मथुरा: बरसाना के लाडली जी मंदिर में माया देवी को मिला सेवा पूजा का चार्ज, विवाद पर लगा विराम
बरसाना के लाडली जी मंदिर में अक्षयराम थोक की छह माह की सेवा को लेकर कई दिनों से विवाद चल रहा था। बुधवार को इस विवाद पर विराम लग गया। कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने माया देवी को मंदिर में सेवा का चार्ज दिला दिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मथुरा के बरसाना के विश्व प्रसिद्ध लाडली जी मंदिर में अक्षयराम थोक की छह माह की सेवा को लेकर खड़ा हुआ विवाद फिलहाल सिविल कोर्ट के हस्तक्षेप से थम गया है। पुलिस ने सिविल कोर्ट के आदेश का पालन कराते हुए माया देवी को सेवा पूजा का चार्ज दिलवा दिया। सेवा पूजा को लेकर रासबिहारी गोस्वामी एवं माया देवी में विवाद चल रहा था।
6 मई को सिविल जज जूनियर डिविजन छाता द्वारा माया देवी के पक्ष में आदेश पारित किया गया था। 7 मई को आदेश के अनुपालन के लिए एसडीएम गोवर्धन ने भी आदेश जारी कर दिया, उसके बावजूद भी रासबिहारी गोस्वामी ने माया देवी को सेवा पूजा का चार्ज नहीं सौंपा। इस दौरान दो बार तहसीलदार गोवर्धन व थाना प्रभारी बरसाना ने प्रयास किए लेकिन माया देवी को सेवा का चार्ज नहीं दिला सके।
10 मई को बैरंग लौट गई थी पुलिस
10 मई को सिविल जज जूनियर डिवीजन छाता ने बरसाना थाना प्रभारी निरीक्षक व एसएसपी को निर्देशित करते हुए कोर्ट के आदेश का अनुपालन कराने को कहा। इसके चलते बुधवार को थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश मलिक पुलिस बल के साथ राधारानी मंदिर पहुंचे। रासबिहारी गोस्वामी ने सेवा देने से मना कर दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ वापस लौट आए।
थाना परिसर में माया देवी व उसके परिजनों ने सेवा न मिलने पर हंगामा किया। इसके बाद एसएसपी के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक दुबारा मंदिर पहुंचे। मंदिर सेवायतों ने गेट नहीं खोले। इसके बाद रसोई के गेट से मंदिर के अंदर घुसे। इस दौरान माया देवी भी उनके साथ थीं। बाद में माया देवी को सेवा का चार्ज दिलवाया। माया देवी पक्ष से सेवा पूजा का चार्ज सेवायत चंदर गोस्वामी व हेमंत गोस्वामी ने लिया।
पुलिसकर्मी राधारानी के शयन कक्ष में घुसे, रोष
राधारानी मंदिर में सेवा पूजा का चार्ज दिलाने के दौरान पुलिसकर्मी राधारानी के शयन कक्ष में घुस गए। इसे लेकर गोस्वामी समाज में रोष व्याप्त है। सेवायतों का कहना है कि एसएसपी से इसकी शिकायत करेंगे।
बरसाना पुलिस ने अधिवक्ता से की अभद्रता
सेवा पूजा विवाद के दौरान सेवायत बने अधिवक्ता ललित गोस्वामी से भी बरसाना पुलिस ने अभद्रता की। ललित ने कहा कि बरसाना पुलिस ने उसके साथ धक्कामुक्की की है, जबकि वह सिर्फ रासबिहारी गोस्वामी का पक्ष रख रहे थे लेकिन उसके बावजूद बरसाना थाना प्रभारी ने उनके साथ अभद्रता की।
आधा घंटा देरी से खुला मंदिर
सेवा पूजा के विवाद के चलते बुधवार शाम राधारानी मंदिर आधा घंटा देरी से खुला। मंदिर रिसीवर संजय गोस्वामी ने बताया कि सेवा पूजा को लेकर रासबिहारी व माया देवी में विवाद चल रहा था। इसके चलते सिविल कोर्ट छाता के आदेश पर बुधवार को माया देवी ने सेवा पूजा का चार्ज संभाला। इस कारण राधारानी मंदिर आधा घंटा देरी से खुला।सेवायत माया देवी ने कहा कि 27 अप्रैल से रासबिहारी गोस्वामी व कुछ लोग जबरन उसकी सेवा पूजा पर कब्जा करे हुए थे। इसे लेकर सिविल जज जूनियर डिवीजन छाता द्वारा उनके हक में 6 मई को ही आदेश पारित कर दिया था लेकिन सत्ता की हनक में रासबिहारी गोस्वामी सेवा देने को तैयार नहीं थे।
सेवायत रासबिहारी गोस्वामी ने कहा कि हक को लेकर लड़ाई जारी रहेगी। हम कोर्ट के आदेश का सम्मान करते हैं लेकिन कुछ असामाजिक तत्वों ने पुलिस की आड़ में हमारे सेवायतों से बदतमीजी की है। इसका भी संज्ञान लिया जाना चाहिए।