UP: नर्स की हत्या कर लाश को यमुना किनारे दफनाया, पांच माह बाद मिला कंकाल; प्रेमी की खौफनाक साजिश का खुलासा
पांच महीने पहले लापता हुई नर्स का कंकाल यमुना किनारे मिला है। उसकी हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि प्रेमी ने ही की थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा के कमला नगर से लापता नर्स पिंकी उर्फ प्रेमलता (40) की उसके प्रेमी ने हत्या करके शव को यमुना के खादर में दफना दिया। नर्स के परिजन पांच माह तक आरोपी शेर सिंह उर्फ रोहित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने को पुलिस अधिकारियों के चक्कर काटते रहे। मगर, पुलिस ने सुनवाई नहीं की। सात जुलाई को पुलिस कमिश्नर के निर्देश के बाद पुलिस ने सोनीपत से प्रेमी को गिरफ्तार करके उसकी निशानदेही पर कंकाल बरामद किया है।
ये भी पढ़ें - तांत्रिक की दरिंदगी: तंत्र क्रिया के नाम पर महिला को ले गया मरघट, जबरन बनाए संबंध, वहीं पर खड़ी थी एक और औरत
चार फरवरी 2023 को हुई थी लापता
लोहिया नगर, बल्केश्वर निवासी पिंकी उर्फ प्रेमलता यमुनापार के प्रिया हास्पिटल में नर्स थी। मृतका के भाई अतुल कुमार ने बताया कि घर में बहन की ननद के बेटे की शादी थी। चार फरवरी 2023 को पिंकी बाजार से खरीदारी करने को घर से निकली थीं। इसके बाद वह घर वापस नहीं आई। परिजनों की ओर से थाना कमला नगर में पांच फरवरी को गुमशुदगी दर्ज कराने को तहरीर दी थी। मगर, पुलिस ने लापरवाही बरतते हुए न तो मुकदमा दर्ज किया और न पिंकी की तलाश के प्रयास किए। परिजनों की अपनी छानबीन में पता चला कि नर्सिंग होम में काम करने वाले सफाई कर्मी शेर सिंह के साथ पिंकी की मित्रता थी। आखिरी बार उसको उसी के साथ जाते हुए देखा गया था। उन्होंने शेर सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने को नामजद तहरीर दी।
ये भी पढ़ें - बदमाशों का खौफ: दो बेटियों संग घर में कैद हुई जलकल विभाग की महिला कर्मचारी, ऑफिस से भी ली छुट्टी
पुलिस ने दर्ज नहीं किया मुकदमा
पुलिस ने पांच माह तक मुकदमा दर्ज नहीं किया। इधर, घटना के बाद शेर सिंह आगरा छोड़कर सोनीपत जाकर रहने लगा। पुलिस के रवैये से परेशान परिवार वालों ने अदालत का दरवाजा खटखटाया। सीजेएम कोर्ट से आदेश पर पुलिस ने शेर सिंह के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज किया। सात जुलाई को परिजन ने पुलिस कमिश्नर डॉ. प्रीतिंदर सिंह से मुलाकात कर महिला की तलाश करने की मांग की थी। इसके बाद पुलिस ने परिजन के साथ मिलकर शेर सिंह को सोनीपत से पकड़ा। पूछताछ में उसने पिंकी की हत्या कर शव को यमुना के खादर में दफनाना स्वीकारा। पुलिस ने शेर सिंह की निशानदेही पर कंकाल को बरामद किया। हत्या के पीछे क्या मकसद रहा, इसके संबंध में पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
ये भी पढ़ें - UP: रास्ते में जा रही किशोरी से की शर्मनाक हरकत, घर जाकर आरोपी ने खुद लगाई फांसी; इस बात का था डर
कंकाल का होगा डीएनए परीक्षण
आरोपी शेर सिंह की निशानदेही पर मिले कंकाल की पुख्ता पुष्टि के लिए उसका डीएनए परीक्षण कराएगी। इस संबंध में विधिक कार्यवाही भी पुलिस की ओर से जल्द शुरू की जाएगी। दरअसल, शव की पिंकी के तौर पर पुख्ता शिनाख्त के संबंध में अभी तक पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। इसके चलते डीएनए परीक्षण कराया जाएगा। इसी के साथ शेर सिंह पर दर्ज अपहरण के मुकदमे में हत्या की धारा को भी तरमीम किया जाएगा।