प्रेम प्रसंग छिपाने के लिए युवती ने घर के बुजुर्ग को जान से मारा, मोबाइल रिकार्डिंग से हुआ खुलासा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
महानगर के थाना गांधी पार्क के डोरी नगर में रविवार रात हुई वृद्धा की गला दबाकर हत्या के मामले का मंगलवार को खुलासा हो गया। महिला के संग घर में सो रही परिवार की ही युवती ने उनकी हत्या की थी। युवती के मोबाइल फोन की कॉल रिकार्डिंग से मामले का खुलासा हुआ है। कॉल रिकार्डिंग सामने आने के बाद टूटी युवती ने पुलिस के सामने हत्या के पीछे प्रेम संबंधों को छिपाने की बात स्वीकार की। पुलिस इस मामले में अब युवती के प्रेमी की भूमिका की जांच में जुट गई है।
एसपी सिटी अभिषेक ने मंगलवार को अपने कार्यालय पर प्रेसवार्ता कर बताया कि हत्याकांड में पुलिस का शक शुरुआत से ही भगवान देवी के संग घर में सो रही परिवार की युवती पर जा रहा था। सोमवार को रात को उसके मोबाइल फोन खंगाला तो उसमें युवती और उसके प्रेमी के बीच की बातचीत सामने आई।
बातचीत में वह प्रेमी को बता रही थी कि वृद्धा ने सब कुछ देख लिया है। अब वह परिवार के अन्य लोगों बता देगी। इसके आधार पर पुलिस ने युवती से कड़ी पूछताछ की तो उसने बताया कि उसके पड़ोस के मोहल्ले के एक युवक से प्रेम संबंध हैं।
रविवार रात को घर पर वृद्धा के संग अकेली होने पर युवक को घर बुलाया था। रात को अचानक वृद्धा की आंख खुल गई और हमें रंगे हाथों पकड़ लिया। इससे घबराकर युवक मौके से भाग गया। युवती के अनुसार प्रेमी के जाने के बाद वृद्धा ने पूरा मामला उसके मां-पिता को बताने की धमकी दी थी।
परिवार के सामने मामला उजागर होने के डर से दोनों में झगड़ा हुआ और झगड़े के दौरान उसने गला दबाकर व मुंह में कपड़ा ठूंसकर उन्हें मौत के घाट उतारा था। एसपी सिटी के अनुसार आरोपी युवती को जेल भेजे जाने की तैयारी है। साथ ही उसके प्रेमी की भूमिका की जांच की जा रही है। प्रेसवार्ता में सीओ संजीव दीक्षित, थाना गांधी पार्क इंस्पेक्टर धीरेंद्र मोहन शर्मा मौजूद रहे।
प्रेमी ने खुद को बताया निर्दोष
एसपी सिटी के अनुसार युवती के मोबाइल फोन से मिले नंबर से उसके प्रेमी से पुलिस ने बात की तो वह खुद को निर्दोष बताने लगा। युवक के अनुसार वह रात रंगे हाथों पकड़े जाने के बाद मौके से चला आया था। उसने युवती को फोन कर सुबह परिवार के लोगों से बात करने के आश्वासन दिया था। मगर युवती ने वृद्धा की गला दबाकर हत्या कर दी।
चार दिन से लगातार आ रहा था प्रेमी
पुलिस पूछताछ में युवती ने स्वीकारा कि घर में वह चार दिन से वृद्धा संग अकेली थी और पिछले चार दिन से लगातार उसका प्रेमी उससे मिलने आ रहा था। घटना वाली रात भी उसने खुद फोन करके प्रेमी को बुलाया और वह अंदर कमरे में बंद हो गए। खटर-पटर होने पर वृद्धा जाग गई और जब उसने कमरे का दरवाजा पीटा तो मजबूरी में दरवाजा खोलना पड़ा। इस दौरान प्रेमी भाग गया, जबकि युवती व वृद्धा के बीच इस बात पर खूब हुज्जत हुई कि वह प्रेमी का नाम बता दे और उसकी अब जल्द शादी करा दी जाएगी। इसी दौरान वृद्धा का मुंह बंद करने के इरादे से उसने मुंह व गला दबाया। बस इसी में वृद्धा की जान चली गई।
खुद सामान फैलाकर रचा चोरी का नाटक
इस घटना के बाद वृद्धा मर गई तो उसने खुद कमरे में पुराने कपड़ों के ट्रंक का सामान फैलाकर चोरी का नाटक रचा, जबकि वृद्धा के कानों के कुंडल, मुख्य बक्शे का सामान ज्यों का त्यों था। इसी बात पर पुलिस को संदेह हो गया था कि चोरी की बात निराधार है।