मानसून की विदाई बाकी है: बारिश का आखिरी ओवर, व्यवस्था आउट
अलीगढ़ में तड़के 3:30 बजे से रात तक बारिश हुई। दिनभर 5 मिमी दर्ज हुई। नगर निगम की व्यवस्थाएं आउट नजर आईं। वीवीआईपी मैरिस रोड पर राज्यमंत्री संदीप सिंह के आवास के पास नाला होने के बावजूद जलभराव, सुदामापुरी, विष्णुपुरी, कुलदीप विहार, इकरा कॉलोनी, समद रोड जलमग्न रहा।
विस्तार
मानसून की विदाई में महज तीन दिन बाकी हैं। बरसात के मौसम में अब आखिरी दौर का खेल चल रहा है। बारिश के आखिरी ओवर में अलीगढ़ नगर निगम की व्यवस्थाएं आउट नजर आईं। शनिवार तड़के करीब 3:30 बजे शुरू हुई बारिश पूरे दिन चलती रही। मौसम विभाग के अनुसार शाम तक जिले में पांच मिली मीटर बारिश दर्ज की गई है।
सुबह से रात तक रिमझिम सरीखी बारिश हुई। इसमें भी वीवीआईपी क्षेत्र मैरिस रोड स्थित बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह के आवास के पास भी जलभराव देखने को मिला। यहां जलनिकासी के लिए नाला बनाया गया है। इसके बावजूद बारिश के बाद पानी जमा होने की समस्या बनी रही। देर शाम बारिश थमने के बाद भी शहर के कई इलाकों में जलभराव बना रहा। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार, जिले में एक जून से 26 सितंबर तक मानसून सीजन में कुल 314.2 मिली मीटर बारिश दर्ज की गई है जो सामान्य से कम है। सामान्य तौर पर सीजन में 585.9 मिली मीटर बारिश होनी चाहिए थी।
कई इलाकों में सड़कें जलमग्न
बारिश के कारण सुदामापुरी, विष्णुपुरी, कुलदीप विहार, इकरा कॉलोनी और समद रोड समेत प्रमुख सड़कों पर पानी भर गया। केलानगर से हबीब पेंटर तक सड़क किनारे भी जलभराव रहा। लगातार बारिश होने के कारण सड़कों पर सामान्य दिनों की अपेक्षा आवाजाही भी कम रही।
स्कूल बंद, सरकारी कार्यालयों में भी पहुंचे कम लोग
बारिश के चलते जिले में स्कूल बंद रहे। इसका असर शहर की सामान्य गतिविधियों पर भी दिखाई दिया। नगर निगम, कलेक्ट्रेट और विकास भवन में सामान्य दिनों के मुकाबले आमजन की संख्या कम रही। बारिश के कारण लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले।
पांच वर्ष में सबसे कम तापमान
जिले में शनिवार को दर्ज अधिकतम तापमान पिछले चार वर्ष में 26 सितंबर को दर्ज तापमानों की तुलना में सबसे कम है।
26 सितंबर को दर्ज तापमान
| वर्ष | अधिकतम | न्यूनतम |
| 2026 | 22.6 | 20.8 |
| 2025 | 35.0 | 24.0 |
| 2024 | 29.0 | 24.0 |
| 2023 | 35.4 | 27.2 |
| 2022 | 23.0 | 22.0 |
आज भी बारिश के आसार
एएमयू के भूगोल विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अहमद मुज्तबा सिद्दीकी ने बताया कि रविवार को भी जिले में बारिश और गरज-चमक के आसार हैं। 28 और 29 सितंबर को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे लेकिन मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। 30 सितंबर से मौसम साफ होने लगेगा। तब अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
गेहूं और बाजरा की फसलों का नुकसान
किसान राजेंद्र चौधरी ने बताया कि बारिश से खेत में गेहूं और बाजरा की फसलें गिर गई हैं। इससे फसल के कटाई में लागत बढ़ जाएगी। अगर इसी तरह दो-तीन दिन लगातार बारिश होती रही है, तो फसल को भारी नुकसान हो सकता है।