छर्रा कस्बे के दीपक पाठक यूक्रेन से पोलैंड पहुंच गए हैं। वहां से निकलने में भारत सरकार की एजेंसियां उनकी मदद कर रही हैं। परिजनों का कहना है कि वह जल्द ही अलीगढ़ पहुंच जाएगा। कस्बा के मोहल्ला शिवपुरी गली नंबर एक निवासी डॉ. सुशील कुमार पाठक ने बताया कि उनका बेटा दीपक यूक्रेन में मेडिकल की पढ़ाई करने गया था। रूस-यूक्रेन युद्ध के चलते वह खारकीव में फंस गया था। दीपक ने बताया कि वह बुधवार रात पोलैंड पहुंच गया है। इस संबंध में उपजिलाधिकारी अतरौली ने उच्चाधिकारियों को अवगत कराया है। सुशील पाठक ने बताया कि दीपक से लगातार संपर्क बना हुआ है। वह जल्द ही अलीगढ़ पहुंच जाएगा।
बृहस्पतिवार को भाजपा की क्षेत्रीय मंत्री अनीता जैन, जिला महामंत्री शिवनारायण शर्मा, उपाध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी, लालू महाजन एवं पुष्पांजलि राजपूत आदि दीपक के घर पहुंचे। उनके पिता सुशील पाठक एवं माता सुशीला पाठक से बातचीत की। सुशील पाठक ने मोदी सरकार का आभार व्यक्त किया। भाजपा नेताओं ने दीपक पाठक के परिजनों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।