कासगंज। चिट फंड कंपनी के लगातार फर्जीवाड़े के मामले सामने आ रहे हैं। तमाम निवेशकों का करोड़ों रुपया चिट फंड कंपनियों में फंसा है। चिट फंड कंपनी की धोखाधड़ी का शिकार हुए किसानों ने बुधवार को कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया और प्रशासन ने धन वापस दिलाने और चिट फंड कंपनी के स्थानीय अभिकर्ताओं को सुरक्षा दिलाने की मांग उठाई है। जन संग्राम पार्टी के जिलाध्यक्ष धनीराम बघेल ने प्रदर्शन के दौरान बताया कि चिट फंड कंपनियों ने तमाम भोले-भाले किसानों को आकर्षक निवेश का भरोसा देकर निवेश करा लिया।
बड़ी संख्या में लोग इन कंपनियों के लालच में आ गए और अपने जीवन की जमापूंजी निवेश कर दी। ऐसी तमाम कंपनियों ने लोगों का धन हड़प लिया है। वहीं इन कंपनियों के स्थानीय अभिकर्ताओं के साथ निवेशक वसूली का दबाव बढ़ा रहे हैं। जिससे अभिकर्ताओं के पास कुछ भी देने को नहीं है। अभिकर्ता भी असुरक्षित जीवन जी रहे हैं। निवेशक किसान हरदेव, धनीराम महिपाल, संजय पातीराम, हरनाम, धर्मपाल, रमेश, अमर सिंह, सुभाष का कहना है कि उन्हें यह समझ नहीं आ रहा है कि उनके खून-पसीने की कमाई वापस कैसे मिलेगी। किसानों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा और धन वापसी की मांग उठाई।