{"_id":"5f31214a49b2c30a7804db8c","slug":"lekhpal-offered-bribe-to-bjp-mp-rajveer-diler-to-stop-transfer-in-hathras","type":"story","status":"publish","title_hn":"तबादला रुकवाने के लिए मिठाई के डिब्बे में नोट लेकर आया लेखपाल, भाजपा सांसद ने निकाला घर से बाहर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
तबादला रुकवाने के लिए मिठाई के डिब्बे में नोट लेकर आया लेखपाल, भाजपा सांसद ने निकाला घर से बाहर
Mon, 10 Aug 2020 03:58 PM IST
Vikas Kumar
संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस
संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस
Published by: Vikas Kumar
Updated Mon, 10 Aug 2020 03:58 PM IST
सार
- एक भाजपा नेता को भी ले गया था अपने साथ, सांसद ने दोनों को फटकार कर घर से निकाला
- सांसद ने लेखपाल के खिलाफ डीएम को लिखा पत्र, भाजपा नेता के खिलाफ भी कराएंगे कार्रवाई
विज्ञापन
सांसद राजवीर दिलेर ने लेखपाल के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए डीएम को सौंपा पत्र
- फोटो : amar ujala
विस्तार
एक लेखपाल ने भाजपा नेता के साथ भाजपा सांसद राजवीर दिलेर के निवास पर जाकर मिठाई के डिब्बे में पचास हजार रुपये बतौर रिश्वत देने की कोशिश की। उसका मकसद अपना तबादला रुकवाना था। सांसद ने न केवल इस लेखपाल को लताड़ कर अपने घर से बाहर निकाल दिया, बल्कि उसके साथ गए भाजपा नेता को भी जमकर फटकारा। सांसद ने इस लेखपाल के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए डीएम को पत्र सौंपा है।
विज्ञापन
इसका सनसनीखेज खुलासा खुद सांसद राजवीर दिलेर ने यहां लोनिवि के गेस्ट हाउस में पत्रकारों से वार्ता करते हुए किया। उन्होंने बताया कि पिछले दिनों जब वह सिकंदराराऊ में जन सुनवाई कर रहे थे तो वहां यह बात सामने आई कि रोडवेज बस स्टैंड के लिए आवंटित भूमि के पट्टे कर दिए गए हैं। यह बात भी निकल कर आ रही थी कि इसके एवज में कुछ अधिकारियों व लेखपाल ने मोटी धनराशि वसूल की है।
विज्ञापन
इस पर उन्होंने स्पष्ट कहा था कि किसी भी भूमि का गलत तरीके से पट्टा आवंटित नहीं होना चाहिए और इसमें जो भी लिप्त हों, उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। इस मामले की शिकायत उन्होंने डीएम से भी की। ऐसे में इस भूमि का गलत आवंटन नहीं हो पाया। इस मामले में लेखपाल के खिलाफ कार्रवाई के लिए उन्होंने कहा था तो लेखपाल वीरेंद्र वारसौल का तबादला भी सिकंदराराऊ से सादाबाद के लिए करने के आदेश दे दिए गए।
विज्ञापन
सांसद ने बताया कि दो दिन पहले जब वह अपने निवास अलीगढ़ पर जनसुनवाई कर रहे थे तो यह लेखपाल भाजपा जिला कमेटी के एक पदाधिकारी को लेकर पहुंच गया और उनसे तबादला रुकवाने का अनुनय करने लगा। लेखपाल और भाजपा नेता मिठाई का डिब्बा भी लेकर आए थे।
सांसद ने बताया कि उन्हें कुछ शक हुआ तो उन्होंने इस मिठाई के डिब्बे को सबके सामने खुलवाया। इस डिब्बे में पचास हजार रुपये का लिफाफा रखा था। इस पर उन्होंने लेखपाल को जमकर खरी खोटी सुनाई और उसके साथ आए भाजपा नेता को भी काफी फटकारा। सांसद दिलेर ने अब इस लेखपाल के खिलाफ प्रशासनिक व विभागीय कार्रवाई करने के लिए डीएम को पत्र लिखा है। उन्होंने बताया कि वह इस भाजपा नेता के खिलाफ कार्रवाई के लिए अपने आला नेताओं के बात करेंगे।
अधिकारी के माध्यम से भी पहुंचाया था मोटी रकम का ऑफर
बताते हैं कि इस लेखपाल ने इससे पहले जिला स्तर के एक अधिकारी के माध्यम से भी मोटी रकम का ऑफर सांसद दिलेर तक पहुंचाया था, लेकिन सांसद के तीखे तेवर देख अधिकारी आगे बात नहीं बढ़ा सका था। सांसद ने बताया कि एक अधिकारी ने भी भी लेखपाल की जमकर पैरवी की थी।