मेयर पर फायरिंग, बाल-बाल बचीं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अलीगढ़। महानगर के सुरेंद्र नगर में निर्माणाधीन नाले का निरीक्षण करने पहुंचीं मेयर शकुंतला भारती पर रविवार दुपहर ठेकेदार के लोगों ने फायरिंग कर दी। इस हमले में वह बाल-बाल बच गईं। इस दौरान भीड़ के जुटने पर हमलावर राइफल लेकर भाग गए। ठेकेदार व मेयर में जमकर नोकझोंक हुई। बाद में पुलिस भी पहुंच गई और लोगों द्वारा बताई गई पहचान के आधार पर संदिग्ध आरोपी के घर दबिश भी दी गई। मगर वह नहीं मिला। फिलहाल ठेकेदार के अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
मेयर शकुंतला भारती अमर उजाला द्वारा जिला अस्पताल में आयोजित रक्तदान शिविर में शामिल होने के बाद 12 बजे करीब सुरेंद्र नगर में भाजपा नेता अनिल पाराशर के गेस्ट हाउस में हुए अग्निकांड की सूचना पर जा रही थीं। तभी सुरेंद्र नगर में बर्फखाने से आगे नाला निर्माण कार्यस्थल पर पब्लिक ने उन्हें रोक लिया। लोगों की शिकायत थी कि यह नाला मानक के अनुसार नहीं बन रहा। बस इस बात पर मेयर बिफर गईं और उन्होंने लेबर से सवाल-जवाब शुरू कर दिए। इसी बीच ठेकेदार दिवाकर सिंह अपने कुछ साथियों संग वहां पहुंच गए। ठेकेदार व मेयर के बीच कहासुनी होने लगी। आरोप है कि इसी दौरान ठेकेदार के साथ बाइक पर आए दो युवकों में से एक ने लाइसेंसी राइफल से मेयर व ब्रजेश कंटक को निशाना बनाकर फायर किया।
हालांकि मेयर के सुरक्षाकर्मी की हमलावर से छीनाझपटी भी हुई। इसी बीच राइफल की गोली मेयर के बजाय जमीन में जा लगी। गोली जहां लगी, वहां पार्षद मधू आंधीवाल खड़ी थीं, गोली की चिंगारी से उनका पैर भी झुलस गया। बाद में वहां से हमलावर तो भाग गए। खबर पर पुलिस भी पहुंची। बाद में मेयर के साथ उनकी गाड़ी में मौजूद हिंदूवादी नेता ब्रजेश गुप्ता उर्फ कंटक निवासी निवासी छतरी वाला कुआं महावीरगंज की तहरीर पर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। एसओ क्वार्सी विनोद कुमार के अनुसार मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। संदिग्ध हमलावर के घर दबिश दी गई है। तलाश व जांच जारी है।