कोरोना संक्रमण से जरा सी राहत मिलने के बाद लापरवाही फिर भारी पड़ने लगी है। ऐसे में लोगों को मास्क, सैनिटाइजर व सोशल डिस्टेसिंग का महत्व समझाया गया और उनको मास्क व सैनिटाइजर वितरित किया गया।
शुक्रवार को रामघाट रोड स्थित किशनपुर तिराहा के पास अमर उजाला फाउंडेशन के साथ मिलकर कलर्स ऑफ साड़ी सुहाग शोरूम की संचालन टीम ने 1500 लोगों को मास्क वितरित किए।
साथ ही 200 लोगों को सैनिटाइजर की शीशियां बांटी। कलर्स ऑफ साड़ी सुहाग के मालिक सागर अरोरा, मैनेजर राहुल सैनी व कर्मचारी बलवीर, सोनू सक्सेना, गिरीश, दुष्यंत भारद्वाज ने बिना मास्क लगाए गुजर रहे राहगीरों, ऑटो, ई-रिक्शा चालकों व अन्य वाहन चालकों को रोक कर कोरोना के प्रति जागरूक किया। सागर अरोरा ने लोगों को बताया कि कोरोना की दूसरी लहर आ गई है। हर रोज देश में करीब 50 हजार मामले मिल रहे हैं। अलीगढ़ की जनता ने एक साल पहले लंबा लॉकडाउन झेला है। वैसा लॉकडाउन फिर न लगे, इसके लिए हमें खुद से जागरूक होना पड़ेगा। बिना मास्क लगाए घर से न निकलें। लोगों ने भी उनकी बातों से सहमति जाहिर की और मास्क के नियमित इस्तेमाल का प्रण लिया।