डिंपल के समर्थन में अखिलेश ने चलाए तीखे तीर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के कन्नौज में सपा प्रत्याशी डिंपल यादव के समर्थन में गुरुवार को केके इंटर कलेज मैदान पर हुई जनसभा में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आरएसएस, विश्व हिंदू परिषद और बीजेपी पर तीखे तीर चलाए, पर कांग्रेस को बख्शे रहे।
कहा कि आरएसएस, विश्व हिंदू परिषद और बीजेपी देश विरोधी ताकतों से मिलकर सांप्रदायिक सरकार बनाना चाहते हैं। उन्होंने भाजपाइयों को बहुत चालू, बेईमान, टीवी पर चर्चा और अफवाह फैलाने में आगे रहने वाला बताया। कहा कि इनके नापाक इरादे पूरे नहीं होंगे।
सीएम ने मोदी का नाम लिये बगैर कहा कि गुजरात से 10 शेर मांगे थे, लेकिन दिए सिर्फ छह। प्रचार ज्यादा का करके बेईमानी की और बखेड़ा खड़ा कर दिया। सपा की हर चरण में सीटें बढ़ रही हैं। तीसरे चरण में दूसरे राजनीतिक दलों को कोई सीट ही नहीं मिलेगी।
देश का भविष्य तय करेंगे मुलायम
देश का भविष्य यूपी, सपा और मुलायम सिंह यादव तय करेंगे। बीजेपी की सीटें नहीं बढ़ रहीं, बल्कि यह दल हजारों करोड़ रुपये की कंपनी खरीदकर केवल प्रचार में आगे हैं। इसीलिए मोदी की रैलियां चैनल वाले लाइव दिखाते हैं तो बीच में विज्ञापन तक नहीं आता है। गरीबों, किसानों, नौजवानों और मुसलमानों से देश आगे बढ़ेगा।
उन्होंने युवाओं को भरोसे में लेते हुए कहा कि तीन वर्ष के अंदर पुलिस विभाग में डेढ़ लाख नौकरियां निकाली जाएंगी। लैपटाप पर छात्र फिल्म देख रहे हैं तो विरोधी परेशान क्यों है? छात्र आज के दौर में लैपटाप को चलाना सीख चुके हैं।
यह विरोधियों को चुभ रहा है कि गरीब के बच्चे कैसे कंप्यूटर चला रहे हैं।
अखिलेश ने डिंपल के लिए मांगे वोट
अखिलेश ने कहा कि वह जिंदगी भर सेकुलर व सोशलिस्ट नेता रहेंगे। सपा सोशलिस्ट के तौर पर चुनाव लड़ रही है। उन्होंने कहा कि यूपी के विकास के लिए कन्या विद्या धन, बेरोजगारी भत्ता, लैपटाप से लेकर अन्य जो योजनाएं चल रही हैं वे सबसे बेहतर हैं।
अमूल कंपनी प्रदेश में दूध के बढ़े उत्पादन को देखते हुए बड़ा प्लांट लगाना चाहती है, जबकि यह कंपनी गुजरात की है।
अंत में उन्होंने अपनी पत्नी डिंपल के लिए वोट मांगे और भरोसा दिलाया कि वह कन्नौज संसदीय सीट कभी भी नहीं छोड़ेंगी। उन्होंने बसपा व भाजपा को कोसा पर कांग्रेस के बारे में एक शब्द भी नहीं बोले। इस मौके पर सांसद बदायूं धमेंद्र यादव, जिलाध्यक्ष मुन्ना दरोगा, सांसद लोकसभा क्षेत्र प्रभारी रामवृक्ष यादव आदि मौजूद रहे।