फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Agra News ›   Police did not allow lamp donation in sanctum sanctorum of Shri Krishna Janmabhoomi

Mathura: कृष्ण जन्मभूमि को ईदगाह की छाया से मुक्ति के लिए गर्भगृह में दीपदान का एलान असफल, 60 से अधिक नजरबंद

Wed, 06 Dec 2023 10:51 PM IST
आकाश दुबे संवाद न्यूज एजेंसी, मथुरा
संवाद न्यूज एजेंसी, मथुरा Published by: आकाश दुबे Updated Wed, 06 Dec 2023 10:51 PM IST
सार

हाई अलर्ट के बीच जिलेभर के थाना क्षेत्रों में 60 से अधिक लोग नजरबंद और हिरासत में लिए गए। इन्हें देर शाम छोड़ दिया गया। इधर, पुलिस हिन्दूवादी संगठनों के जन्मभूमि के गेट संख्या एक तो कभी तीन पर पहुंचने की सूचनाओं पर दिनभर दौड़ लगाती रही।

विज्ञापन
Police did not allow lamp donation in sanctum sanctorum of Shri Krishna Janmabhoomi
श्रीकृष्ण जन्मभूमि-ईदगाह प्रकरण - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

अयोध्या में विवादित ढांचा विध्वंस की बरसी पर बुधवार को श्रीकृष्ण जन्मभूमि को ईदगाह की छाया से मुक्ति के लिए गर्भगृह में दीपदान के एलान को पुलिस ने सफल नहीं होने दिया। हाई अलर्ट के बीच जिलेभर के थाना क्षेत्रों में 60 से अधिक लोग नजरबंद और हिरासत में लिए गए। इन्हें देर शाम छोड़ दिया गया। इधर, पुलिस हिन्दूवादी संगठनों के जन्मभूमि के गेट संख्या एक तो कभी तीन पर पहुंचने की सूचनाओं पर दिनभर दौड़ लगाती रही। आईजी आगरा रेंज दीपक कुमार ने भी डेरा डाले रखा। डीएम-एसएसपी ने दो घंटे से अधिक समय श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर गुजारा। अयोध्या स्थित श्री राम जन्मभूमि पर खड़े विवादित ढांचे को छह दिसंबर 1992 को कारसेवकों ने ढहा दिया था। इस प्रकरण में श्री राम जन्मभूमि के पक्ष में फैसला आने के बाद से हिंदूवादी संगठनों की निगाह मथुरा की श्रीकृष्ण जन्मभूमि से सटी ईदगाह मस्जिद पर है। इसको हटाने को लेकर हाईकोर्ट में 18 केस चल रहे हैं। 

विज्ञापन


बुधवार को कई संगठनों ने जन्मभूमि के गर्भगृह में दीपदान का एलान किया था। माहौल न बिगडे़ इसे देखते हुए शासन स्तर से हाई अलर्ट जारी किया गया। पुलिस-प्रशासन ने मंगलवार रात से ही शहर सहित जन्मभूमि और ईदगाह पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए। बुधवार को जमुनापार, गोवर्धन, शहर कोतवाली, गोविंद नगर सहित कई थाना क्षेत्रों में जन्मभूमि की ओर जा रहे हिंदू संगठनों के प्रतिनिधियों को हिरासत में लिया, वहीं कुछ को घर में ही नजरबंद कर दिया। ऐसे लोगों की संख्या 60 से अधिक रही। लखनऊ, प्रयागराज, हरदोई और उन्नाव से भी विभिन्न संगठनों से जुड़े लोग और संत मथुरा पहुंचे, लेकिन किसी को जन्मभूमि के आसपास नहीं पहुंचने दिया गया।

विज्ञापन

अखिल भारत हिन्दू महासभा की जिलाध्यक्ष ने बनाया चकरघिन्नी
अखिल भारत हिन्दू महासभा की जिलाध्यक्ष छाया गौतम ने पुलिस को खूब चकरघिन्नी बनाया। बुधवार दोपहर कई बार पुलिस को सूचना मिली की वह जन्मभूमि के गेट संख्या एक तो कभी तीन पर पहुंच गई हैं। पुलिस लगातार दौड़ लगाती रही। दोपहर दो बजे के करीब छाया गौतम 50 पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ जन्मभूमि के गेट संख्या एक पर पहुंची। वहां पुलिस ने रोक लिया और गोविंद नगर थाने ले गई। यहां छाया गौतम की तबीयत खराब हो गई। पुलिस ने शाम पांच बजे उन्हें घर छोड़ा। दो महिला सिपाही और एक दरोगा को घर पर नजरबंदी के लिए तैनात किया गया। वहीं, थाने में लाए लोगों का मुचलका भरा गया। इधर, इसी संगठन की महासचिव पूजा शर्मा पुलिस को चकमा देकर जन्मभूमि के भीतर पहुंच गईं। हालांकि उन्होंने दीपदान नहीं किया। उनका फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सवाल खड़ा हुआ कि आखिर पुलिस की इतनी मुस्तैदी के बाद भी मोबाइल या कैमरा लेकर वह कैसे जन्मभूमि में प्रवेश कर गईं। किस स्तर पर यह लापरवाही हुई। इधर, देर शाम गोविंद नगर थाने पर हिरासत में लिए लोगों को छुड़वाने के लिए महासभा के कई पदाधिकारी पहुंचे।

जलता दीप हाथ में लेकर पहुंचे दिनेश शर्मा
श्रीकृष्ण जन्मभूमि मामले में वादी दिनेश शर्मा जलता दीपक हाथ में लेकर अपने साथियों के साथ भूतेश्वर चौराहे के पास पहुंचे। उन्होंने जन्मभूमि स्थित गर्भगृह में दीपदान करने का एलान किया। पुलिस टीम ने उनको हिरासत में ले लिया और देर रात छोड़ा। वहीं, शाम साढ़े पांच बजे के करीब भूतेश्वर चौराहे पर 10 से अधिक महिलाओं की टोली पहुंच गई। इन्होंने यहां दीप भी जलाए। पुलिस ने इन सभी को पकड़ लिया। इनके अलावा राष्ट्रीय गो रक्षा वाहिनी के झांसी से आए प्रशांत सिंह व अखिल भारत हिन्दू महासभा जिलाध्यक्ष संदीप शर्मा को हिरासत में लिया। गोवर्धन में धीरज कौशिक, सौरभ लंबरदार, नीटू ठाकुर, सीताराम, श्रेयस को हिरासत में लिया।

विज्ञापन

अखिल भारत हिन्दू महासभा ने किया यमुना पूजन
अखिल भारत हिन्दू महासभा ने विश्राम घाट पर यमुना पूजन कर शहीद कारसेवकों की आत्मा की शांति के लिए पिंडदान किया। इस मौके पर श्री कृष्ण जन्मभूमि के लिए शिला पूजन कर शिला संग्रह अभियान का शुभारंभ किया। अखिल भारत हिन्दू महासभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष राजश्री चौधरी, राष्ट्रीय युवा प्रभारी विक्रम वैश्य, जिला प्रभारी राजवीर दीक्षित, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष मुकेश कुमार सहित अन्य ने विश्राम घाट पर यमुना पूजन किया।

इन लोगों को नजरबंद किया
जमुनापार पुलिस ने अखिल भारत हिंदू महासभा के प्रदेश अध्यक्ष ऋषि त्रिवेदी, उपाध्यक्ष संजय हरियाणा, प्रवक्ता रजत शर्मा, चंद्रमोहन शुक्ला, धर्मेंद्र पांडेय, सुनील कुमार सिंह, प्रमोद त्रिवेदी, महादेव बाबा, सोहन लाल शर्मा, हनुदास, प्रभुधानंद सहित अन्य लोगों को घर में ही नजरबंद किया।

विज्ञापन

ईदगाह की रही कड़ी सुरक्षा
ईदगाह की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। किसी भी व्यक्ति चाहे वह किसी भी धर्म, संप्रदाय का रहा हो, उसे बिना चेकिंग व पूछताछ के अंदर नहीं जाने दिया। सुबह बेवजह घूम रहे कुछ लोगों को सुरक्षा जवानों ने कड़ी हिदायत देकर ईदगाह परिसर से दूर किया।

आईजी ने किया निरीक्षण
आईजी आगरा रेंज दीपक कुमार ने बुधवार को मथुरा में ही डेरा डाला। उन्होंने श्रीकृष्ण जन्मभूमि सहित कई इलाकों का दौरा किया। इसके बाद वृंदावन पहुंचे। वहां भी उन्होंने एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय सहित अन्य अधिकारियों के साथ पैदल मार्च किया। आईजी ने दिनभर की हलचल की समीक्षा भी की। कानून व्यवस्था व शांति बनी रहने पर पुलिस व प्रशासन की टीम की पीठ थपथपाई। आईजी ने कहा कि पुलिस और प्रशासन की टीम ने अपनी ड्यूटी का ईमानदारी के साथ निर्वहन करते हुए शांति व कानून व्यवस्था बनाए रखी। इसके लिए एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय बधाई के पात्र हैं।

संगठनों का एलान, जनता हुई परेशान
विभिन्न संगठनों व नेताओं की ओर से श्रीकृष्ण जन्मभूमि-ईदगाह विवाद को तूल देने के उद्देश्य से गृभगृह में दीपदान और जलाभिषेका एलान किया था। इसको देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने रूट डायवर्जन लागू कर दिया। जन्मभूमि की ओर जाने वाले विभिन्न मार्गों पर वाहनों का आवागमन बंद कर दिया। इसके चलते बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहन जन्मभूमि के पार्किंग स्थलों तक नहीं पहुंच सके। इसके चलते श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।

पुलिस-प्रशासन की सतर्कता और लोगो के सहयोग के कारण शांति व कानून व्यवस्था कायम रही। कुछ लोगों ने जन्मभूमि में जाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने सफल नहीं होने दिया। कई लोगों को नजरबंद और हिरासत में लिया गया, उन्हें देर शाम छोड़ दिया। - शैलेश कुमार पांडेय, एसएसपी

प्रशासन व पुलिस की मुस्तैदी और जनता के सहयोग से शांति व कानून व्यवस्था कायम रही। लोगों से अपील है कि वह किसी के भी बहकावे में न आएं। अफवाहों से दूर रहें। - शैलेंद्र कुमार सिंह, डीएम

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed