फिरोजाबाद: टूंडला विधानसभा सीट पर 2017 में सर्वाधिक हुआ था मतदान, क्या इस बार बनेगा नया रिकॉर्ड
फिरोजाबाद जिले की पांचों विधानसभा सीटों के लिए 20 फरवरी को मतदान है। पिछली बार की तरह इस बार भी रिकॉर्ड मतदान होने की उम्मीद है।
विस्तार
फिरोजाबाद की टूंडला विधानसभा सीट के लिए वर्ष 1985 में हुए चुनाव में एक तिहाई से भी कम मतदाताओं ने मतदान किया था। इस चुनाव में कांग्रेस के अशोक सेहरा चुनाव जीते थे। 2017 के चुनाव में रिकार्ड 69.62 प्रतिशत मतदान हुआ। इसमें भाजपा के एसपी सिंह बघेल विजयी रहे।
पिछले चुनावों में टूंडला विधानसभा क्षेत्र के मतदाता मतदान के प्रति बेरुखी दिखाते रहे। 1985 के चुनाव में सबसे कम 32.33 फीसदी वोट डाले गए। इस चुनाव में कांग्रेस के अशोक सेहरा को 14363 मत मिले थे। उन्होंने ओमप्रकाश दिवाकर को 1860 मतों के अंतर से हराया था। ओमप्रकाश 12503 मत प्राप्त करने में सफल हुए थे।
2017 के चुनाव में बना था रिकॉर्ड
2017 के विधानसभा चुनाव में मतदाता जागरूक हुए तो मतदान का रिकॉर्ड बन गया। इस बार जिले की पांचों विधानसभा सीटों पर पुरुषों ने जहां 70.59 प्रतिशत मतदान किया तो वहीं महिलाएं भी पीछे नहीं रहीं। उन्होंने भी 68.46 प्रतिशत मतदान कर अपनी ताकत का अहसास कराया।
हालांकि मतदान का इतना प्रतिशत 2019 में हुए लोकसभा चुनाव के दौरान भी देखने को नहीं मिला था। इस दौरान टूंडला में 64.29 प्रतिशत मतदाता हुआ। इसमें 65.73 प्रतिशत पुरुष तथा 62.63 प्रतिशत महिलाओं ने मतदान किया था।
टूंडला विधानसभा कब कितने प्रतिशत हुआ मतदान
- चुनाव वर्ष मतदान का प्रतिशत
- 1957 -41.33 प्रतिशत
- 1962 -51.74 प्रतिशत
- 1967 -58.85 प्रतिशत
- 1969 -57.65 प्रतिशत
- 1974 -49.95 प्रतिशत
- 1977 -43.22 प्रतिशत
- 1980 -34.53 प्रतिशत
- 1985 -32.33 प्रतिशत
- 1989 -44.76 प्रतिशत
- 1991 -43.62 प्रतिशत
- 1993 -51.20 प्रतिशत
- 1996 -52.42 प्रतिशत
- 2002 -48.01 प्रतिशत
- 2007 -41.89 प्रतिशत
- 2012 -63.79 प्रतिशत
- 2017 -69.62 प्रतिशत