टूर एंड ट्रैवल्स एजेंसी की आड़ में अवैध रूप से रेल यात्रा की ई-टिकट का कारोबार करने वाले एक आरोपी को बुधवार दोपहर आरपीएफ द्वारा दबोचा गया। इंद्रा मार्केट, रेलवे रोड पर एक दुकान से वह इस कारोबार को कर रहा था। आरोपी के पास से पर्सनल आईडी सहित टिकट जारी करने के उपकरण बरामद हुए हैं। उसके खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
आरपीएफ पोस्ट कमांडर चमन सिंह तोमर और सीआईबी इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार कौशिक ने बताया कि मुखबिर के जरिए इंद्रा मार्केट की दुकान में अवैध रूप से रेल ई-टिकट का कारोबार होने की जानकारी मिली थी। उसके आधार पर छापेमारी की गई। मौके पर इंद्रा मार्केट में स्थित प्रधान टूर एंड ट्रैवल्स पर मनोज कुमार कश्यप पुत्र प्रेमपाल सिंह निवासी नगला मसानी थाना, देहली गेट मिला। उसके पास से आईआरसीटीसी की एक अधिकृत आईडी सहित तीन व्यक्तिगत यूजर आईडी मिलीं। साथ ही कुछ टिकट भी बरामद हुईं। थाने लाकर की गई पूछताछ में आरोपी ने बताया कि टिकट बनाकर जरूरतमंदों को टिकट मूल्य से 100 रुपये से 150 रुपये अधिक मूल्य पर बेचता था। ई-टिकट बनाने में प्रयोग किए जाने वाले 1 लैपटॉप, 1 प्रिंटर व नगद 1500 रुपये बरामद हुए। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में एसआई खजान सिंह, एएसआई ओमवीर सिंह व अन्य मौजूद रहे।