केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना को लेकर शुक्रवार को कस्बा जट्टारी व यमुना एक्सप्रेस वे पर हुए बवाल के बाद रेलवे स्टेशन पर हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। प्रशासन को शंका है कि आंदोलनकारी रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर ट्रैक को बाधित कर सकते हैं। इसके मद्देनजर सुबह से देर शाम तक भारी पुलिस फोर्स तैनात रहा। जीआरपी एवं आरपीएफ के जवान गश्त करते रहे। यहां एससीएम प्रथम केबी सिंह, द्वितीय सुधीर कुमार, डीएसओ शिवाकांत पांडेय समेत तीन-तीन मजिस्ट्रेट तैनात रहे।
सीओ सिविल लाइंस श्वेताभ पांडेय कई थानों की पुलिस फोर्स को लेकर रेलवे स्टेशन पर सूचना लेते रहे। आरपीएफ पोस्ट कमांडर राजीव वर्मा, एसएसआई अमित सिंह, जीआरपी के प्रभारी निरीक्षक सुबोध कुमार आदि ने स्टेशन परिसर के अलावा रेलवे ट्रैक पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। आस-पास के मडराक, दाऊद खां, महरावल, कुलवा, सोमना, डांबर स्टेशन पर भी जवानों की तैनाती की गई है। इसके अलावा ऐसे स्थानों को भी चिन्हित किया गया है, जहां से आंदोलनकारी युवा रेलवे ट्रैक पर पहुंचकर यातायात को प्रभावित कर सकते हैं। वहां निगरानी की जा रही है।