एएमयू शताब्दी वर्ष समारोह को आज संबोधित करेंगे पीएम मोदी, जारी करेंगे डाक टिकट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के शताब्दी वर्ष समारोह को आज बतौर मुख्य अतिथि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संबोधित करेंगे। उनका यह संबोधन ऑनलाइन होगा। साथ ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक भी समारोह में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री मोदी का यह कार्यक्रम वर्चुअल ही सही, लेकिन एएमयू की पूरी रवायतों के साथ होगा। इसको लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा जारी वर्चुअल कार्यक्रम के मुताबिक, सुबह 10 बजे कुरान ख्वानी के साथ कार्यक्रम का आगाज होगा। इसके लिए दो मिनट की अवधि रखी गई है। फिर कुलपति प्रो. तारिक मंसूर औपचारिक परिचय कराएंगे। कुलपति का संबोधन करीब पांच मिनट का होगा। इसके बाद सर सैयद एकेडमी के निदेशक अली मोहम्मद नकवी विश्वविद्यालय की 100 वर्षों की उपलब्धियों को सामने रखेंगे।
एएमयू वीमेंस कॉलेज की प्रिंसिपल प्रोफेसर नईमा खातून महिलाओं की शिक्षा में एएमयू का योगदान विषय पर अपना संबोधन देंगी। इसी क्रम में विश्वविद्यालय के चांसलर सैयदाना मफादुल सैफुद्दीन अपने विचार व्यक्त करेंगे। 15 मिनट तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक समारोह को संबोधित करेंगे। उनके बाद प्रधानमंत्री मोदी एएमयू के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर एक डाक टिकट को जारी करेंगे और फिर अपना संबोधन देंगे। कार्यक्रम का समापन एएमयू तराने के साथ होगा।
100 से अधिक देशों में रह रहे एएमयू के पूर्व छात्र सुनेंगे पीएम का संबोधन
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के शताब्दी वर्ष समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हो रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन अलीगढ़ के अलावा दुनिया के 100 से अधिक देशों में सुना जाएगा। एक अनुमान के मुताबिक, देश और दुनिया में एक करोड़ से अधिक लोग प्रधानमंत्री के संबोधन को सुनेंगे।
एएमयू प्रशासन ने विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रों को जो दूसरे देशों में नौकरी कर रहे हैं या फिर वहां रह रहे हैं, उन्हें कार्यक्रम का लिंक उपलब्ध कराया गया है। यह विश्वविद्यालय के 100 वर्ष के इतिहास में पहली बार होगा कि किसी कार्यक्रम में शामिल हो रहे मुख्य अतिथि को इतनी बड़ी संख्या में सुना जाएगा।
यह कार्यक्रम इसलिए भी ऐतिहासिक है, क्योंकि इससे पहले किसी प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति या राज्यपाल ने विश्वविद्यालय के कार्यक्रम को ऑनलाइन संबोधन नहीं किया है। एएमयू की उर्दू एकेडमी के डायरेक्टर और एएमयू मामलों के जानकार डॉ. राहत अबरार कहते हैं कि दुनिया में 100 से अधिक देशों में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के छात्र फैले हुए हैं।
साथ ही विश्वविद्यालय में अफगानिस्तान, अमेरिका, बांग्लादेश, कनाडा, मिस्र, ईरान, इंडोनेशिया, इराक, जॉर्डन, लीबिया, मॉरीशस, नेपाल, न्यूजीलैंड, नाइजीरिया, फलस्तीन, पाकिस्तान, सूडान, सोमालिया, सीरिया, थाईलैंड, तुर्कमेनिस्तान, यमन आदि देशों के छात्र भी यहां पर पढ़ते हैं। इस तरह पूरी दुनिया में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय बिरादरी बहुत बड़ी है।
अमेरिका में रह रहे एएमयू के पूर्व छात्र डॉ. फ्रैंक इस्लाम सहित अन्य पूर्व छात्रों को कार्यक्रम के लिंक उपलब्ध कराए गए हैं। एक अनुमान के मुताबिक एक करोड़ से अधिक लोग इस कार्यक्रम देखेंगे और सुनेंगे। इस तरह विश्वविद्यालय के शताब्दी वर्ष पर एक और इतिहास निर्मित होगा, यह इतिहास तकनीक के आधार पर निर्मित हो रहा है।
1000 एमबीपीएस गति के इंटरनेट पर होगा प्रधानमंत्री का संबोधन
वैसे तो यह संबोधन एएमयू के कांफ्रेंस रूम में होगा। मगर, कलक्ट्रेट स्थित एनआईसी ऑफिस को कोई भी बैकअप के तौर पर तैयार किया गया है। सोमवार को संबोधन संबंधी सभी तैयारियों को पूर्ण कर लिया गया। दो बार संबोधन की मॉक ड्रिल हुई। 1000 एमबीपीएस की गति के इंटरनेट पर पीएम का संबोधन होना तय हुआ है।
इस संबोधन में एएमयू वीसी, पीवीसी और चांसलर, रजिस्टार, शिक्षा मंत्री, पीएम ऑफिस और एनआईसी इंटरेक्टिव मोड में रहेगा। यानी ये सभी लोग पीएम के संबोधन को सुनने के साथ ही उनसे बातचीत के लिए भी जुड़े रहेंगे। इसके अलावा बाकी सभी को सिर्फ संबोधन देखने और सुनने की छूट रहेगी। वहीं, आम जनता इस संबोधन को पीएमवेबकॉस्टडॉटजीओवीडॉटइन पर लाइव देख सकती है।
डीआईओ प्रवीण कुमार ने बताया कि कार्यक्रम सुबह 10 बजे से शुरू हो जाएगा। प्रधानमंत्री 11 बजे कार्यक्रम में जुड़ेंगे। सोमवार को समारोह के लिए प्वाइंट टू प्वाइंट मॉक ड्रिल एक बार एएमयू और दूसरी बार एनआईसी में हुई। इसमें सभी तैयारियों को परखा गया। एएमयू में तीन स्थानों जैसे कंप्यूटर सेंटर, रजिस्ट्रार ऑफिस, इंजीनियरिंग विभाग में इस संबोधन को देखा और सुना जा सकता है।
इसके अलावा कांफ्रेंस रूम में वीसी, पीवीसी, रजिस्टार और मुबंई से चांसलर इस कार्यक्रम में जुड़ेंगे, जिनको संबोधन देखने, सुनने के साथ ही पीएम से बातचीत की भी सुविधा दी गई है। एनआईसी के 1000 एमबीपीएस के इंटरनेट स्पीड पर यह संबोधन होगा। अगर, एएमयू के कांफ्रेंस रूम में अचानक से कोई तकनीकी खराबी आती है तो तत्काल एनआईसी को जोड़ दिया जाएगा। एएमयू के सभी अधिकारी यहां आकर संबोधन में जुड़ सकेंगे।
संबोधन को लेकर कड़े सुरक्षा इंतजाम
एएमयू में पीएम नरेंद्र मोदी के संबोधन को लेकर जिला पुलिस प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। सोमवार को एसपी सिटी कुलदीप सिंह, एसीएम द्वितीय रंजीत सिंह और सीओ-3 अनिल समानिया ने एएमयू का दौरा किया। इसके बाद एडीएम सिटी राकेश कुमार मालपाणी ने तीन मजिस्ट्रेटों की तैनाती की। वहीं, सीओ स्तर के अधिकारियों को भी तैनात किया गया है।
एडीएम सिटी राकेश कुमार मालपाणी के मुताबिक, एसीएम प्रथम अंजुम बी को एएमयू चुंगी गेट पर, एसीएम द्वितीय रंजीत सिंह को एएमयू सर्किल, बाबे सैयद पर और एसडीएम इगलास कुलदेव सिंह को डेंटल कालेज के पास तैनात किया गया है। इन तीनों के साथ सीओ भी तैनात रहेंगे।
वहीं, डीएम चंद्रभूषण सिंह के निर्देश पर एसीएम-2 रंजीत सिंह ने पुलिस क्षेत्राधिकारी तृतीय अनिल समानिया के साथ अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के सलेक्शन कमेटी रूम, कांफ्रेंस रूम, सर सैयद हाउस में सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। एसीएम द्वितीय रंजीत सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री के वर्चुअल संबोधन को लेकर सुरक्षा तथा अन्य व्यवस्थाओं का जायजा परिसर के अंदर लिया गया। इस दौरान एएमयू की प्रॉक्टर टीम व रजिस्ट्रार मौजूद रहे।
विरोध कर रहे छात्रों, नेताओं की गतिविधियों पर रखी जा रही नजर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऑनलाइन संबोधन को लेकर जिला प्रशासन-पुलिस अलर्ट है। संबोधन का विरोध कर रहे विवि के छात्रों, कई पार्टियों के नेताओं की गतिविधियों पर निगाह रखी जा रही है। एसएसपी ने सोशल मीडिया सेल को पीएम के संबोधन को लेकर समर्थन या विरोध में पोस्ट करने वालों पर निगाह रखने का जिम्मा सौंपा है।
इधर, खुफिया एजेंसी भी इनपुट जुटाने में लगी हैं। एसएसपी ने खुफिया तंत्र को छात्र नेताओं व सपा, कांग्रेस नेताओं की निगरानी में लगा दिया है। सोशल मीडिया पर पक्ष और विपक्ष में संबोधन को लेकर छिड़ी रार को लेकर किए जा रहे हरेक पोस्ट, वीडियो पर निगाह रखी जा रही है। खुफिया तौर पर यह भी इनपुट लिया जा रहा है कि कहीं छात्रों की आड़ में कोई राजनीतिक पार्टी तो विरोध प्रदर्शन की तैयारी में तो नहीं है।
कांग्रेसी दिखाएंगे काले झंडे
अलीगढ़ जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चौधरी सुरेंद्र सिंह और कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष परवेज अहमद ने 22 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के शताब्दी वर्ष समारोह में होने वाले संबोधन को रोकने और काले झंडे दिखाने की घोषणा की है।
चौधरी सुरेंद्र सिंह और परवेज अहमद ने कहा कि एएमयू में होने जा रहे मोदी के संबोधन कार्यक्रम को रोका जाएगा। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से 30 दिन से दिल्ली के बॉर्डर पर किसान अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे हैं, इससे लगता है कि सरकार पूरी तरह उदासीन है। ऐसा लगता है प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कंबल ओढ़ कर सोए हुए हैं। किसानों से ध्यान हटाकर वर्चुअल सभा करने में लगे हुए हैं। इसके विरोध में वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान काले झंडे दिखाए जाएंगे।