AMU: प्रवेश परीक्षा 9 अप्रैल से, तीन स्तरों पर जांच के बाद होगी एंट्री, होगी मेटल डिटेक्टर और बायोमीट्रिक जांच
एएमयू में मेटल डिटेक्टर के इस्तेमाल के लिए सुरक्षाकर्मियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। व्यवस्थापकों और सुरक्षा कर्मियों को वर्तमान समय में नकल के लिए प्रयोग किए जाने वाले उपकरण, तरीकों, उसकी जांच करने और ऐसी घटनाओं को पकड़ने से संबंधित विभिन्न तरीकों के विषय में बताया जा रहा है।
विस्तार
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) में अगले सप्ताह नौ अप्रैल से शुरू हो रहीं प्रवेश परीक्षाओं में फर्जीवाड़ा रोकने के लिए विवि प्रशासन ने त्रिस्तरीय चेकिंग व्यवस्था की है। परीक्षा कक्ष में प्रवेश से पहले विद्यार्थियों को मेटल डिटेक्टर और बायोमीट्रिक जांच से गुजरना पड़ेगा। परीक्षा कक्ष में फोटो का मिलान भी किया जाएगा।
शैक्षिक सत्र 2025-26 के लिए प्रवेश परीक्षाएं 9 अप्रैल से शुरू होने जा रही हैं। एएमयू परिसर के अलावा देश में लखनऊ, कोलकाता, दिल्ली, जम्मू कश्मीर आदि केंद्रों पर भी परीक्षा आयोजित की जाएगी। सबसे पहले 9 अप्रैल को अंतरराष्ट्रीय अध्ययन विभाग में स्नातक के लिए प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है।
एएमयू में मेटल डिटेक्टर के इस्तेमाल के लिए सुरक्षाकर्मियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। व्यवस्थापकों और सुरक्षा कर्मियों को वर्तमान समय में नकल के लिए प्रयोग किए जाने वाले उपकरण, तरीकों, उसकी जांच करने और ऐसी घटनाओं को पकड़ने से संबंधित विभिन्न तरीकों के विषय में बताया जा रहा है।
प्रवेश परीक्षाओं को पूरी पारदर्शिता से संपन्न कराने के लिए सभी प्रकार की तैयारियां कर ली गई हैं। कक्ष में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन जांच की जाएगी। इसके लिए स्टाफ को प्रशिक्षित किया गया है। -उमर पीरजादा, जनसंपर्क अधिकारी, एएमयू
परीक्षा कक्ष के बाहर लगाए जाएंगे डीएफएमडी
परीक्षार्थियों के पास मोबाइल फोन, घड़ी आदि रखने की अनुमति नहीं दी जाएगी। परीक्षा कक्ष के बाहर डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (डीएफएमडी) लगाए जाएंगे। प्रॉक्टर कर्मियों के पास हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (एचएचएमडी) रहेंगे।
प्रवेश परीक्षाओं का शेड्यूल
- बीए (ऑनर्स)- फ्रेंच, जर्मन, स्पेनिश और इंटरनेशनल स्टडीज- 09 अप्रैल
- बीएससी (ऑनर्स) कृषि (अंडर सेल्फ फाइनेंस स्कीम) कृषि विज्ञान फैकल्टी- 13 अप्रैल
- बीएससी (ऑनर्स) लाइफ साइंस- 13 अप्रैल
- बी.कॉम. (ऑनर्स) कॉमर्स फैकल्टी- 13 अप्रैल
- बीए (ऑनर्स) सामाजिक विज्ञान13- अप्रैल
- बीएससी/पैरामेडिकल पाठ्यक्रमों में डिप्लोमा, बीआरटीटी- 16 अप्रैल
- बीटेक/ बीआर्क (पेपर-I)- 20 अप्रैल
- बीए एलएलबी- 20 अप्रैल
- बीएससी नर्सिंग- 22 अप्रैल
- इंजीनियरिंग में डिप्लोमा- 27 अप्रैल
- सीनियर सेकेंडरी स्कूल (विज्ञान स्ट्रीम)- 27 अप्रैल
- सीनियर सेकेंडरी स्कूल (मानविकी, कॉमर्स स्ट्रीम)- 27 अप्रैल
- ब्रिज कोर्स - सीनियर सेकेंडरी स्कूल सर्टिफिकेट (किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड या एएमयू मान्यता प्राप्त मदरसा से 10+2 के समकक्ष ओरिएंटल योग्यता रखने वाले उम्मीदवारों के लिए)- 27 अप्रैल