भोगांव। थाना क्षेत्र के छाछा-आलीपुर खेड़ा मार्ग पर बृहस्पतिवार दोपहर ट्रैक्टर ने बाइक सवार परिवार को चपेट में ले लिया। हादसे में एटा की किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई। किशोरी का भाई, मामी और मामा घायल अवस्था में उपचाराधीन हैं। ट्रैक्टर छोड़कर फरार हुए चालक की पुलिस तलाश कर रही है।
14 वर्षीय शिखा पुत्री रवि निवासी गांव कुंवरपुर, निधौलीकलां, एटा की ननिहाल जसरथपुर भोगांव में है। शिखा यहां गर्मियों की छुट्टी में अपने भाई शिवम के साथ आई थी। बृहस्पतिवार को संजीव कुमार अपनी पत्नी सुमन, भांजी शिखा, भांजे शिवम के साथ एक बाइक पर सवार होकर बैंक जा रहे थे। भोगांव थाना क्षेत्र में छाछा-आलीपुर खेड़ा मार्ग पर कोल्ड स्टोर के पास ट्रैक्टर ने बाइक सवारों को चपेट में ले लिया। हादसे में 14 वर्षीय शिखा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उसका भाई शिवम और मामी सुमन गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक चला रहे संजीव भी चोटिल हो गए। हादसा देख लोगों की भीड़ जुट गई। ट्रैक्टर चालक मौके से भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। किशोरी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मौके से ट्रैक्टर को कब्जे में लिया गया। चालक की तलाश शुरू कर दी है।