{"_id":"68be3a2722c84669be0b7a08","slug":"yamuna-expressway-roadways-bus-driver-kidnapping-arrest-2025-09-08","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"UP: यमुना एक्सप्रेस-वे से रोडवेज बस चालक का अपहरण, कार में डाल ले गए...फिर की पिटाई; 6 घंटे बाद हुआ मुक्त","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
UP: यमुना एक्सप्रेस-वे से रोडवेज बस चालक का अपहरण, कार में डाल ले गए...फिर की पिटाई; 6 घंटे बाद हुआ मुक्त
Mon, 08 Sep 2025 07:39 AM IST
धीरेन्द्र सिंह
अमर उजाला न्यूज नेटवर्क, आगरा
अमर उजाला न्यूज नेटवर्क, आगरा
Published by: धीरेन्द्र सिंह
Updated Mon, 08 Sep 2025 07:39 AM IST
सार
यमुना एक्सप्रेसवे पर आगरा से नोएडा जा रही रोडवेज बस के चालक को तीन युवकों ने पिटाई करके जबरन कार में बिठाकर अपहरण कर लिया। पुलिस ने छह घंटे की कार्रवाई के बाद चालक को सुरक्षित मुक्त कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा।
विज्ञापन
रोडवेज बस (सांकेतिक)
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
यमुना एक्सप्रेसवे के खंदौली टोल प्लाजा पर शुक्रवार शाम आगरा से नोएडा जा रही रोडवेज बस एक कार से टकरा गई। कार सवार तीन युवक जबरन बस में घुस गए। चालक की पिटाई कर दी। उसे कार में डाल अपहरण कर ले गए। इससे रोडवेज कर्मियों और यात्रियों में अफरा तफरी मच गई। पुलिस ने करीब छह घंटे बाद आरोपियों को ग्वालियर रोड ककुआ से गिरफ्तार कर चालक को मुक्त कराया।
विज्ञापन
Trending Videos
बस परिचालक शिववीर सिंह निवासी गग्रपुर, थाना बेवर (मैनपुरी) ने तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार की शाम आगरा से नोएडा यात्रियों को लेकर जा रहे थे। चालक राकेश कुमार निवासी गढ़ी कोलाहार, थाना नौहझील (मथुरा) बस चला रहे थे। शाम करीब पांच बजे बस खंदौली टोल प्लाजा पर पहुंची। टोल पर खड़ी एक कार का शुल्क कटने में दिक्कत आ रही थी, जिस कारण बस को पीछे लेना पड़ा। इस दौरान पीछे खड़ी कार से हल्की टक्कर लग गई। इस पर कार सवार युवकों ने हंगामा कर दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
उन्होंने बस चालक राकेश कुमार की बस में चढ़कर पिटाई कर दी। पीटने के बाद जबरन कार में बैठाकर रॉन्ग साइड से फरार हो गए। आरोपियों ने चालक का मोबाइल भी छीन लिया। रास्ते भर उनकी पिटाई करते रहे। इसकी सूचना परिचालक ने अधिकारियों को दी। आरएम ने घटना की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और छह घंटे की मशक्कत के बाद चालक को मुक्त कराकर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया।
एसीपी देवेश सिंह ने बताया कि आरोपियों में लोकेंद्र निवासी शिवपुरी (मध्य प्रदेश), अजय सिंह निवासी मुरैना (मध्य प्रदेश) और विक्रम रावत निवासी दतिया (मध्य प्रदेश) हैं। इनमें लोकेंद्र और विक्रम रिश्तेदार हैं, जबकि तीनों आपस में दोस्त बताए जाते हैं। सभी मथुरा जा रहे थे। परिचालक की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मारपीट करने और अपहरण की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। तीनों को जेल भेज दिया गया है।