संपूर्ण समाधान दिवस: शिकायत आईं 80, निस्तारण हुआ बस आठ का, 53 शिकायतें राजस्व विभाग की
इगलास में डीएम की अध्यक्षता वाला संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। जिसमें 80 शिकायतें आईं और निस्तारण बस आठ का हुआ। सबसे ज्यादा शिकायतें राजस्व विभाग की थीं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
संपूर्ण समाधान दिवस 19अप्रैल सुबह इगलास तहसील के सभागार में हुआ। इसमें सांसद अनूप प्रधान ने राजस्व विभाग के अधिकारियों से कहा कि इस समय खेत खाली हैं। नाली, चकरोड, सार्वजनिक उपयोग की भूमि खाली करा लें। फसल की बुवाई हो जाने पर दिक्कत होती है। उन्होंने कहा कि धारा 34 के मामलों में 35 से 45 दिनों के अंदर नामांतरण हो जाना चाहिए।
सांसद ने कहा कि तहसील में 46 वाद तीन से पांच वर्ष से लंबित चल रहे हैं। इनको निपटाया जाए। धारा 24 के तहत मेड़ बंदी तीन माह में हो जाना चाहिए। तहसील में 10 मामले एक वर्ष से लंबित हैं, इनको भी हल किया जाए। कुरा बंटवारे के लिए छह माह का समय निर्धारित है, इसमें 11 प्रकरण लंबित हैं। इनको भी हल कराएं। उनके साथ विधायक राजकुमार सहयोगी भी उपस्थित रहे। इस मौके पर 80 शिकायतें दर्ज हुईं, इनमें से केवल आठ का निस्तारण हुआ। सर्वाधिक 53 शिकायतें राजस्व विभाग की रहीं।
साहब भतीजा खो चुका हूं, बिजली विभाग सुन नहीं रहा
गांव तेहरा निवासी सुंदर सिंह ने बताया कि पूरा परिवार बिजली की जर्जर लाइन से परेशान हैं। विभाग की लापरवाही के कारण वे अपना भतीजा खो चुके हैं। जर्जर लाइन सही करने की शिकायत कई बार कर चुके हैं, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। गांव छैंछऊ की गीता देवी ने कूटरचित दस्तावेजों से जमीन का बैनामा करने की शिकायत की। गांव अरनिया की गढ़ी निवासी पूनम बेटे के साथ इलेक्ट्रिक व्हील चेयर से पहुंची और आर्थिक तंगी का हवाला देते हुए आवास दिलाने की मांग की। नगला चंद्राम के दिव्यांग ओमवीर ने शौचालय के लिए सचिव द्वारा रिपोर्ट न लगाने की शिकायत की। इन शिकायतों पर संबंधित विभागों को समाधान करने के निर्देश दिए गए।
संयुक्त टीम बना कर निराकरण कराएं : डीएम
डीएम संजीव रंजन ने कहा कि पुलिस एवं राजस्व की संयुक्त टीम शिकायतों का निराकरण कराएं। पैमाइश व बंटवारे के मामलों में निर्णय हुआ है तो उसका अनुपालन समयबद्धता के साथ किया जाए। लेखपाल एक अप्रैल से पूर्व के पैमाइश एवं निर्विवाद विरासत के सभी प्रकरणों को 15 मई तक निस्तारित करें। एसएसपी संजीव सुमन ने कहा कि अधिकारी गंभीरता से शिकायतों का समाधान करें। इस अवसर पर एडीएम प्रशासन पंकज कुमार, सीएमओ डाॅ. नीरज त्यागी, डीडीओ आलोक आर्य, एसडीएम शाश्वत त्रिपुरारी, नायब तहसीलदार तान्या शर्मा, संदीप कुमार आदि थे।