जहरीली शराब कांड : ऋषि के फार्म हाउस और तालानगरी की घी फैक्टरी में भी बनती थी नकली शराब
फैक्टरी का संचालक बुलंदशहर का रहने वाला है। उसी फैक्टरी संचालक के जरिये ही केमिकल कारोबारी विजेंद्र कपूर ने शराब सिंडिकेट को अल्कोहल देना शुरू किया था।
विस्तार
जहरीली शराब कांड में पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई का दौर जारी है। इसी कड़ी में शनिवार को नया खुलासा हुआ है कि शराब माफिया ऋषि शर्मा के जवां सिकंदरपुर फार्म हाउस और तालानगरी की एक नकली घी फैक्टरी में भी शराब बनती थी। इस फैक्टरी का संचालक बुलंदशहर का रहने वाला है। उसी फैक्टरी संचालक के जरिये ही केमिकल कारोबारी विजेंद्र कपूर ने शराब सिंडिकेट को अल्कोहल देना शुरू किया था। ऋषि की मदद से पुलिस ने घी फैक्टरी संचालक को दबोच लिया और शनिवार को कारोबारी विजेंद्र कपूर को रिमांड पर लेकर उसका आमना-सामना कराया तो कपूर सच कबूलने पर मजबूर हो गया। अब पुलिस कपूर को रात में बरेली ले जाने की तैयारी में है। जहां से उसने अल्कोहल सहित अन्य तरह के केमिकल की सप्लाई मिलने की जानकारी दी है।
जहरीली शराब कांड में मुख्य आरोपी एक लाख के इनामी रहे शराब तस्कर ऋषि शर्मा को शुक्रवार सुबह तीन दिन की रिमांड पर लिया गया था। उससे पूछताछ के आधार पर यह साफ हुआ कि वह खुद अपने फार्म हाउस पर शराब बनवाता था। इसके अलावा, तालानगरी की घी फैक्टरी में भी शराब बनती थी। उस फैक्टरी का संचालक मूल रूप से बुलंदशहर का रहने वाला है। ऋषि ने बताया कि उसी संचालक के जरिये हमारे शराब सिंडिकेट को कारोबारी विजेंद्र कपूर से अल्कोहल मिला करता था। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने रात में ही उस संचालक को धर दबोचा।
दोबारा रिमांड पर लिए विजेंद्र कपूर से कराया सामना
शनिवार सुबह दस बजे तालानगरी की केमिकल फैक्टरी के स्वामी कारोबारी विजेंद्र कपूर को भी रिमांड पर लिया गया। इसके बाद कपूर का जब घी फैक्टरी संचालक से सामना कराया तो वह हक्का-बक्का रह गया और पिछले रिमांड की तरह असहयोग के बजाय कुछ भी छिपाने की स्थिति में नहीं रहा। कपूर ने स्वीकारा कि घी फैक्टरी संचालक को वह लंबे समय से एसडीएस (एक्सट्रा न्यूटल अल्कोहल) देता था। यह केमिकल वह शराब बनाने के लिए लेता था। इसी घी फैक्टरी संचालक ने उसकी मुलाकात विपिन, शिवकुमार, अनिल चौधरी व ऋषि के शराब सिंडिकेट से कराई और कपूर उन्हें भी अल्कोहल की सप्लाई देने लगा। अब कपूर ने स्वीकारा है कि उसे बरेली के ठिकाने से केमिकल व अन्य सभी तरह के अल्कोहल मिलते थे। इसे लेकर पुलिस की एक टीम उस ठिकाने पर रात में ही जाने की तैयारी में है। जहां कपूर को भी साथ लेकर जाया जाएगा। ताकि उसकी बात की तस्दीक कराई जा सके।
ऋषि व घी फैक्टरी संचालक ने बताए एक दर्जन नाम
रिमांड पर लिए गए ऋषि व घी फैक्टरी संचालक से पूछताछ का दौर अभी जारी है। उनसे बातचीत के आधार पर इस सिंडिकेट से जुड़े छोटे-बड़े करीब एक दर्जन अन्य नाम भी सामने आए हैं। जिनकी तलाश में अलग से टीमों को लगा दिया गया है। घी फैक्टरी पर भी पुलिस ने काफी कुछ खंगाला है। मगर अब उन्हें वहां किसी तरह का माल नहीं मिला है।
ऋषि का कल और कपूर का आज होगा रिमांड पूरा
न्यायालय के निर्देश पर ऋषि का रिमांड सोमवार तड़के तक है, जबकि कपूर का रविवार रात 10 बजे तक है। तब तक ये पुलिस अभिरक्षा में हैं। निर्धारित समय पर दोनों को जेल दाखिल किया जाएगा।
इन सवालों पर कपूर ने स्वीकारा गाेरखधंधे का सच
तालानगरी में सैनिटाइजर व स्याही फैक्टरी के संचालक विद्या नगर निवासी केमिकल कारोबारी विजेंद्र कपूर को शनिवार सुबह दूसरी बार दो दिन के रिमांड पर लिया गया है। इस दौरान पुलिस व आबकारी टीम ने उससे कई घंटे तक संयुक्त रूप से पूछताछ की। चूंकि, इस बार घी फैक्टरी संचालक से उसका सामना करा दिया गया था और पहली बार के रिमांड पर जब्त किए गए दस्तावेजों का अध्ययन भी टीमों ने कर लिया था। इसलिए इस बार वह सवालों में उलझ गया और अपनी गलती का सच उसने स्वीकार लिया। बता दें कि तीन दिन पहले हुए रिमांड पर कपूर ने पूछताछ में सहयोग नहीं किया था।
टैंक है, फिर ड्रमों में क्यों था माल
पूछताछ में उसने स्वीकारा कि 24 हजार लीटर का टैंक फैक्टरी में है। इसके बावजूद वह ड्रमों में माल रखता था। टैंक पूरी तरह खाली था। पिछले छह माह का स्टाक रजिस्टर ही तैयार नहीं था। कहीं कुछ लिखा भी था तो वह कटा हुआ था। पहली बार की पूछताछ में वह इन मुद्दों पर पुलिस को गुमराह करता रहा। सैनिटाइजर बनाने के लिए जो लाइसेंस दिखाया गया है। उसकी सत्यता क्या है। जो माल वह लेकर आता है, उसका सही सोर्स क्या है। इस बार उसने इन तमाम सवालों के जवाब दिए हैं।
- पुलिस रिमांड पर लिए गए शराब तस्कर ऋषि व विजेंद्र कपूर से पूछताछ में इस सिंडिकेट को लेकर महत्वपूर्ण सुराग हाथ लग रहे हैं, जिन पर हमारी टीमें काम कर रही हैं। दो नए नाम भी इस रैकेट में और सामने आए हैं। उनको भ हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। संभव है कि रविवार को इस कांड में और खुलासे किए जाएंगे। - कलानिधि नैथानी, एसएसपी