्षिक सत्र में पंजीकृत )
इन विकासखंडों के विद्यालय होंगे विलय
अलीगढ़ जिले में शिक्षा विभाग ने 650 विद्यालयों को दूसरे विद्यालयों में विलय करने की सूची तैयार की है। बुधवार को पहले चरण 160 विद्यालयों का दूसरे विद्यालयों में विलय कर दिया गया। इनमें सात हजार बच्चे पंजीकृत हैं। अब 490 विद्यालयों को विलय करने की तैयारी शुरू हो गई है, जिनमें 18 हजार बच्चे पंजीकृत हैं।
अब विकास खंड टप्पल, चंडौस, जवां, खैर, लोधा, धनीपुर, अकराबाद, इगलास, गोंडा, अतरौली, बिजौली, गंगीरी में 38-38 और शहर के 34 विद्यालयों का विलय हो गया है। जिले में 2115 स्कूल हैं, जहां 1.93 लाख से छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। 650 विद्यालय ऐसे हैं, जिसमें 50 से कम बच्चे पंजीकृत हैं। इन विद्यालयों में 25 हजार बच्चे पंजीकृत हैं, जो एक किमी के दायरे में दूसरे विद्यालयों में शिफ्ट होंगे।