मथुरा: सिंचाई विभाग के कर्मचारी ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में एक व्यक्ति को ठहराया जिम्मेदार
सुसाइड नोट में लिखा है कि विमल वर्मा नाम के व्यक्ति ने सेना में नौकरी लगवाने के नाम पर मेरे द्वारा कई लोगों से लाखों रुपए लिए गए, लेकिन अभी तक नौकरी नहीं लगवाई गई है। आरोपी ने रकम भी वापस नहीं की है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मथुरा जिले के थाना बलदेव क्षेत्र में सिंचाई विभाग के एक कर्मचारी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मंगलवार की सुबह उसका शव खेत में पेड़ पर फंदे से लटका मिला। घटना से गांव में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मौके से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें एक व्यक्ति पर लाखों रुपए हड़पने का आरोप लगाया है।
थानाध्यक्ष बलदेव नरेंद्र यादव ने बताया कि इंदावली गांव निवासी 58 वर्षीय रामकिशन सिंचाई विभाग में अमीन थे। उन्होंने फांसी लगाकर अपने खेत पर आत्महत्या कर ली। मृतक ने एक सुसाइड नोट छोड़ा है, इसमें विमल वर्मा निवासी औरंगाबाद मथुरा पर आरोप लगाया है कि उसने सेना में नौकरी लगवाने के नाम पर लाखों रुपए हड़प लिए हैं। रुपए भी नहीं दे रहा है, ना नौकरी लगवाई है।
विमल वर्मा को ठहराया जिम्मेदार
रामकिशन ने विमल वर्मा को अपनी मौत के लिए दोषी ठहराया है। सुसाइड नोट में लिखा है कि विमल वर्मा ने नौकरी लगवाने के नाम पर मेरे द्वारा कई लोगों से रुपए लिए गए, लेकिन अभी तक नौकरी नहीं लगवाई गई है। उसने कई लोगों से करीब 40 से 45 लाख रुपये ठगे हैं। न तो किसी की नौकरी लगवाई और न रुपए वापस किए। इससे दुखी होकर मैं आत्महत्या कर रहा हूं।
रामकिशन की मौत के बाद उनके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के दो बेटे हैं। एक बेटा हंसराज बीएसएफ में है। दूसरा पवन कुमार उम्र 25 वर्ष पढ़ रहा है। घटना से परिजन स्तब्ध व दुखी हैं। भीम आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष सिकंदर बौद्ध ने मृतक के घर पहुंच कर शोकाकुल परिजनों को सांत्वना दी।
सिकंदर बौद्ध ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि सुसाइड नोट में लिखे व्यक्ति के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। अन्यथा भीम आर्मी धरना प्रदर्शन को बाध्य होगी। उधर, थानाध्यक्ष का कहना है कि पुलिस मामले में जुटी हुई है। आरोपी का पता लगाया जा रहा है। जांच के बाद सख्त कार्रवाई होगी।