आगरा: गैंगस्टरों की 18.36 लाख रुपये की संपत्ति जब्त, अछनेरा के महुअर में पुलिस ने की कार्रवाई
आगरा के जिलाधिकारी के निर्देश पर पुलिस ने सोमवार दोपहर को थाना अछनेरा के गांव मुहअर में शराब माफिया के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। पुलिस टीम ने शराब माफिया की करीब 18.36 लाख संपत्ति की कुर्की की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा में पुलिस ने सोमवार को अछनेरा के महुअर में दो गैंगस्टर के आरोपी सहदेव और अनुज की 18.36 लाख रुपये की संपत्ति को कुर्क करने की कार्रवाई की। उनके घरों पर नोटिस और बैनर चस्पा करा दिया गया, जिससे उनकी खरीद और बिक्री नहीं हो सके। ढोल पिटवाकर मुनादी भी कराई गई। जब्तीकरण की कार्रवाई देखकर लोगों की भीड़ भी लग गई।
एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि गैंगस्टर और माफियाओं के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत अवैध शराब की बिक्री करने वाले अछनेरा के महुअर निवासी सहदेव और अनुज को चिह्नित किया गया था। उनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में मुकदमा दर्ज था। उनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की धारा 14 (1) के तहत कार्रवाई की गई। उनकी संपत्ति को चिह्नित किया गया। इसकी रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी गई थी। उनके आदेश के बाद संपत्ति जब्तीकरण किया गया।
सोमवार को क्षेत्राधिकारी अछनेरा राजीव सिरोही के नेतृत्व में टीम पहुंची। इस दौरान पुलिस बल की मौजूदगी रही। पुलिस को देखकर ग्रामीण भी जुट गए। कार्रवाई के दौरान ढोल नगाड़े भी पुलिस लेकर गई थी। तहसील और थाना पुलिस की टीम भी मौजूद रही। पुलिस ने आरोपियों की अचल संपत्ति को ताला बंदी करके सील लगाई। कुर्क की गई संपत्ति में सहदेव की 124 वर्ग मीटर में बना भवन (कीमत 1364988 रुपये) और अनुज की 96.751 वर्ग मीटर में बना भवन (कीमत 471914 रुपये) हैं। अनुज ने अपने घर का नवीनीकरण भी कराया था।
यह था मामला
23 जुलाई 2021 को तत्कालीन क्षेत्राधिकारी महेश कुमार ने हर्ष ढाबा पर नकली शराब फैक्टरी को पकड़ा था। पुलिस ने ढाबा संचालक सहदेव सहित छह पर कार्रवाई की थी। बाद में गैंगस्टर भी लगा दिया गया।
अवैध कार्य करने वालों पर होती रहेगी कार्रवाई
सीओ राजीव सिरोही ने लोगों से कहा कि आरोपी को शराब माफिया के रूप में चिह्नित किया गया है। वह जेल में निरुद्ध है। उसके खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की गई थी। इसी के तहत संपत्ति का जब्तीकरण किया गया। इस संपत्ति को न कोई बेच सकता है और न ही कोई खरीद सकता है। बैनर के साथ छेड़छाड़ नहीं की जाएगी। यह अपराधियों के लिए सबक है। जो कोई अवैध धंधा कर जनता का शोषण करेगा, उसके खिलाफ ऐसी कार्रवाई होगी।