आगरा में बोले सपा के राष्ट्रीय सचिव: यमुना को साफ करके दिखाएंगे, ताजनगरी को सजाएंगे
सपा के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व मंत्री अभिषेक मिश्र सोमवार को आगरा पहुंचे। उन्होंने फतेहाबाद में आयोजित प्रबुद्ध सम्मेलन में भाग लिया। इससे पहले सिकंदरा मे प्रेसवार्ता की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व मंत्री अभिषेक मिश्र ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यूपी में अब गुंडों से नहीं, लोग पुलिस से डरे हुए हैं। हिरासत में मौत हो रही हैं। रात में लोग पुलिस थाने जाने से डरते हैं। कानून व्यवस्था खराब है। धर्म के नाम पर नहीं, हमें अखिलेश यादव के काम पर जीत मिलेगी।
आगरा के फतेहाबाद में प्रबुद्ध सम्मेलन में शामिल होने आए मिश्र ने सोमवार को सिकंदरा में सपा नेता सचिन चतुर्वेदी के आवास पर मीडिया से बातचीत की। उन्होंने कहा आगरा में सपा सरकार में सबसे ज्यादा काम हुए थे। 2022 में मौका मिला तो यमुना को साफ कराएंगे। आगरा को सजाएंगे। ताजमहल की सुरक्षा के लिए काम करेंगे। आगरा में रोजगार के अवसर बढ़ाएंगे।
पूर्व मंत्री ने कहा कि यहां यमुना नदी पर काम करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में धर्म के नाम पर लोगों को भड़काया जा रहा है। महंगाई, कानून व्यवस्था, किसान, रोजगार के मुद्दों पर सपा चुनाव लड़ेगी।
गठबंधन पर नहीं खोले पत्ते
रालोद और प्रसपा से गंठबंधन के सवाल पर अभिषेक मिश्र ने पत्ते नहीं खोले। आगरा में नौ सीटें हैं। कौन सी सीट, किसके खाते में जाएगी इस सवाल पर उन्होंने कहा गठबंधन और सीटों का निर्णय राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव लेंगे। इस दौरान जिला मीडिया प्रभारी गौरव यादव सहित तमाम सपा नेता मौजूद रहे।
भाजपा पर बरसे सपा के पूर्व मंत्री
फतेहाबाद में आयोजित प्रबुद्ध सम्मेलन में पहुंचे सपा नेता अभिषेक मिश्र भाजपा पर खूब बरसे। उन्होंने कहा कि भाजपा हिंदू-मुस्लिम के नाम पर लोगों को लड़ा रही है। उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार में क्राइम का ग्राफ बढ़ा है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी किसान, युवा व महंगाई कम करने के लिए कार्य करेगी ।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री सनातन पांडे और मनोज पांडे ने भी भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। कार्यक्रम से पूर्व ग्राम पलिया में भगवान परशुराम की प्रतिमा का अनावरण किया गया। इस दौरान कार्यक्रम के आयोजक राजेश शर्मा ने पूर्व मंत्री अभिषेक मिश्र को भगवान परशुराम का चित्र भेंट किया।