आगरा: पड़ोसी ने की थी लोहा व्यापारी के घर चोरी, 27 लाख में से 1.45 लाख ही बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
एत्मादपुर कस्बे में पड़ोसी ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर लोहा व्यापारी के घर से नकदी और जेवर चुराए थे। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा के एत्मादपुर कस्बा की नई बस्ती में लोहा व्यापारी रामनरेश त्यागी के घर चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया। पड़ोसी ने अपने तीन साथियों के साथ वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने पड़ोसी सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। हालांकि चोरी गए 27 लाख रुपये में से 1.45 लाख रुपये ही बरामद किए गए। कुछ जेवरात भी मिले हैं। पुलिस का कहना है कि दो आरोपी फरार हैं। उनके पास बाकी माल और रुपये हैं।
खंदौली रोड स्थित नई बस्ती निवासी लोहा व्यापारी रामनरेश त्यागी 25 मार्च को परिवार सहित गांव पूजा कराने गए थे। रात में उनके घर में चोरी हो गई। पीड़ित के मुताबिक, घर से चोर 27 लाख रुपये और लाखों के जेवर चोरी करके ले गए थे, जिसकी रिपोर्ट 26 मार्च को दर्ज की गई।
चोरों की तलाश में लगी थी पुलिस टीम
पुलिस टीम चोरों की तलाश में लगी थी। गुरुवार की सुबह मुखबिर की सूचना पर खंदौली रोड पर रेलवे पुल के पास दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें नवल किशोर उर्फ पुच्ची निवासी नई बस्ती और सोनू निवासी नहरकोठी, एत्मादपुर हैं।
एसपी ग्रामीण सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि नवल किशोर का घर रामनरेश त्यागी के घर के सामने ही है। उसे पता था कि परिवार घर पर ताला लगाकर जाने वाला है। उसने अपने साथी सोनू, बुढ़िया का ताल निवासी नीरज राणा, राजेंद्र उर्फ घेंटा के साथ मिलकर चोरी की। नवल किशोर घर के बाहर खड़ा था। वह नजर रख रहा था। उसके तीन साथी घर के अंदर गए थे।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से 1.45 लाख रुपये और जेवरात बरामद किए गए हैं। नवल किशोर और सोनू को एक-एक लाख रुपये और कुछ जेवरात मिले थे, जिसमें से 55 हजार रुपये की खरीदारी कर ली है। बाकी चोरी का माल आरोपी नीरज और राजेंद्र ले गए थे।
आरोपी सोनू पर पूर्व में दर्ज हैं मुकदमे
थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी सोनू पर थाना एत्मादपुर में वर्ष 2016 में आबकारी अधिनियम, इसके अलावा चोरी समेत अन्य दो मुकदमे भी दर्ज हैं।