मथुरा: एसी-फ्रिज सर्विस सेंटर के मालिक ने गोली मारकर की आत्महत्या, कार में मिली लाश
- अलवर के कठूमर का रहने वाला राहुल अहमदाबाद में चलाता था एसी-फ्रिज का सर्विस सेंटर
- आत्महत्या से पहले बनाया वीडियो, पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जुटाए तथ्य
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मथुरा में कार सवार एक युवक ने गोली मारकर आत्महत्या कर ली। युवक का खून से लथपथ शव मथुरा-दिल्ली हाईवे पर प्रकाश ढाबे के पास कार में मिला। सीधी तरफ कनपटी पर गोली का निशान था। जैंत चौकी पुलिस की सूचना पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने कार से तथ्य जुटाए। आधार कार्ड से मृतक की पहचान हो सकी। आत्महत्या करने से पहले युवक ने मोबाइल से वीडियो भी बनाया है।
राजस्थान के कठूमर (अलवर) निवासी राहुल बी शर्मा (32) पुत्र भारत भूषण शर्मा एसी-फ्रिज का सर्विस सेंटर चला रहा था। किराए पर अरविदा सोसायटी, अहमदाबाद (गुजरात) में रहता था। शनिवार की दोपहर राहुल का शव मथुरा-दिल्ली हाईवे पर प्रकाश ढाबे के पास कार में खून से लथपथ मिला। आधार कार्ड से युवक की पहचान हो सकी।
फोरेंसिक टीम ने कार का गेट खुलवाकर तथ्य जुटाए। युवक के हाथ में पिस्टल थी, जिसे जांच के लिए भेजा गया है। मृतक के मोबाइल में एक मिनट 30 सेकेंड का वीडियो मिला है, जिसमें उसने आत्महत्या के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं बताया। एसपी सिटी मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि युवक ने आत्महत्या की है। फिलहाल शव को कब्जे में लिया गया है। पिस्टल की बैलेस्टिक जांच को भेजा गया है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई जाएगी।
15 साल की उम्र में घर छोड़कर चला गया था अहमदाबाद
राहुल बी शर्मा 15 साल की उम्र में ही घर छोड़कर अहमदाबाद चला गया था। यहां पर अपने रिश्तेदार के पास रहकर काम सीखा और उसके बाद एसी-फ्रिज का सर्विस सेंटर खोल लिया। मृतक के भाई अशोक शर्मा ने बताया कि समय-समय पर वह घर आता रहता था। करीब 20 दिन पहले गांव तो आया, पर घर नहीं गया। उसने फोन करके उन्हें बुला लिया। बस स्टैंड पर आखिरी बार उनकी छोटे भाई से मुलाकात हुई थी।
राहुल दिल्ली और फरीदाबाद सामान खरीदने के लिए अहमदाबाद से अपनी कार से आता रहता था। कार उसी की है। उसने आत्महत्या क्यों की है, यह गले नहीं उतर रहा है। भाई ने हत्या की आशंका भी जताई है। अशोक ने बताया कि पुलिस की सूचना पर वह मथुरा पहुंचे हैं। छह भाई और बहनों में राहुल सबसे छोटा था। उससे बड़ी चार बहन और एक भाई अशोक है। राहुल के इस कदम से परिवार में कोहराम मच गया।
वीडियो में बोला, मेरा कोई परिवार नहीं
आत्महत्या करने से पहले राहुल ने मोबाइल से एक वीडियो बनाया है। इसमें वह कह रहा है कि मैं अपनी मर्जी से सुसाइड कर रहा हूं। मैं किसी के प्रेशर में यह कदम नहीं उठा रहा हूं। मैं कोई अपराधी नहीं हूं। आजतक मैंने किसी से मारपीट तक नहीं की।
पुलिस से विनती है कि मेरा कोई परिवार नहीं है। किसी का इंतजार भी मत करना। मेरा अंतिम संस्कार लावारिस में कर देना। मेरे दोस्त जरूर हैं। सुसाइड से पहले मेरी बात उनसे हो गई है। जिंदगी खत्म कर रहा हूं। आखिर में माफी चाहता हूं, इसका जिम्मेदार किसी को न माना जाए।