आगरा में लव रंजन-अलीशा की शादी: फिल्मी सितारे पहुंचे ताजनगरी, रकुलप्रीत-जैकी भगनानी ने किया ताज का दीदार
फिल्म निर्माता निर्देशक लव रंजन आज अमर विलास होटल में सात फेर लेंगे। वह अपनी दोस्त अलीशा के साथ शादी कर रहे हैं। उनकी शादी में अभिनेता रणबीर कपूर, संगीतकार प्रीतम, मनीष मल्होत्रा, वरुण शर्मा ताजनगरी पहुंचे हैं।
विस्तार
'प्यार का पंचनामा', 'सोनू के टीटू के स्वीटी' और 'मलंग' फिल्मों के निर्माता निर्देशक लव रंजन अपनी दोस्त अलीशा वैद्य के साथ ताजमहल के साए तले होटल अमर विलास में आज शादी करेंगे। शनिवार को उनकी हल्दी की रस्में हुई, जिसमें यलो थीम रखी गई। लव रंजन और अलीशा की शादी में शामिल होने के लिए कई फिल्मी सितारे ताजनगरी पहुंचे हैं।
रकुलप्रीत ने जैकी भगनानी के साथ किया ताज का दीदार
शादी समारोह में शामिल होने आए फिल्म निर्माता व अभिनेता जैकी भगनानी और फिल्म अभिनेत्री रकुलप्रीत रविवार की दोपहर को एक दूसरे का हाथ थामे ताज के दीदार करने पहुंचे। करीब 45 मिनट तक उन्होंने ताज को निहारा मगर इस दौरान उन्होंने फैंस से दूरी बनाए रखी। यहां तक कि फैंस से बचने के लिए वह सेंट्रल तक नहीं आए।
रकुलप्रीत और जैकी भगनानी करीब 12:45 बजे ताज पर पहुंचे। रकुलप्रीत ने आसमानी कुर्ता व नीली जींस पहने हुई थीं तो जैकी सफेद कुर्ता व जींस में थे। भीड़ से बचने के लिए दोनों एक दूसरे का हाथ थामे रॉयल गेट की जगह पाथवे से मुख्य मकबरे तक पहुंचे। इसके बाद दोनों पिछले गेट से ही बाहर निकल गए। फैंस को फोटो भी नहीं करने दिए।
बॉलीवुड जोड़ी की शादी में शामिल होने के लिए शनिवार को फिल्म अभिनेता रणवीर कपूर, वरुण शर्मा, संगीतकार प्रीतम, फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा और निर्देशक दिनेश विजान आगरा पहुंच गए। लव रंजन की शादी में शामिल होने के लिए अभिनेता रणवीर कपूर और फुकरे फेम वरुण शर्मा एक ही कार से होटल अमर विलास पहुंचे।
शादी के वीडियो बनाने पर रोक
अभिनेत्री आलिया भट्ट और फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा के बाद में पहुंचने की चर्चाएं हैं। रविवार को लव रंजन और अलीशा वैद्य की शादी होगी और सोमवार को सभी मेहमान आगरा से रवाना होंगे। होटल के स्टाफ और मेहमानों के फोटो और वीडियो बनाने पर रोक लगाई गई है। शादी के वीडियो बाहर न जा सकें, इसलिए सख्ती बरती गई है।