आगरा में दर्दनाक हादसा : बिजलीघर चौराहे पर दो मासूम बहनों को बस ने कुचला, दोनों की मौत
दोनों बहनें सड़क पार कर रही थीं, तभी रोडवेज की अनुबंधित बस ने दोनों को कुचल दिया। अस्पताल में दोनों की मौत हो गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
थाना रकाबगंज के प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि आठ साल की रानी अपनी दो साल की बहन काजल के साथ दोपहर तकरीबन 12 बजे बिजलीघर चौराहे पर सड़क पार कर रही थीं। तभी रोडवेज से अनुबंधित बस तेज गति से आ गई। बस की चपेट में दोनों बहन आ गईं।
अस्पताल में दोनों बहनों की मौत
दोनों घायल हो गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस पहले उन्हें जिला अस्पताल ले गई। वहां रानी को मृत घोषित कर दिया गया। बाद में काजल को एसएन मेडिकल कॉलेज इमरजेंसी रेफर किया गया। मगर, यहां डाक्टर ने काजल को भी मृत घोषित कर दिया।काजल और रानी के पिता राजकुमार कबाड़ बीनने का काम करता है। बिजलीघर चौराहे पर ही सड़क पर झोपड़ी लगाकर परिवार रहता है। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में लोग जुट गए। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया। बस को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कार्रवाई की जाएगी।
कार की टक्कर से ऑटो सवार युवक की मौत
फतेहाबाद मार्ग पर सवारियों से भरे आटो में कार की टक्कर लग गई। हादसे में आटो सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है। परिजनों ने चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
तेलीपाड़ा, ताजगंज निवासी यासीन 14 अगस्त को कलाल खेरिया में अपने रिश्तेदार के घर गए थे। रात में आटो से घर लौट रहे थे। तोरा चौकी क्षेत्र में तेज रफ्तार कार ने आटो में टक्कर मार दी। हादसे में यासीन सहित अन्य सवारी घायल हो गईं।
परिजन ने बताया कि यासीन का इलाज कराया जा रहा था। सोमवार दोपहर को उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिसने शव का पोस्टमार्टम कराया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। थाना प्रभारी निरीक्षक ताजगंज भूपेंद्र कुमार का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर लिया है।