कासगंज हादसा: पिता की मौत के बाद छिन गया मां का साया, बिलखते हुए बेटा बोला- पता होता तो नहीं जाने देता सत्संग में
पटियाली-कायमगंज मार्ग पर अशोकपुर गांव के पास मंगलवार सुबह बोलेरो और ऑटो की भीषण टक्कर में ऑटो सवार 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि बोलेरो सवार नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हादसे में अपनों को खोने वाले पोस्टमार्टम हाउस पर रोते बिलखते नजर आए।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में पटियाली के अशोकपुर के निकट बोलेरो एवं ऑटो की भिडंत में मृतक कुसुम लता का छोटा बेटा खबर मिलते ही बाइक से पोस्टमार्टम गृह पहुंचा। वहां परिजनों को बिलखते देख हिलकी भर फूट-फूटकर रोने लगा। उसकी जुबान से सिर्फ ये शब्द थे कि 'मुझे पता होता तो मां को भोले बाबा के सत्संग में जाने के लिए मना कर देता।' बताया गया कि रात में ही कुसुम लता की बात छोटे बेटे से फोन पर हुई थी।
2008 में हो चुकी है पिता की मौत
पटियाली घसिया चिरोली निवासी कुसुम लता के पति सेवाराम की मौत वर्ष 2008 में ट्रेन से कहीं जाते समय कासगंज जंक्शन रेलवे स्टेशन पर हृदयाघात हो जाने से हो गई। इसके बाद उसके बेटे रवि एवं बृजकिशोर दिल्ली में जाकर रहने लगे और वहीं पर काम करने लगे। कुसुम एक माह पहले दमाद गोविंद निवासी अलीगढ़ की मौत की पर वह अलीगढ़ चली आई। एक सप्ताह पहले ही वह अलीगढ़ से अपने गांव आयीं थीं। सोमवार को देर सांय उनके छोटे बेटे से फोन पर उनकी बात हुई। बातचीत में बेटे ने उनसे दिल्ली आने को कहा तो उन्होंने जल्दी ही आने की कह दिया था।
नहीं किया बस का इंतजार
इस बीच आसपास के लोगों के भोले बाबा के सत्संग के लिए जाने की जानकारी मिलने पर उन्होंने भी हां कह दिया और वह सुबह सभी के साथ ऑटो में बैठकर पटियाली चली आई, लेकिन इसकी जानकारी उसके बेटों को नहीं थी। हादसे में उनकी मौत हो जाने पर पुलिस ने फोन पर जैसे ही कुसुमलता की मौत की सूचना दी तो इस सूचना को सुनते ही वह सकते में आ गया। उसने कासगंज आने के लिए बस का भी इंतजार नहीं किया। अपने भतीजे को बाइक पर बिठाकर दिल्ली से कासगंज चला आया। उसने दिल्ली से कासगंज तक का सफर मात्र 4 घंटे में तय कर लिया। बृजकिशोर ने रोते हुए कहा कि यदि मां ने उसे सत्संग में जाने के बारे में कुछ नहीं बताया। यदि वह बता देती तो उनको जाने के लिए मना कर देता। पिता की पहले मौत हो गई और अब मां भी चली गई।