सैंया। थाना सैंया के अंतर्गत लादूखेड़ा क्षेत्र में कुशवाहा समाज के विरुद्ध अभद्र भाषा और आपत्तिजनक टिप्पणी का वीडियो वायरल होने से क्षेत्र में तनाव फैल गया। पुलिस ने दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर शांति भंग की धारा में चालान कर न्यायालय में पेश किया है।
जानकारी के अनुसार, लादूखेड़ा निवासी दो युवकों ने एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया था, जिसमें वे कुशवाहा समाज के लिए बेहद आपत्तिजनक और अमर्यादित शब्दों का प्रयोग कर रहे थे। वीडियो के संज्ञान में आते ही कुशवाहा समाज में गहरा रोष व्याप्त हो गया। बुधवार को आजाद समाज पार्टी के जिला उपाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में समाज के लोग सैंया थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने वीडियो में दिख रहे आरोपी अशोक और सज्जन पुत्रगण राम खिलाड़ी, निवासी लादूखेड़ा को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने दोनों का शांति भंग में चालान कर उन्हें एसीपी खेरागढ़ न्यायालय में पेश किया। प्रदर्शन करने वालों में भूपेंद्र सिंह के साथ शिव शंकर कुशवाहा (प्रधान), मूलचंद कुशवाहा, अमरेश सिंह कुशवाहा, कैलाश चंद, मानवेंद्र सिंह, विपिन कुमार, कुशवाहा युवा मंच के राघवेंद्र सिंह, सुक्खनलाल, बिहारी लाल कुशवाहा और मुकेश कुशवाहा सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे।