पुलिस ही कराती रही तेल चोरीः चौकी इंचार्ज लाइन हाजिर, थानाध्यक्ष सहित कई संदिग्ध, टैंकर, डीजल, खाली ड्रम बरामद
आगरा में इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के टैंकर से तेल चोरी करने का मामला सामने आया। जांच में पता चला कि चौकी इंचार्ज ही चोरी करा रहे थे। पुलिस आयुक्त ने उन्हें लाइन हाजिर कर दिया। थानाध्यक्ष सहित कई लोग संदिग्ध हैं। जांच अभी चल रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में पुलिस की मिलीभगत से तेल चोरी का खेल चल रहा था। मामले में पुलिस आयुक्त ने जांच कराई तो यह बात सही मिली। इससे मंगलवार को चौकी प्रभारी छलेसर राकेश चौहान को लाइन हाजिर कर दिया गया। थाना प्रभारी से लेकर अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी जांच कराई जा रही है।
मामला एत्मादपुर थाना क्षेत्र की छलेसर चौकी क्षेत्र का है। यहां बेस्ट प्राइज के पीछे गोदाम में इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी) के टैंकर से तेल चोरी की शिकायत पुलिस आयुक्त को मिली। इस पर 9 फरवरी को एसीपी कोतवाली सुकन्या शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापा मारा। इस दौरान 13 लोग पकड़े गए। एक टैंकर, 30 लीटर डीजल, आठ बाइक, 20 खाली ड्रम, पाइप और नापने वाला लीटर बरामद हुए।
निलंबन की भी की जाएगी कार्रवाई-सीपी
मामले में छलेसर चौकी पुलिस की संलिप्तता की जानकारी मिली। इस पर गोपनीय रूप से जांच की गई। पुलिस आयुक्त डॉ प्रीतिंदर सिंह ने बताया कि जांच में पुलिसकर्मियों की संलितप्ता की पुष्टि हुई है। चौकी प्रभारी राकेश चौहान को लाइन हाजिर किया गया है। अभी जांच पूरी नहीं हुई है। उनके खिलाफ रिपोर्ट मिलने पर निलंबन की भी कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी की भी जांच जारी
पुलिस आयुक्त ने बताया कि थाना प्रभारी निरीक्षक सर्वेश कुमार से लेकर अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच कराई जा रही है। जांच डीसीपी पश्चिमी जोन सोनम कुमार को सौंपी गई है। उनसे जल्द रिपोर्ट देने के लिए कहा गया है। चौकी प्रभारी पर लगे आरोप की प्राथमिक जांच में पुष्टि हुई है। उनके खिलाफ निलंबन की भी कार्रवाई हो सकती है।