मैनपुरी: पेट्रोल-माचिस लेकर आत्मदाह करने थाने पहुंची युवती, पुलिस ने दर्ज नहीं की थी रिपोर्ट
युवक ने एक सैनिक पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया है। उसका कहना था कि पुलिस ने उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मैनपुरी जिले में शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने वाले सैनिक के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की तो सोमवार को युवती अपनी मां के साथ आत्मदाह के लिए किशनी थाने पहुंच गई। युवती के इरादों को भांपकर पुलिसकर्मियों से उसका बैग छीन लिया। बैग में एक बोतल में पेट्रोल और दो माचिस बरामद हुईं। आनन-फानन किशनी थाना पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की।
शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने वाले युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए एक युवती विगत कुछ दिनों से पुलिस थाने के चक्कर काट रही थी। इस दौरान उसने रिपोर्ट दर्ज न होने पर आत्मदाह करने की चेतावनी दी थी। सोमवार को वह अपनी मां के साथ थाने पहुंची। उसने रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कही तो पुलिस ने अनसुना कर दिया। इस पर युवती ने आत्मदाह करने की बात कही।
युवती ने अपना बैग उतारा। यह देखकर पुलिसकर्मियों से उसे पकड़ लिया। उसका बैग छीन लिया। प्रभारी निरीक्षक अजीत सिंह ने युवती और उसकी मां से बात की तो दोनों पुलिस की कार्यशैली को लेकर बिफर गईं। काफी देर तक गहमागहमी के बीच युवती बेहोश हो गई। महिला पुलिसकर्मियों ने उसे संभाला। आनन-फानन पुलिस ने आरोपी सैनिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
यह है मामला
किशनी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती के जीजा का तहेरा भाई सेना में है। वह कन्नौज के थाना सौंरिख क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला है। आरोप है कि जीजा के तहेरे भाई ने उसका नंबर लेकर फोन करना शुरू कर दिया। बातचीत के दौरान चार सितंबर को उसे मिलने के लिए गांव बुला लिया। इसके बाद वह उसे कुर्रा थाना क्षेत्र के एक गांव में अपनी रिश्तेदारी में ले गया।
यहां उसके समक्ष शादी का प्रस्ताव रखा और शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। अगले दिन उसे कोर्ट मैरिज करने की बात कहकर किशनी क्षेत्र में गांव के पास छोड़कर चला गया। अब वह युवती से शादी करने से मना कर रहा है। किशनी थाने में रिपोर्ट दर्ज न होने पर युवती ने एसपी से गुहार लगाई थी। एसपी ने भी मामले में रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए हैं।
थाना किशनी के प्रभारी निरीक्षक अजीत सिंह ने बताया कि युवती किशनी थाना क्षेत्र की रहने वाली है। हालांकि घटनास्थल कुर्रा थाना क्षेत्र का है। युवती से कुर्रा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कहा गया, लेकिन वह वहां जाने के लिए तैयार नहीं है। युवती की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करके कुर्रा थाने के लिए ट्रांसफर की जा रही है।