जान ले रहा बुखार: ब्रज में वायरल-डेंगू से 14 लोगों की मौत, आगरा में उल्टी-दस्त से गई भाई-बहन की जान
डौकी थाना क्षेत्र के बगदा में चंद्रकला (40) को पांच दिन से बुखार था। परिजनों ने पहले उन्हें आगरा और फिर जयपुर में भर्ती कराया। शुक्रवार को उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। वहीं डौकी की ही गुट्टी आम निवासी रितु (11) का बुखार आने पर एक प्राइवेट चिकित्सक से इलाज कराया। तबीयत में सुधार न होने पर उसे आगरा के निजी अस्पताल में ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
विस्तार
ब्रज में वायरल और डेंगू के कारण लोगों की मौत का सिलसिला थम नहीं रहा है। शुक्रवार को 14 लोगों की और मौत हो गई। इनमें कासगंज के चार, फिरोजाबाद के तीन, मथुरा, आगरा और मैनपुरी के दो-दो के अलावा एटा का एक व्यक्ति शामिल हैं।
कासगंज के अहरौली के नगला सैयद के उज्ज्वल (5) पुत्र विपुल ने अलीगढ़ में उपचार के दौरान मौत हो गई। सोरोंजी के सलेमपुर बीबी की मंजू (38) पत्नी सतेंद्र की बरेली में मौत हो गई। लता देवी (32) पत्नी रिंकू ने अलीगढ़ में और महेश (27) पुत्र जयवीर निवासी बढ़ारी खुर्द की गांव में ही उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। जिले में अब तक बुखार व डेंगू से 76 मौतें हो चुकी हैं। एटा के जलेसर क्षेत्र के गांव पुन्हैरा निवासी अन्नू (30) पुत्र शेरशाह की आगरा के अस्पताल में मौत हो गई।
मैनपुरी में भी नहीं थम रहीं मौतें
मैनपुरी के नगर पंचायत ज्योंती खुड़िया का मोहल्ला नगला धर्मपाल में विजेंद्र सिंह की पुत्री कोमल (17) और सूबेदार शाक्य की पत्नी कमला देवी (60) की बुखार से मौत हो गई।
मथुरा जिले के सुरीर क्षेत्र के गांव बेरा के विनय (25) पुत्र सौदान सिंह ने अलीगढ़ के अस्पताल में दम तोड़ दिया। वहीं सुरीर निवासी ममता देवी (35) पत्नी मनोज कुमार शर्मा ने मथुरा के एक चिकित्सालय में दम तोड़ दिया।आगरा में भी हुईं मौतें
आगरा के डौकी थाना क्षेत्र के बगदा में चंद्रकला(40)व गुट्टी आम निवासी रितु (11) की बुखार से मौत हो गई। फिरोजाबाद के सौ शैय्या अस्पताल में इलाज के दौरान मैनपुरी जिले के किशयारी गांव निवासी कृष्णा (5) पुत्र आशीष ने दम तोड़ दिया। वहीं नारखी के गांव नगला बेताल निवासी काजल (14) ने भी दम तोड़ दिया। मक्खनपुर के गांव अदमपुर निवासी वेद सिंह (43) की डेंगू से मौत हो गई। फिरोजाबाद में अभी तक 247 लोगों की मौत हो चुकी है। जिले में सीएमओ डॉ. दिनेश कुमार प्रेमी ने आईजीआरएस को लेकर बरती जा रही लापरवाही पर आधा दर्जन से अधिक चिकित्सा प्रभारियों के सितंबर के वेतन पर रोक लगाई है।
यूपी: बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी पर धोखाधड़ी में आरोप तय, अब 12 अक्तूबर को होगी सुनवाई