आगरा: 25 जून तक हर हाल में भरवाएं सड़कों के गड्ढे, बारिश को देखते हुए नगर निगम ने दिए निर्देश
बारिश में सड़कों की दुर्दशा देख चुके नगर निगम ने तय किया है कि 15 जून के बाद किसी भी विभाग, कंपनी को सड़कों की खोदाई की अनुमति नहीं दी जाएगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा में शुक्रवार को नगर निगम में मेयर नवीन जैन ने जलनिगम, ग्रीन गैस, टोरंट पावर, पीडब्ल्यूडी, एडीए, स्मार्ट सिटी और टेलीकॉम कंपनियों के साथ बैठक कर सड़कों पर गड्ढे खोद कर छोड़ देने के लिए फटकार लगाई और उन्हें चेतावनी दी कि जो गड्ढे इन कंपनियों और विभागों ने खोदकर छोड़ दिए हैं, वह 25 जून तक हर हाल में भरवा दें। बारिश में इन गड्ढों में जलभराव होने पर दुर्घटना हुई तो विभागों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगे।
नगर निगम कार्यकारिणी कक्ष में हुई बैठक में मेयर नवीन जैन ने सभी विभागों से कहा कि नगर निगम से एनओसी लेकर सड़कों और गलियों की खोदाई की जा रही है, पर बीच में ही काम छोड़कर चले जाते हैं। महीनों तक काम रुका रहता है। मानसून से पहले काम पूरे करें या फिर अधूरे काम को ही मिट्टी भरकर बंद करें। कार्यशैली बदलिए और जिम्मेदारी से काम करें। 15 जून के बाद नगर निगम किसी को भी खोदाई की अनुमति जारी नहीं करेगा। पुरानी अनुमति वाले काम 25 जून तक हर हाल में पूरा कर लें।
नगर निगम की जमीन न घेरे टोरंट पावर
मेयर नवीन जैन के निशाने पर टोरंट पावर रही। बैठक में मेयर ने कहा कि शॉपिंग कांप्लेक्स, मॉल, बड़े भवनों में अलग से ट्रांसफार्मर लगाने के लिए टोरंट पावर नगर निगम की जमीन का अतिक्रमण कर रहा है। यह ठीक नहीं। टोरंट पावर इन ट्रांसफार्मरों को भू स्वामी की जमीन पर शिफ्ट करे, अन्यथा टोरंट पावर से किराया वसूला जाएगा या विभाग को दोषी मानते हुए कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नगरायुक्त निखिल टी फुंडे ने कहा कि निगम की नालियों से टोरंट की लाइनें निकल रही हैं। इसे भूमिगत करें। जलभराव के निदान में यही केबिलें अवरोध बन रही हैं।इससे लाइन में फॉल्ट, सफाई कर्मचारियों को करंट का खतरा है।
जैसी खोदी, वैसी बनाएं सड़क
मेयर ने खोदाई करने वाली कंपनियों, विभागों से कहा कि नगर निगम जितनी खोदाई की अनुमति देता है, केवल उतनी खोदाई की जाए। जिस मानक और गुणवत्ता की सड़क या इंटरलॉकिंग खोदी जा रही है, वैसी गुणवत्ता की सड़क बनाकर देनी होगी। मानक के उलट केवल खानापूर्ति करने पर निर्माण का खर्च नगर निगम वसूलेगा और भविष्य में कोई एनओसी जारी नहीं की जाएगी।
नगर आयुक्त निखिल टी फुंडे ने कहा कि नगर निगम की जमीन पर किसी भी तरह का काम करने के लिए एनओसी लेनी ही होगी। सड़क मरम्मत की जांच नगर निगम की टीम करेगी, उसके बाद ही बैंक गारंटी रिलीज की जाएगी।
गुंडों से न कराएं काम, अभद्रता कतई न हो
बैठक में मेयर ने हिदायत दी कि खोदाई करने पर स्थानीय लोगों से अभद्रता न हो। गुंडों से काम न कराया जाए। चरित्र प्रमाणपत्र लेकर काम कराएं। अगर कोई अनुमति मांगे तो उसे अनुमति पत्र दिखाएं पर किसी से बदसलूकी न करें। बैठक में जलनिगम से उमेश कुमार, बीएसएनएल से डीजीएम एके मिश्र, नेशनल हाइवे से पंकज दुबे, एडीए अधिशासी अभियंता एके कुलश्रेष्ठ, ग्रीन गैस से विवेक, राजीव त्रिपाठी, गेल डीजीएम एसएस भटनागर, विश्व बैंक इकाई से महेश गौतम, मेट्रो से बीके जैन, स्मार्ट सिटी से आरके सिंह मौजूद रहे।