Lawyers protest in Mainpuri: अधिवक्ता से मारपीट को लेकर पुलिस के खिलाफ गुस्सा, दूसरे दिन भी वकीलों ने नहीं किया काम
अधिवक्ता के साथ पुलिसकर्मियों द्वारा मारपीट के मामले में साथी वकीलों में गुस्सां हैं। मामले में अभी तक कोई कार्रवाई न होने को लेकर आज दूसरे दिन भी अधिवक्ताओं ने कार्य बहिष्कार किया।
विस्तार
मैनपुरी की दीवानी के वकील चमन के साथ पुलिस कर्मियों द्वारा की गई मारपीट के विरोध में दीवानी के वकीलों का दूसरे दिन बृहस्पतिवार को भी कार्य बहिष्कार जारी रहा। वकीलों का एक प्रतिनिधि मंडल एसपी से मिला। एसपी द्वारा कठोर कार्रवाई के आश्वासन पर वकीलों ने कार्य बहिष्कार वापस लेने का निर्णय लिया है।
यहां की है घटना
दीवानी के वकील चमन के साथ 22 मई को नुमाइश परिसर में पुलिस कर्मियों द्वारा की गई मारपीट के विरोध में दीवानी के वकीलों ने दूसरे दिन भी कार्य बहिष्कार किया। बृहस्पतिवार को वकीलों का प्रतिनिधि मंडल अध्यक्ष सौरभ यादव और सचिव संतोष कुमार यादव राजू के नेतृत्व में एसपी से मिला। एसपी ने प्रतिनिधि मंडल को आश्वासन दिया कि लाइन हाजिर किए गए पुलिस कर्मियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। पूरे मामले की जांच सीओ सिटी को सौंपी गई है।
एसपी से मिलने के बाद हुई बैठक
एसपी से मिलने के बाद वकीलों की बैठक दीवानी सभागार में हुई। एसपी के आश्वासन से संतुष्ट वकीलों ने कार्य बहिष्कार वापस लेने का निर्णय लिया। वकीलों ने 27 मई से दीवानी की अदालतों में नियमित रूप से काम करने का निर्णय लिया। बैठक में जगदीश शाक्य, एएच हाशमी उर्फ नदीम, शिवकुमार यादव, ब्रजेंद्र ङ्क्षसह यादव, आशुतोष पांडेय, वीरपाल सिंह राठौर, सुनील कुमार यादव, राहुल शाक्य, विनीत कुमार निगम, जीतू राजपूत मौजूद रहे।