करवाचौथ पर पत्नी के साथ किया मजाक पड़ा भारी, थाने पहुंचा मामला, अब पति दे रहा सफाई
- युवक ने दी सफाई, पत्नी को मायके से बुलाने के लिए किया था ऐसा
- युवती ने पुलिस से कहा, दूसरी शादी कर चुका है पति, उसके साथ नहीं रहना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा में युवक ने अपनी व्हाट्सएप की डीपी पर युवती की फोटो लगाई तो पत्नी थाने पहुंच गई और उसके साथ रहने से इनकार कर दिया। उसका आरोप है कि पति दूसरी शादी कर चुका है, फोटो उसकी दूसरी पत्नी की है, उसी के साथ करवाचौथ मनाई। युवक ने सफाई दी है कि उसने यह फोटो दोस्तों की सलाह पर सिर्फ इसलिए लगाई थी ताकि नाराज होकर मायके गई पत्नी दबाव में आकर लौट आए। यह एक मजाक था, जिसे पत्नी हकीकत समझ बैठी है।
युवती का मायका न्यू आगरा क्षेत्र का है। पति गाजियाबाद का निवासी है। वहीं पर सरकारी शिक्षक है। शादी को 11 साल हो चुके हैं। उनका एक बेटा भी है। दोनों के बीच काफी समय से अनबन चल रही है, इसलिए पत्नी मायके में है। महिला थाना की प्रभारी निरीक्षक अलका सिंह ने बताया कि युवक ने कुछ दिन पहले ही व्हाट्सएप की डीपी पर फोटो बदली। पत्नी ने इसे देखा तो आग बबूला हो गई और शिकायत लेकर आई।
उसने बताया कि फोटो में जो युवती नजर आ रही है, वह उसके पति की दूसरी पत्नी है। फोटो करवाचौथ की है। युवती पैर छू रही है, पति उसे आशीर्वाद दे रहा है। एक अन्य फोटो भी जिसमें इनके साथ सास भी नजर आ रही है। पुलिस ने इस शिकायत पर पति को थाना बुलाया।
रविवार को दोनों की काउंसिलिंग की गई लेकिन पत्नी युवक के साथ रहने के लिए तैयार नहीं हुई। पति ने दलील दी कि पत्नी मायके में रह रही है, करवाचौथ पर भी नहीं आई। दोस्तों ने सलाह दी कि वह ऐसा फोटो खिंचवाकर डीपी पर लगा दे जिससे पत्नी को लगे कि उसकी जिंदगी में कोई और महिला आ गई है।
यह फोटो फेसबुक पर भी पोस्ट की थी
युवक ने कहा कि उसने सोचा था कि पत्नी को बता देगा कि यह मजाक था, जो वह मान जाएगी लेकिन लेने के देने पड़ गए। जिसे वह दूसरी पत्नी बता रही है, वह परिचित युवती है। उसे यह बताकर फोटो किया था कि पत्नी को बुलाने के लिए ऐसा कर रहा है। उसने यह फोटो फेसबुक पर भी पोस्ट की थी ताकि पत्नी देख ले।
काउंसिलिंग से निकलेगा रास्ता
महिला थाना की प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि दोनों की एक काउंसिलिंग हो चुकी है। फिर से उन्हें बुलाया जाएगा। कोशिश यह है कि परिवार न बिगड़े। अगर गलतफहमी है तो वह दूर हो जाए।