Aligarh News: तालानगरी की स्टील फैक्टरी में लगी भीषण आग, तीन मजदूरों की मौत, चार घायलों का चल रहा उपचार
तालानगरी स्थित स्टील फैक्टरी मनकामेश्वर में आग लग गई। आग की लपटें और छुआं उठने लगा। मौके पर दमकल की कई गाड़ियां समेत सीओ एफएस पहुंच गए। आग लगने की घटना में तीन मजदूरों की मौत हो गई। हादसे में चार लोगों का उपचार चल रहा है। हादसे की जांच के लिए कमेटी बना दी गई है।
विस्तार
अलीगढ़ के हरदुआगंज थाना अंतर्गत तालानगरी के सेक्टर दो स्थित लोहा गलाने वाली मनकामेश्वर फर्नेश फैक्टरी में 24 मई शाम तेज धमाके साथ बायलर फट गया और परिसर में आग लग गई। दो मजदूरों की मौके पर जलने से मौत हो गई, एक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। काम कर रहे चार अन्य मजदूर बुरी तरह से झुलस गए। घायलों को एएमयू के जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
मृतकों की पहचान गांव सुनामई रायपुर गोधा के लोहा गलाने वाले मेल्टर सुभाष चौहान ( 45) , हरदुआगंज निधौला निवासी हेल्पर सतीश ( 46) के रूप में हुई। जख्मी मजदूरों में हरदुआगंज निवासी हरीश बाबू (35) ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घायलों में सुमित सोलंकी (40), पप्पू (35), क्रेन चालक धर्मेंद्र (42) व एटा चुंगी निवासी ऑपरेटर मुकेश उर्फ कालीचरण (38 ) शामिल हैं। इसमें तीन की हालत नाजुक बताई गई है। इन सभी मजदूरों को देर रात वेंटीलेटर की जरूरत को ध्यान में रखते हुए मेडिकल कॉलेज से क्वार्सी के ट्रामा सेंटर में शिफ्ट किया जा रहा था। धमाका इतना जबरदस्त था कि आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया। खबर पर डीएम-एसएसपी सहित पूरा अमला पहुंच गया। करीब दो घंटे के प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका। फिलहाल फैक्टरी को बंद करा कर जांच शुरू करा दी गई है।
शहर के उद्यमी दुर्गाबाड़ी निवासी बाबूलाल जैन की ताला नगरी सेक्टर दो प्लाट नंबर 266 पर मनकामेश्वर स्टील्स प्राइवेट लिमिटेड यूनिट-द्वितीय के नाम से फर्नेश फैक्टरी है। इसमें लोहे का कबाड़ गलाकर इंगट यानी लोहे की सिल्ली बनाई जाती हैं। 24 मई को रोजाना की तरह यहां काम हो रहा था। शाम करीब 6:35 बजे भट्टी में लगे बायलर में गलाने के लिए स्क्रैप डाला गया था। तभी अचानक तेज धमाके के साथ भट्टी में लगा बायलर फट गया। उसके अंदर से लोहे के जलते हुए टुकड़े और आग की लपटें बाहर की ओर आईं और इनकी चपेट में पास में काम कर रहे दो मजदूर आ गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
देर रात शवों के पोस्टमार्टम पर विचार
इस दुर्घटना में मृत तीनों शवों के रात में ही पोस्टमार्टम कराने का प्रयास किया जा रहा था। मगर परिवार की ओर से सहमति नहीं बन पा रही थी। देर रात समाचार लिखे जाने तक प्रयास जारी थे। अगर परिवार सहमत नहीं हुआ तो दिन में पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
यह घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। अभी तक बायलर फटने से दो मजदूरों की मौत हुई है, पांच जख्मी हैं। पूरे मामले में जांच कराई जा रही है। 25 मई तक जांच रिपोर्ट के आधार पर लापरवाही तय होगी और कार्रवाई निर्धारित की जाएगी।-विशाख जी, डीएम।