फिरोजाबाद: नाबालिग लड़की से देह व्यापार कराने के मामले में सभासद और उसकी बेटी गिरफ्तार
मार्च में आरोपी महिला सभासद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। पुलिस की जांच में उस पर लगे आरोप सही पाए गए। इसके बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की।
विस्तार
फिरोजाबाद जिले के टूंडला में पुलिस ने गुरुवार को एक महिला सभासद और उसकी बेटी को नाबालिग से देह व्यापार कराने के मामले में गिरफ्तार कर लिया। दोनों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया। देह व्यापार में उसकी एक अन्य बेटी व एक किन्नर भी साथ देती थी। पुलिस फरार दूसरी बेटी एवं किन्नर की तलाश में जुट गई है।
टूंडला के एक मोहल्ले निवासी महिला ने मार्च में पुलिस को शिकायत की थी कि वार्ड नंबर छह की सभासद मृदुला दीक्षित उसकी नाबालिग भतीजी को बहला-फुसला कर देह व्यापार करा रही हैं। आरोप था कि गर्भवती होने पर नाबालिग का गर्भपात करा दिया गया। देह व्यापार में सभासद की दोनों बेटी महक एवं कशिश के साथ एक किन्नर कजरी भी शामिल है।
पुलिस ने शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया और मामले में जांच के साथ ही एससी-एसटी एक्ट की धारा के साथ पाक्सो एक्ट एवं अन्य धाराएं शामिल की गई थी। सीओ अभिषेक श्रीवास्तव ने मामले की जांच की तो मामला सही मिला। गुरुवार की सुबह साढ़े 10 बजे पुलिस ने सभासद के न्यू शिवनगर स्थित घर पर छापा मारा। यहां से आरोपी सभास और उसकी बेटी महक को गिरफ्तार कर लिया गया।
वार्ड में महिला सभासद का था आतंक
वार्ड के लोगों के अनुसार महिला सभासद मृदला दीक्षित का वार्ड में आतंक है। वह लोगों को गालियां देती थी। इतना ही नहीं लोगों को दुष्कर्म, छेड़छाड़ आदि में जेल भेजने तक की धमकी देती थी। विरोध करने पर उसने कई लोगों के खिलाफ पुलिस में झूठी शिकायत भी दर्ज कराई थी। महिला सभासद के जेल जाने से वार्ड के लोगों ने राहत की सांस ली है।
क्षेत्राधिकारी टूंडला अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि एक महिला की शिकायत पर विगत मार्च में सभासद के विरुद्ध मुकदमा लिखा गया था। जांच में महिला द्वारा लगाए गए आरोप सही मिले। सभासद व उसकी बेटी के विरुद्ध गैर जमानती वारंट जारी होने पर पुलिस ने सभासद और उसकी एक बेटी को जेल भेजा है। आरोपी दूसरी बेटी व किन्नर की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।