UP: दिन में हल्दी, शाम को मेहंदी और रात में दुल्हन के पिता की हत्या, प्रेमी ने इसलिए खेला खूनी खेल
एटा जिले में एक दुल्हन के पिता की उसके ही प्रेमी ने बेरहमी से गला काटकर हत्या कर दी। वारदात को बरात आने से एक दिन पहले अंजाम दिया गया। वारदात के बाद आरोपी प्रेमी फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।
विस्तार
शादी वाले घर में हर्षोल्लास व हंसी-खुशी का माहौल था। बुधवार को दिन में हल्दी की रस्म हुई। जबकि शाम को दुल्हन के साथ ही अन्य महिलाओं, लड़कियों ने भी मेहंदी रचाई थी, लेकिन इसी रात पिता की हत्या हो गई। जिससे सभी को यह मेहंदी चुभन का एहसास करा रही थी। परिजन के अनुसार प्रेमी ने साथ में शादी न करने पर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी। माया प्रकाश की हत्या कर इसे सच कर दिखाया।
मृतक की पत्नी शीला देवी ने बताया कि आकाश आए दिन हम लोगों को धमकी देता था। कहता था कि अगर अपनी बेटी की शादी मेरे साथ नहीं करोगे तो परिणाम अच्छा नहीं होगा। प्रेमिका को पाने के लिए मैं किसी भी हद से गुजर सकता हूं। बताया कि हमारी चार लड़कियां व एक सबसे छोटा लड़का सूरज है। दो लड़कियों की पहले शादी कर चुके हैं। यह तीसरे नंबर की लड़की है। जिसकी 12 जुलाई को शादी होनी थी। इसको लेकर घर में तैयारियां चल रहीं थीं। सब लोग बहुत खुश थे।
बेटी की शादी कासगंज में तय की गई थी। दूल्हा शुक्रवार को बरात लेकर आने वाला था, लेकिन इस हत्याकांड के बाद घर पर गम का माहौल है। सूरज ने बताया कि बहन की शादी को फिलहाल टाल दिया है। घर में सोच-विचार के बाद विवाह के लिए अगली तारीख तय की जाएगी।
पिछले 4 वर्ष से चल रहा था प्रेम संबंध
जानकारी के अनुसार युवती व आकाश के बीच पिछले 4 वर्षों से प्रेम संबंध चल रहा था। लड़की इस समय 12वीं की छात्रा है। इसको लेकर लड़की के घर वाले विरोध करते थे। लगभग 4 माह पूर्व आकाश व लड़की को घर वालों ने बातचीत करते देख लिया था। जिसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी और विवाद भी हुआ था। मामला पुलिस तक पहुंचने से पहले ही ग्राम प्रधान व अन्य लोगों ने पंचायत कर समझौता करा दिया था।