{"_id":"69f434a8bfef6b53ab0b2052","slug":"illegal-tree-cutting-on-railway-land-dozens-chop-branches-escape-with-wood-in-agra-2026-05-01","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"UP: रेलवे भूमि पर दिनदहाड़े पेड़ों की कटान, मैक्स में भरकर ले गए लकड़ी; नानपुर मोड़ पर चली हरियाली पर आरी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
UP: रेलवे भूमि पर दिनदहाड़े पेड़ों की कटान, मैक्स में भरकर ले गए लकड़ी; नानपुर मोड़ पर चली हरियाली पर आरी
Fri, 01 May 2026 10:35 AM IST
Dhirendra Singh
अमर उजाला न्यूज नेटवर्क, आगरा
अमर उजाला न्यूज नेटवर्क, आगरा
Published by: Dhirendra Singh
Updated Fri, 01 May 2026 10:35 AM IST
सार
आगरा-बयाना रेलवे लाइन के पास बिना अनुमति यूकेलिप्टस के पेड़ों की कटान कर लकड़ी ले जाने का मामला सामने आया है। वन विभाग ने वीडियो के आधार पर जांच शुरू कर वाहन मालिक की पहचान करने की प्रक्रिया तेज कर दी है।
विज्ञापन
पेड़ों की कटान
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विस्तार
आगरा-बयाना रेलवे लाइन के किनारे बिना अनुमति पेड़ों की कटान का मामला सामने आया है। बुधवार दोपहर करीब एक दर्जन लोग यूकेलिप्टस के पेड़ों की डालियां काटकर लकड़ी ले गए। घटना कीठम-भांडई बाईपास रेलवे लाइन पर नानपुर मोड़ के पास उस स्थान की है, जहां दोनों रेल लाइनें एक-दूसरे को क्रॉस कर रही हैं।
विज्ञापन
Trending Videos
ब्लॉक बिचपुरी के गांव सहारा निवासी सुरेंद्र सोलंकी और बॉबी तथा बैमन गांव के सत्यवीर चाहर ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब दो बजे करीब 12 लोग मशीन की मदद से हरे पेड़ों की डालियां काट रहे थे। इसके बाद लकड़ी को मैक्स पिकअप वाहन में लादकर मौके से चले गए। बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर पेड़ों की कटान हुई, वह रेलवे विभाग की भूमि है और इसके लिए किसी प्रकार की अनुमति नहीं ली गई थी। बृहस्पतिवार को सूचना मिलने पर बाईंपुर रेंज के वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
विज्ञापन
विज्ञापन
बाईंपुर रेंज के वन क्षेत्राधिकारी कृपाशंकर ने बताया कि घटना का वीडियो संज्ञान में आया है, जिसमें एक वाहन में लकड़ी भरकर ले जाते हुए लोग दिखाई दे रहे हैं। रेलवे विभाग से जानकारी जुटाई जा रही है। वाहन का नंबर ट्रेस कर आरटीओ से विवरण निकलवाया जा रहा है, जिसके आधार पर वाहन स्वामी को नोटिस भेजा जाएगा। प्रथम दृष्टया छह पेड़ों की ऊपरी डालियां काटी गई हैं, पेड़ फिलहाल सुरक्षित हैं। आशंका है कि आगे उन्हें पूरी तरह काटने की तैयारी थी।