आगरा: सराफा फर्म जीटी चेंस पर आयकर का छापा, नमक की मंडी में बंद रहीं दुकानें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आगरा में आयकर विभाग ने रविवार को नमक की मंडी में सराफा फर्म जीटी चेंस पर छापा मारा। चांदी की पायल, बुलियन और सराफा कारोबार करने वाली फर्म जीटी चेंस पर आयकर विभाग ने सुबह से कार्रवाई शुरू कर दी। फर्म के नमक की मंडी और ट्रांसयमुना कॉलोनी समेत कई परिसरों में एक साथ कार्रवाई शुरू की गई जो देर रात तक जारी रही। आयकर विभाग को इस कार्रवाई में बड़ी आयकर चोरी का खुलासा होने की उम्मीद है।
आयकर विभाग की इन्वेस्टिगेशन विंग की चार टीमों ने जीटी चेंस पर रविवार सुबह छापा मारा। फर्म संचालक रामकुमार गुप्ता और उनके पुत्र प्रशांत गुप्ता के खातों और आयकर रिटर्न को जांचने के बाद कार्रवाई की गई। आयकर की टीमें तीन महीने से कंपनी की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थीं।
यह गड़बड़ी मिली
आयकर विभाग के अधिकारियों के मुताबिक जो लेनदेन हुए, उसमें फर्म की बड़ी आय छिपाई जा रही है। फर्म का कारोबार केवल चांदी की पायलों तक सीमित नहीं है। कई सेगमेंट में कंपनी काम कर रही है। आगरा के बाहर से आने वाले बुलियन की जानकारी विभाग को स्टॉक बुक में नहीं मिली।
नमक की मंडी, जौहरी बाजार में बंद रहे प्रतिष्ठान
रविवार को सीजन का बड़ा सहालग था, लेकिन आयकर विभाग की सुबह हुई कार्रवाई के डर से सराफा कारोबारियों ने अपने प्रतिष्ठान ही नहीं खोले। नमक की मंडी, किनारी बाजार, जौहरी बाजार में सराफा मार्केट में बनी दुकानों के शटर का ताला नहीं खुला, जबकि रविवार को सहालग के कारण अच्छी बिक्री का अनुमान था।सुबह 11 बजे जो व्यापारी दुकानें खोलने पहुंचे तो छापे की जानकारी हुई। उसके बाद अपने प्रतिष्ठानों को खोले बिना ही चले आए। जिन कारोबारियों का जीटी चेंस से लेनदेन था, उन्होंने अपने सभी प्रतिष्ठानों पर ताले लगाए रखे।