फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Aligarh News ›   Eid Mubarak ... Festivals and the Sweetness of the Savoy

ईद मुबारक... फिजाओं में बधाइयों और सेवइयों की मिठास

Sat, 16 Jun 2018 01:59 AM IST
न्यूूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
न्यूूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़। Updated Sat, 16 Jun 2018 01:59 AM IST
विज्ञापन
Eid Mubarak ... Festivals and the Sweetness of the Savoy
Shahjamal Idgah decorated with electric light on eid eve - फोटो : Dig Vishal
शुक्रवार को इस रमजान के मुकद्दस महीने का पांचवां जुमा अल विदा मनाया गया। ऊपरकोट जामा मस्जिद पर कड़ी सुरक्षा के बीच जुमे की नमाज हुई। शाम को शनिवार को ईद मनाए जाने का एलान किया गया। ईद का एलान होने के साथ ही चांद रात भी हो गई। ईद की मुबारकबाद दी जाने लगी। मोबाइल के मैसेज बाक्स, व्हाटस एप ग्रुप और सोशल मीडिया के सभी प्लेटफार्म पर बधाइयों के संदेश सरपट दौड़ने लगे। चांद रात के एलान के साथ दुकानों में दूध, सेवईं, सूतफेनी की मारामारी शुरू हो गई।
विज्ञापन


देर रात तक शहर के सभी प्रमुख बाजार खुले रहे। पुलिस ने भी सुरक्षा के मद्देनजर गश्त बढ़ा दी। जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और नगर निगम ने संयुक्त रूप से शाहजमाल स्थित नए पुराने ईदगाह, जमालपुर ईदगाह सहित अन्य प्रमुख मस्जिदों में साफ सफाई, पेयजल, बिजली आपूर्ति और स्थानीय यातायात व्यवस्था के साथ सुरक्षा को लेकर इंतजाम पुख्ता किए। शाहजमाल ईदगाह को रंगबिरंगी रोशनी से सजाया गया। प्रमुख नमाज स्थलों पर ड्रोन कैमरों से निगरानी होगी। आरएएफ, पीएसी और पुलिस की अतिरिक्त तैनाती की जा रही है।
विज्ञापन


सादगी से मनाइए ईद : आमिर रशीद 
मुस्लिम यूथ एसोसिएशन के अध्यक्ष मो. आमिर रशीद ने शहरवासियों से आह्वान करते हुए कहा है कि ईद उल फि तर का त्योहार सादगी से मनाया जाए। उन्होंने कहा कि सीरिया, इराक, ईरान में लाखों बेगुनाह मुसलमान मारे जा रहे है और हमारे देश के कश्मीर में दर्जनों वीर सैनिक इस रमज़ान के पाक महीने में शहीद हुए है। बांग्लादेश, केरल और पश्चिम बंगाल में भी हिंदू भाइयों की निरंतर राजनैतिक हत्याएं हो रहीं हैं। ऐसे में ख़ुशी मनाने का कोई औचित्य नहीं रह जाता। इंसानियत को मज़बूत करने के लिए हम सबको एक दूसरे के साथ खड़ा होना चाहिए। इस्लाम की मूल शिक्षा यही है। ईद की दुआओं में ऐसे लोगों को जरूर याद करें। 
विज्ञापन
विज्ञापन


ईद की नमाज का वक्त 
1-शाहजमाल ईदगाह में             7.30 बजे 
2-ऊपरकोट जामा मस्जिद में       8.00 बजे 
3-बू अली शाह मस्जिद            8.15 बजे 
4-यूनिवर्सिटी जामा मस्जिद में 7.30 और 8.30 बजे नमाज
ईद की नमाज अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय की जामा मस्जिद एहले सुन्नत (सुन्नी) के लिए प्रात: 7:30 बजे तथा एहले तशी (शिया) के लिए प्रात: 8:30 बजे होगी। 

तीस रोजे पूरे हुए तो हो गई ईद
रमजान के महीने का तीसवां रोजा शुक्रवार 15 जून को हो गया था, इसलिए शनिवार को ईद होना तय था। हुआ भी यही। शुक्रवार शाम 7:40 बजे शहर मुफ्ती खालिद हमीद ने शनिवार को ईद मनाने का एलान कर दिया। उन्होंने बताया कि जब 29 रोजे होते हैं तो चांद के दीदार पर तीसवें दिन ईद मना ली जाती है, लेकिन अगर तीस रोजे पूर हो जाएं तो चांद का दीदार हो या न हो, उसके दीदार की गवाही हो या न हो। अगले दिन ईद मना ली जाती है। शुक्रवार को पांचवां जुमा अल विदा मनाया गया। शाम को रोजा अफ्तार 7:19 बजे हुआ। इसके बाद मगरिब की नमाज 7:30 बजे हुई। इस नमाज के बाद 7:40 पर एलान हुआ कि ईद शनिवार को मनाई जाएगी। एलान के साथ ही एक गोला दागा गया और मस्जिद का खास बल्ब जला दिया गया। इसके साथ ही ईद की बधाई दी जाने लगी और चांद रात भी हो गई।  

कड़े सुरक्षा घेरे में रहेगा ईदगाह स्थल : एसपी सिटी
 एसपी सिटी अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि ईद की नमाज पर सुरक्षा व्यवस्था चाकचौबंद करने के लिए तीन कंपनी आरएएफ, दो कंपनी पीएसी, 50 उप निरीक्षक, 8 थाना प्रभारी, शहर में तैनात क्षेत्राधिकारियों के अलावा तीन अतिरिक्त क्षेत्राधिकारी, तीन सौ कांस्टेबिल, शहर के सभी थानों के थाना प्रभारी ईद की नमाज मुकम्मल होने तक अलग अलग स्थानों पर तैनात रहेंगे। ईदगाह स्थल को कुल नौ सेक्टर में बांटा गया है। हर सेक्टर का प्रभारी एक थाना प्रभारी होगा। इन सेक्टरों पर चार जोन बनाए गए हैं, जिसमें क्षेत्राधिकारी स्तर से अधिकारी तैनात रहेंगे। ईदगाह स्थल पर एंटी माइनस, एंटी सबोर्स्टाज, हैंड मेटल डिटेक्टर, बम स्क्वायड , डॉग स्कावाड ने ईदगाह का पूरा चेक करने के बाद कड़े सुरक्षा घेरे में ले लिया है। सुबह तक पुलिस की निगरानी में रहने के बाद नमाज के वक्त ईदगाह कमेटी के पदाधिकारियों की मौजूदगी में इसको खोला जाएगा। इसके बाद नमाज अदा कराई जाएगी। नमाज शुरू होने से पूरी होने तक ड्रोन कैमरों से निगरानी होगी और वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। प्रमुख चौराहों पर सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी की जा रही है। यातायात व्यवस्था को पूरी तरह से प्रभावी रखने के लिए रूट डायवर्ट किया गया है। 

मेहंदी, सेंवईं, दूध, कपड़े और फुटवियर की दुकानों पर रही भीड़ 
अलीगढ़। चांद रात के दिन सुबह से देर रात तक बाजारों में भीड़ रही। अमीरनिशां और रेलवे रोड से ऊपरकोट तक सबसे ज्यादा भीड़ रही। इन स्थानों पर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहा। पत्थर बाजार, मामूभंाजा, बड़ा बाजार, सराय हकीम, महावीरगंज, सराय हकीम, अप्सरा रोड, ढपरा रोड, इंदिरा मार्केट, घास की मंडी, सराफा बाजार, रामघाट रोड, सेंटर प्वाइंट, जमालपुर, शाहजमाल, शमशाद मार्केट में देर रात तक खरीददारी होती रही। अमीरनिशा, रेलवे रोड और सेंटर प्वाइंट पर मेहंदी लगवाने वाले कलाकारों के पास महिलाओं और युवतियाें की भीड़ रही।

कुछ कलाकारों ने घरों में जा कर भी मेहंदी लगाई। ब्यूटी पार्लर में भी नई नवेली दुल्हनों ने शृंगार कराया। छोटी बच्चियों में इसके लिए होड़ लगी रही। कपड़े, साड़ी, सलवार सूट, चुन्नी, रेडीमेड कपड़े, छोटे बच्चों के कपड़े, कुर्ता पायजामा, टोपी, इत्र, जींस, शर्ट, टी शर्ट, सैंडिल, जूते सबसे ज्यादा खरीदे गए। शाम से दूध की दुकान, सेवईं और सूतफेनी की दुकानों में भी भीड़ होने लगी। ईद पर सेवईंयाें की सबसे ज्यादा खरीददारी हुई।  

भाईचारे का संदेश देती है ईद : मंडलायुक्त 
अलीगढ़। ईद के मौके पर जनपद वासियों को बधाई देते हुए मंडलायुक्त अजय दीप सिंह ने कहा है कि ईद प्रेम और भाईचारे का त्योहार है। इसको सादगी और प्रेम के साथ मनाएं। डीआईजी डा. प्रीतिंदर सिंह ने कहा है कि भारत में हर त्योहार एक जश्न की तरह होता है, जिसमें सभी धर्म और सम्प्रदाय के लोग जोश के साथ शामिल होते हैं। ईद भी ऐसा ही एक जश्न है लेकिन जश्न मनाते वक्त हमें दूसरों के सुख दुख का भी पूरा ख्याल रखना चाहिए। जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने कहा कि ईद के त्योहार पर हम सभी को चाहिए कि जरूरतमंदों की ज्यादा से ज्यादा मदद करें ताकि वो भी हंसी खुशी त्योहार मना सके। एसएसपी अजय साहनी ने कहा है कि ईद के त्योहार पर संकल्प लें कि सभी यातायात नियमों का पालन करेंगे और खुद सुरक्षित रहने के साथ दूसरों को भी सुरक्षित करने में पूरी मदद करेंगे। 
-------------
पानी और बिजली की किल्लत
अलीगढ़। ऊपरकोट जामा मस्जिद, भुजपुरा, शाहजमाल एडीए कालोनी सहित कई इलाकों में जुमे के दिन दोपहर में पानी की आपूर्ति नहीं होने से नमाजियों को दिक्कत हुई। बजू करने के लिए भी पानी बमुश्किल मिला। इस दौरान नगर निगम के टैंकरों से होने वाली सप्लाई भी नहीं मिली। समाजसेवी गुलजार ने बताया कि पानी की व्यवस्था बेहतर होती तो लोगों को परेशानी नहीं होगी। लेकिन नगर निगम प्रशासन इसमें चूक गया है। अब कम से कम ईद के दिन पानी की कमी न होने दिया जाए। इसके लिए नगर निगम के अधिकारियों को कहा भी गया है। 

------------------
रूट बंद है कृपया ध्यान रखें
अलीगढ़। ईद के मौके पर शहर में यातायात व्यवस्था सुबह 5 बजे से दोपहर 11 बजे तक परिवर्तित रहेगी। सभी भारी एवं हल्के वाहन, ई रिक्शा- टिर्री का प्रवेश निम्नानुसार प्रतिबंधित रहेगा। जहां यातायात पुलिस तैनात नहीं है। वहां पर संबंधित थाना प्रभारी पर्याप्त पुलिस लगाकर नई व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। 

1- बन्नादेवी फ ायर सर्विस वाले तिराह से गूलर रोड तथा रघुवीर रोड की ओर
2- मसूदाबाद चौराहे से जमीराबाद चौराहे की ओर
3- रसलगंज चौराहे से मलखान सिंह की ओर
4- कवरकुत्ता तिराहे से रेलवे रोड की ओर।
5- आगरा रोड से मामू भान्जा की ओर।
6- मदारगेट तिराहे से  हलवाई खाना की ओर।
7- सासनीगेट चौराहे की ओर।
8- इगलास रोड से कासिम  नगर बाईपास की ओर।
9- खैर रोड पर गोंडा तिराह से खैर अड्डा की ओर।

स्कूटर, रिक्शा, साईकिल निम्नानुसार प्रतिबंधित रहेंगे।
1- देहलीगेट चौराहा से खैर रोड की ओर
2- खैर रोड पशुचिकित्सालय के पास स्थित सम्पूर्ण मार्ग।
3- खटीकान चौराहे से खैर रोड की ओर।
4- हीरानगर चौराहे से खैर रोड की ओर।
5- हीरानगर चौराहे से पटपटगंज तिराहे की ओर।
6- हीरागंज चौराहे से चरख वाले की ओर।
7- जौहरी मन्दिर से चरख वाले की ओर
8- करवला से ईदगाह की ओर।
9- महेशपुर फ ाटक से थाना क्वार्सी की ओर।
10-जमालपुर फ ाटक से चौकी जमालपुर की ओर।
11-पुरानी चुंगी जमालपुर की ओर।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed