Agra Crime: घर में बुजुर्ग फल विक्रेता की हत्या, कमरे में लहूलुहान हालत में मिली लाश
आगरा के थाना छत्ता क्षेत्र में बुजुर्ग की हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी सुबह उस समय हुई जब देर तक वे कमरे से नहीं निकले। मकान मालिक को शक हुआ तो वे कमरे में पहुंचे, जहां बुजुर्ग का शव देख उनके होश उड़ गए। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद मामले की छानबीन शुरू कर दी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अशोक जैन मूलरूप से फिरोजाबाद के थाना फरिहा क्षेत्र के रहने वाले थे। अविवाहित थे। वह पटेल नगर में फातिमा के घर में छह साल से किराये पर रह रहे थे। मकान मालिक और किरायेदार के कमरों के गेट अलग-अलग हैं। इस कारण दोनों के यहां आने वालों के बारे में पता नहीं चल पाता था। अशोक गधा पाड़ा में फलों की ठेल लगाते थे।
अशोक के भाई प्रकाश चंद जैन ट्रांस यमुना कालोनी में रहते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि सुबह तकरीबन 9:30 बजे मोहल्ले के व्यक्ति ने फोन करके बताया कि अशोक के साथ कोई घटना हो गई है। इस पर वो पहुंच गए। सूचना पर पुलिस भी आ गई। अशोक फर्श पर औंधे मुंह पड़े हुए थे। फर्श पर खून था। उनके सिर में भारी वस्तु से प्रहार करके हत्या की गई थी। पुलिस ने डाग स्क्वैड की मदद से जांच कराई।
शक के घेरे में खाना बनाने वाली महिला और उसका पति
पुलिस ने पड़ोस में रहने वाले लोगों से पूछताछ की। उन्होंने बताया कि अशोक जैन अकेले रहते थे। मगर, 10-12 दिन से एक महिला का उनके घर में आना जाना था। अशोक ने बताया था कि महिला का पति जेल में है। महिला परेशान थी। उसका एक बच्चा भी है। इसलिए उन्होंने खाना बनाने के लिए महिला को रखा था। वह सुबह नौ बजे आती थी। रात को आठ बजे जाती थी। हाल ही में पति भी जेल से जमानत पर छूटा था। सोमवार को महिला नहीं देखी गई। अब पुलिस के शक के घर में महिला और उसका पति है।
पांच हजार को लेकर हुआ विवाद
लोगों ने पुलिस को बताया कि अशोक जैन से महिला पांच हजार रुपये मांग रही थी। मगर, अशोक ने रुपये देने से मना कर दिया था। रविवार को रुपये को लेकर विवाद भी हुआ था। लोगों ने दोनों को बात करते हुए भी सुना था। एक संदिग्ध व्यक्ति को घर में आते हुए देखा था। अब पुलिस महिला और उसके पति की तलाश में लगी है। वह कहां की रहने वाली थी? यह फिलहाल पता नहीं चल सका है।
सुबह की गई थी हत्या
थाना छत्ता का प्रभार देख रहे एसआई योगेश कुमार ने बताया कि पटेल नगर घनी आबादी क्षेत्र है। अशोक जैन को सुबह छह बजे लोगों ने घर के बाहर देखा था। उन्होंने पटिया पर बैठकर मंजन किया था। इसके बाद दूध लेकर आए थे। उन्होंने चाय भी बनाई थी। सुबह नौ बजे कोई उनके घर पर आया था। अक्सर कुछ लोग मिलने आते थे, इसलिए किसी ने ध्यान नहीं दिया। मामले में मृतक के भाई प्रकाश चंद जैन की तहरीर पर राजू नामक व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। नामजद आरोपी की धरपकड़ के प्रयास किए जा रहे हैं।