जम्मू-कश्मीर हादसा: चुनाव ड्यूटी में जा रहे बीएसएफ जवानों की बस खाई में गिरी, एटा का लाल हुआ शहीद
जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले में बीएसएफ जवानों से भरी बस अचानक से फिसलकर खाई में गिर गई। इस हादसे में तीन जवान शहीद हो गए, जिसमें एटा के रहने वाले सुखवासी लाल भी थे। जवान के शहीद होने की सूचना मिलते ही गांव में चीत्कार मच गया। पार्थिव शरीर गांव पहुंचा तो अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
विस्तार
थाना मलावन के गांव अयार निवासी रक्षपाल सिंह ने बताया कि छोटे भाई सुखवाशी लाल (50) वर्तमान में बीकानेर में तैनात थे। जम्मू-कश्मीर में चल रहे विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान 17 सितंबर को कराने के बाद दूसरे चरण के लिए सैन्य वाहन से जा रहे थे। शुक्रवार को रास्ते में वाहन अनियंत्रित होकर पहाड़ से नीचे खाई में जा गिरा। इसके चलते सुखवाशी लाल गंभीर रूप से घायल हो गए। जब तक राहत टीम पहुंची इनकी सांसें थम गईं।
बड़े भाई भी हैं बीएसएफ में जवान
रक्षपाल सिंह ने बताया कि हम पांच भाई हैं। जिनमें से सुखवाशी लाल तीसरे नंबर के थे। इनसे छोटे भाई की मौत हो चुकी है। सुखवाशी लाल से बड़े भाई अजयपाल भी बीएसएफ में जवान हैं। दोनों भाइयों की बचपन से ही सेना में नौकरी करने की चाह थी। इसी कारण 1999 में वह बीएसएफ में भर्ती हो गए थे।
सुखवाशी लाल के तीन बच्चे हैं, जिनके सिर से पिता का साया उठ गया। पत्नी पूनम ने बताया के उनके दो बेटे लकी, सागर और एक पुत्री मीनू है।