फतेहाबाद। नगर पंचायत के मोहल्ला हनुमान नगर में आवासीय क्षेत्र के बीच मोबाइल टावर लगाए जाने के विरोध में स्थानीय निवासियों ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया। निर्माण कार्य तुरंत रुकवाने की मांग उठाई।
मोहल्ला निवासी शिव शंकर शर्मा व अन्य लोगों का आरोप है कि इंडस टावर लिमिटेड की ओर से यह टावर अवैध तरीके से लगाया जा रहा है। नगर पंचायत फतेहाबाद ने 24 दिसंबर 2025 को ही कंपनी के आवेदन को निरस्त कर दिया था, इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि कंपनी ने शासन को नक्शे में टावर का स्थान आगरा-फतेहाबाद रोड के पास दिखाया था, जबकि असल में निर्माण शमशाबाद-फतेहाबाद रोड के अंदर घनी आबादी और संकरी गलियों के बीच किया जा रहा है। शुक्रवार को ब्लॉक कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पीड़ित ग्रामीणों ने सांसद राजकुमार चाहर से मुलाकात कर उन्हें समस्या से अवगत कराया। सांसद ने पुलिस विभाग और उपजिलाधिकारी से बातचीत कर मामले की रिपोर्ट मांगी है। प्रदर्शन के दौरान शिव शंकर शर्मा, संजीव सोनी, राकेश कुमार, विमलेश, नीलम, पीयूष सहित सैकड़ों की संख्या में मोहल्ले के महिला-पुरुष मौजूद रहे।